Bihar Weather 23 August Today: बिहार के आसमान में बादलों की आवाजाही, कई जगहों पर बारिश का अनुमान; पटना में कैसा मौसम
Bihar Weather 23 August Today: बिहार के कई जिलों में बारिश के आसार हैं। अलनीनो के प्रभाव से मानसून काफी कमजोर रहा है। खासकर बंगाल की खाड़ी में बनने वाले मानसूनी प्रभाव में कमी आई है। इसी प्रभाव के कारण जिले में अधिकांश बारिश होती है।
Bihar Weather 23 August Today: राजधानी में दिन भर बादलों की आवाजाही के बीच उमस की स्थिति रही पर रात में झमाझम बारिश से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार स्थानीय सिस्टम के प्रवाह से भोजपुर, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी में भी आंशिक बारिश हुई है। बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया हालांकि बाजारों में किचकिच बढ़ने से लोगों को परेशानी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार रविवार को पटना सहित प्रदेश के ज्यादातर भागों में बादलों की आवाजाही बने होने के साथ कई स्थानों पर छिटपुट वर्षा के आसार है।
मौसमविदों के अनुसार प्रदेश में मानसून की सक्रियता कम होने से राज्य भर में बारिश में कमी आई है। रविवार को राज्य के कुछ जिलों में स्थानीय प्रभावों से छिटपुट बारिश के आसार हैं। मौसमविदों ने बताया कि पुरवा की नमी और ताप के प्रभाव से उमस बढ़ गई है। इस वजह से स्थानीय स्तर पर छोटे-छोटे बादल बन रहे हैं। उत्तर व दक्षिण भागों के कुछ स्थानों पर 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने के आसार है।
तापमान 37.0 डिग्री रहा
शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस रहा। 37.2 डिग्री सेल्सियस के साथ अररिया के फारबिसगंज में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया।
अभी दो दिन बारिश के आसार नहीं, चढ़ेगा पारा
मुजफ्फरपुर जिले के तापमान में अगले दो दिनों में और बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए जिले में खंड बारिश की संभावना जताई है। इससे दिन-रात का तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। शनिवार को भी अधिकतम तापमान में डेढ़ डिग्री तो न्यूनतम तापमान में एक डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पटना केंद्र के अनुसार, जिले में अगले तीन दिनों तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। मवार को भी दिन औसत से अधिक गर्म रहने का अनुमान व्यक्त किया है। औसतन 20 मिमी बारिश इन तीन दिनों के बीच होने का अनुमान है। बारिश पूरे जिले में असामान्य रह सकती है। औसत अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
अलनीनो के प्रभाव से कमजोर पड़ा मानसून
पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. अब्दुस सत्तार के मुताबिक इस साल अलनीनो के प्रभाव से मानसून काफी कमजोर रहा है। खासकर बंगाल की खाड़ी में बनने वाले मानसूनी प्रभाव में कमी आई है। इसी प्रभाव के कारण जिले में अधिकांश बारिश होती है। फिलहाल जिला में अभी अरब सागर से आने वाले मानसूनी प्रभाव के कारण बारिश हो रही है, जो काफी कमजोर है। कहा कि अगस्त के अंतिम सप्ताह में कुछ दिन तेज बारिश हो सकती है। इससे बारिश का आंकड़ा सुधर सकता है। लेकिन, सितंबर में एक बार फिर कम बारिश की संभावना दिख रही है।
बारिश के बाद उमस से मिली राहत
भागलपुर जिले के आसमान में शनिवार को दिनभर बादलों की आवाजाही जारी रही। दोपहर एक बजे तक उमस से लोग बेहाल रहे। इसके बाद शहर समेत जिले के अन्य जगहों पर बारिश होने से गर्मी से राहत मिली। शनिवार को अधिकतम तापमान 35.6 व न्यूनतम 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी की अधिकतम मात्रा 79 प्रतिशत रही। औसत 4.2 किमी प्रतिघंटा की गति से पूर्व दिशा से हवा चलती रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 23-26 अगस्त के दौरान भागलपुर समेत दक्षिण बिहार के जिलों में आसमान में घने बादल छाए रह सकते हैं।
एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने एवं हल्की वर्षा होने का अनुमान है। बीएयू सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल पदाधिकारी डॉ. बीरेंद्र कुमार के अनुसार, धान की फसल में कम वर्षा की स्थिति में खर-पतवार की वृद्धि बढ़ जाती है। समय पर निराई-गुड़ाई करें। इसके बाद 20-30 किग्रा नाइट्रोजन प्रति हेक्टेयर की दर से उपरिवेशन करें।


