Bihar Weather: सावधान रहें! बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं; बिहार के कई जिलों में आज भी येलो अलर्ट

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

Bihar Weather: मौसम विज्ञान विभाग के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि गुरुवार को आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। दोपहर में करीब 55 से 60 किमी प्रति घंटे की गति से पुरवा हवा चलने की संभावना है। इस दौरान गरज और चमक के बीच कुछ जगहों पर ओले गिरने और बारिश के भी आसार हैं।

Bihar Weather: सावधान रहें! बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं; बिहार के कई जिलों में आज भी येलो अलर्ट

Bihar Weather: बिहार में मई के महीने में अलग-अलग जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात का कहर जारी है। गुरुवार को बिहार के उत्तर-पूर्व भाग के जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ-साथ 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया है कि बांका, भागलपुर, कटिहार, खगड़िया, मधेपुरा, मुंगेर और पूर्णिया जिलों के कुछ भागों में वज्रपात और बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, दरभंगा, पटना, नालंदा, शेखपुरा बेगूसराय, समेत कई अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है।

मुजफ्फरपुर में ओले गिरेंगे, बारिश होगी

मुजफ्फरपुर जिले के मौसम में बुधवार को भी बदलाव का दौर जारी रहा। दिनभर धूप की तल्खी रही और शाम होते ही झमाझम बारिश ने राहत दी। बारिश से पहले तेज हवा चली। गरज के साथ बारिश केवल शहर में हुई। जिले के उत्तर और पश्चिम हिस्सों में कहीं-कहीं ओले भी गिरे। मौसम विज्ञान विभाग के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि गुरुवार को आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। दोपहर में करीब 55 से 60 किमी प्रति घंटे की गति से पुरवा हवा चलने की संभावना है। इस दौरान गरज और चमक के बीच कुछ जगहों पर ओले गिरने और बारिश के भी आसार हैं। इसलिए लोगों को घरों से बाहर निकलते समय सावधानी रखने की जरूरत होगी।

गया में तेज हवा औऱ बारिश होगी

मौसम विशेषज्ञ एस के पटेल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ, ट्रफ लाइन व पुरवैया के कारण नमी की आ जाने से मौसम मिजाज बिगड़ जा रहा है। गया जिले में सुबह से तीखी धूप के बीच नमी बढ़ जाने से थंडरस्ट्रॉम की स्थिति बन जा रही है। बुधवार को नमी व गर्मी के कारण तेज हवा के साथ बारिश हुई। बताया कि अगले दो दिनों में मौसम के मिजाज में विशेष बदलाव का अनुमान है। सुबह से धूप के बीच उमस वाली गर्मी रहेगी और दोपहर बाद तेज हवा व बारिश का अनुमान बना है। कहीं-कहीं गरज के साथ आंधी-पानी की संभावना है।

पूर्णिया में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार पूर्णिया जिले और आसपास के इलाकों में 14 से 16 मई तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। 17 मई से मौसम साफ होने की संभावना है। हालांकि आनेवाले समय में मौसम में बदलाव की संभावना बन सकती है। येलो अलर्ट के दौरान तेज हवा बहने की संभावना है। मेघा गर्जन एवं वज्रपात के साथ साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।