Bihar Weather: बिहार में कब मानसून पकड़ेगा रफ्तार, 14 जिलों में लू की चेतावनी; सीमांचल में भारी बारिश
Bihar Weather: बिहार के कई जिलों में लोग अभी भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। अधिकांश जिलों में सुबह से ही निकल रही तीखी धूप ने लोगों को बेहाल कर रखा है। गुरुवार को सीमांचल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
Bihar Weather: मानसून की सुस्त चाल के बीच बिहार में मौसम के दो रंग हैं। पटना सहित 15 जिलों में बुधवार को झमाझम बारिश हुई तो पांच जिले हीट वेव की चपेट में रहे। गुरुवार को सीमांचल के सभी जिलों में भारी बारिश और दक्षिण पश्चिमी और दक्षिण मध्य बिहार के 14 जिलों में लू की चेतावनी जारी की गई है। बिहार के कई जिलों में लोग सुबह से ही भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। पटना में 24 घंटे के भीतर बारिश और लू दोनों ही परिस्थितियां बनीं। मंगलवार और बुधवार की देर रात पटना में गरज, तड़क के साथ बारिश हुई। दिन में पछुआ के प्रवाह से अधिकतम तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री ऊपर चला गया, जिससे हीट वेव की स्थिति बनी।
कैसा रहेगा मौसम
28 जून से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी के आसार हैं। मौसमविदों के मुताबिक मानसून के सुस्त प्रसार के बीच 28 से बादल घनीभूत होंगे और कई जगहों पर झमाझम बारिश होगी। तापमान में उतार चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। पटना समेत दक्षिण मध्य बिहार में गुरुवार को गर्मी का प्रकोप रहेगा।
भागलपुर में बारिश कब होगी
बुधवार की सुबह से ही गर्मी-उमस का कहर जारी रहा। दिन में घर से बाहर निकले लोगों को सूरज की कड़ी धूप ने त्वचा को झुलसाया। गर्मी और उमस ने पसीने छुड़ा दिए। मौसम विभाग के अनुमानों की मानें तो शनिवार तक दक्षिण-पश्चिम मानसून जिले में पहुंच जाएगा तो उस दिन झमाझम बारिश हो सकती है। बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार और शुक्रवार को आंशिक बदरी के बीच तेज हवाओं संग गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं शनिवार को आंधी संग झमाझम बारिश होगी। इस दौरान दिन एवं रात के तापमान में कोई खास बदलाव न होने के कारण गर्मी-उमस लोगों को खूब परेशान करेगी।
गयाजी में कैसा मौसम
बिहार के गयाजी जिले में लोग भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। कमजोर मानसून की वजह से यहां पिछले साल से बारिश कम हुई। मौसम विशेषज्ञ एक के पटेल ने बताया कि सुबह से तीखी धूप निकलने की वजह से गर्मी अधिक है। कबी पुरवैया तो कभी पछुआ चल रही हा। पुरवैया चलने पर ुमस और पछुआ चलने पर लू जैसी स्थिति बन रही है। उन्होंने बताया कि मानसून कमजोर रहने के कारण अगले दो दिनों में मौसम के मिजाज में विशेष बदलाव का अनुमान नहीं है। बारिश होने के आसार नहीं हैं।
पूर्णिया में कैसा मौसम
पूर्णिया जिले में 13 जून को मानसून ने प्रवेश किया। लेकिन इसके बाद भी गर्मी और तपिश से लोग यहां परेशान हैं। मौसम विभाग के अनुसार 26 जून, 27 जून और 28 जून को येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि 25 जून को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज हवा बहने और मेघगर्जन के साथ-साथ बारिश होगी।


