Bihar Weather: दिन में चुभने वाली गर्मी, रात और सुबह ठंड; बिहार में आगे कैसा रहेगा मौसम

Feb 17, 2026 09:46 am ISTNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

Bihar Weather: दिन के वक्त गर्मी की दस्तक ने लोगों को ठंड से राहत जरुर दिलाई है लेकिन अभी भी रात और सुबह के वक्त लोगों को हल्की ठंड का एहसास हो रहा है। हालांकि, रात के वक्त ओस और सुबह कोहरा अब नजर नहीं आ रहा है। सुबह और रात के वक्त गुलाबी ठंड है।

Bihar Weather: दिन में चुभने वाली गर्मी, रात और सुबह ठंड; बिहार में आगे कैसा रहेगा मौसम

Bihar Weather: बिहार में रंग बदलते मौसम ने सबको हैरान कर रखा है। अभी फरवरी का महीना चल रहा है लेकिन राज्य के कई हिस्से में लोगों को दिन के वक्त मार्च वाली गर्मी का एहसास हो रहा है। करीब-करीब हर रोज दिन खुलने के बाद कड़ी धूप निकल रही है। दिन के वक्त गर्मी की दस्तक ने लोगों को ठंड से राहत जरुर दिलाई है लेकिन अभी भी रात और सुबह के वक्त लोगों को हल्की ठंड का एहसास हो रहा है। हालांकि, रात के वक्त ओस और सुबह कोहरा अब नजर नहीं आ रहा है। सुबह और रात के वक्त गुलाबी ठंड है। कुल मिलाकर बिहार में मौसम लगातार शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 7 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा।

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 2-3 दिनों के दौरान बिहार के अधिकांश स्थानों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान किसी तरह की चेतावनी भी मौसम विभाग की तरफ से नहीं जारी की गई है।

मौसम विभाग ने बताया है कि आज उत्तर पश्चिम बिहार के पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज में अधिकतम तापमान 24-30 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। उत्तर मध्य बिहार के सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर औऱ सममस्तीपुर में भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान इतना ही रहेगा।

दक्षिण पश्चिम बिहार के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल जिले में अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 12-14 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

पटना सहित सूबे की हवा की गुणवत्ता बेहतर हुई

वसंत में पटना सहित सूबे के शहरों की परिवेशीय वायु की गुणवत्ता में तेजी से सुधार हुआ है। बिहार के अधिकतर शहरों की हवा संतोषजनक श्रेणी में है। दरअसल पिछले एक पखवारे से हवाओं का प्रवाह बना हुआ है, जिससे वातावरण में धूलकण नहीं जम रहे हैं। इनकी मात्रा में गुणात्मक रूप से कमी आई है। इससे सोमवार को भी राज्य के 14 शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 100 या इससे नीचे यानी संतोषजनक श्रेणी में रहा। राज्य के किसी भी शहर में सोमवार को वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में नहीं रही।

ढाई महीने से राज्य के अधिकतर शहरों में मध्यम श्रेणी के प्रदूषण की स्थिति रह रही थी। हाजीपुर में प्रदूषण का स्तर सबसे ज्यादा था। सोमवार को हवा की गुणवत्ता सबसे बेहतर बिहारशरीफ में रही, जहां एक्यूआई 51 दर्ज किया गया। हाजीपुर का एक्यूआई 166 रहा। पटना का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 134 दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा प्रदूषण पटना सिटी के इलाके में रहा। यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 196 रिकॉर्ड किया गया। अन्य इलाकों में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।