बिहार में मौसम का ऑरेंज अलर्ट: पटना से औरंगाबाद, समस्तीपुर तक आज शाम भारी बारिश, आंधी-बिजली की चेतावनी
बिहार के पटना, गयाजी, औरंगाबाद, समस्तीपुर समेत 13 जिलों के 85 प्रखंडों में आज शाम (मंगलवार, 21 जुलाई) को मौसम का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज बारिश और आंधी के साथ कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
Bihar Weather Alert: बिहार में मॉनसून के फिर से सक्रिय होने के बाद झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने आज यानी मंगलवार 21 जुलाई की देर शाम तक पटना समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश के आसार जताए हैं। मौसम विभाग ने 13 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पटना से औरंगाबाद और समस्तीपुर तक मौसम रात तक खराब रहने की आशंका है।
मौसम विज्ञान केंद्र के तात्कालिक पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार देर शाम तक 13 जिलों के 85 प्रखंडों में मौसम खराब रहने की आशंका है। पटना के अथमलगोला, खुसरूपुर, घोसवरी, दनियांवा, दुल्हिन बाजार, धनरुआ, नौबतपुर, पंडारक, पालीगंज, फतुहा, बख्तियारपुर, बाढ़, मोकामा, बिक्रम, मसौढ़ी और बेलछी प्रखंड में गरज-तड़क के साथ बारिश होने के पूरे आसार हैं। कहीं-कहीं पर आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा।
नालंदा, समस्तीपुर समेत इन जिलों में भी अलर्ट
जहानाबाद, अरवल और नालंदा जिले के सभी प्रखंडों में मौसम बिगड़ा रहेगा। वहीं, औरंगाबाद जिले के गोह एवं हसपुरा, गयाजी के कोंच, खिजरसराय, टिकारी, नीमचक बधानी और बेलागंज, नवादा के काशीचक, रोहतास के काराकाट, लखीसराय के पिपरिया एवं बरहिया, समस्तीपुर के मोहनपुर एवं मोहिउद्दीननगर, शेखपुरा जिले के घट कुसुंबा, बरबीघा, शेखपुरा एवं शेखोपुर सराय प्रखंड में तेज हवाओं के साथ वज्रपात एवं बरसात के आसार हैं। हवा की गति 40 से 50 प्रति किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।
बेगूसराय और भोजपुर के इन प्रखंडों में मौसम खराब रहेगा
मौसम विभाग ने बेगूसराय जिले के गढ़पुरा, चैरिया बरियारपुर, छौराही, तेघड़ा, नावकोठी, बखरी, बछवाड़ा, बरौनी, बलिया, बेगूसराय, भगवानपुर, मटिहानी एवं वीरपुर में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलट् जारी किया है। भोजपुर जिले के अगिआंव, गड़हनी, चरपोखरी, तरारी, पीरो, संदेश और सहार में भी मंगलवार रात तक मौसम खराब रहने की आशंका है।
बिहार का मौसम अपडेट
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर झारखंड और उससे सटे बिहार के जिलों में एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ था, जो अब कमजोर पड़ गया है। बीते 24 घंटे के भीतर मॉनसूनी गतिविधियां बढ़ने से तापमान में तेजी से गिरावट आई है। अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में फिर से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, रात के पारे में कोई खास बदलाव नहीं देखने को मिलेगा।
बिहार में अब तक 37 फीसदी कम बारिश
बिहार मे भले ही मॉनसून अभी मेहरबानी दिखाए हुए है। मगर राज्य के कई जिलों बारिश की कमी झेल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में अब तक मॉनसूनी बारिश का आंकड़ा सामान्य से औसतन 37 प्रतिशत नीचे चल रहा है। इस सीजन अब तक सामान्य तौर पर 405.7 मिलीमीटर बरसात हो जानी चाहिए थी, लेकिन वास्तविक आंकड़ा 257.1 प्रतिशत तक ही पहुंच पाया है। हालांकि, पिछले 3-4 दिनों में बारिश की औसतन कमी का ग्राफ गिरा जरूर है। आने वाले दिनों में मॉनसून मेहरबान रहा तो यह और नीचे जा सकता है।


