Hindi NewsBihar NewsBihar Vidhan Sabha LIVE update discussion on budget tejashwi yadav cm nitish kumar
Bihar Vidhan Sabha LIVE: भाजपा MLC की सभापति से शिकायत, सदन में गुस्सा हो गईं राबड़ी देवी

Bihar Vidhan Sabha LIVE: भाजपा MLC की सभापति से शिकायत, सदन में गुस्सा हो गईं राबड़ी देवी

संक्षेप:

Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधान परिषद में बच्चियों से बलात्कार और महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। सदन में कार्यवाही दो बार स्थगित की गई। नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी भी आगबबूला हो गईं।

Feb 09, 2026 05:05 pm ISTNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share Share
Follow Us on

Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानमंडल का बजट सत्र चल रहा है। बिहार विधान परिषद की कार्यवाही सुबह विपक्ष के शोर गुल के कारण 15 मिनट में ही स्थगित कर दी गई। दोपहर में जब दूसरी पाली शुरू हुई तो वह भी 20 मिनट ही चली। सदन में दरभंगा में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या पर सरकार से संज्ञान लेने की मांग की गई। फिर पक्ष और विपक्ष के बीच नोकझोंक हुई।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इस दौरान भाजपा एमएलसी देवेश कुमार पर राबड़ी देवी उखड़ गईं। वह उनकी ओर लपकीं तो वेल में आरजेडी सदस्यों ने उन्हें रोक दिया। सभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद आरजेडी के सदस्यों ने सभापति के पास जाकर भाजपा एमएलसी की शिकायत की और ऐक्शन लेने की मांग की।

इससे पहले, सुबह की पाली में नीतीश और राबड़ी के बीच भी नोंक-झोंक हुई। विपक्ष के हंगामे पर नीतीश उठ खड़े हुए और आरोप लगाया कि लालू-राबड़ी ने अपने कार्यकाल में कुछ नहीं किया था। जबकि हमारी सरकार ने ही सब काम किए हैं।

नीतीश ने राबड़ी देवी को लड़की कहकर संबोधित किया तो विपक्षी सदस्य गुस्सा हो गए। भारी शोर गुल के बीच ही शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने परिनियत कार्य के तहत चार दस्तावेज पेश किया।

इधर बिहार विधानसभा में उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा से मांग करते हुए कहा कि कई नदियों की धारा बदलने के बाद जमीन की प्रकृति बदल गई है। इसके अलावा नदियों के किनारे भी बड़ी मात्रा में जमीन निकली है लेकिन नियमानुसार इनपर कुछ नहीं किया जा सकता। इनका हस्तांतरण भी नहीं हो सकता । ऐसे में पुराने प्रावधान पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।

Bihar Vidhan Sabha LIVE Update- :

16.45 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधानसभा में बजट पर सामान्य विमर्श के बाद वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने सरकार की ओर से उत्तर दिया। मंत्री ने कहा कि 23 हजार करोड़ से आज तीन लाख 47 हजार करोड़ का बजट हो गया है। यह बिहार के विकास की कहानी है। मंत्री ने पांच संकल्प गिनाते हुए कहा कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजी रोजगार दिया जायेगा। उद्योग लगाने वालों को सहायता दी जाएगी।

16.22 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधान परिषद में विपक्ष के 15 सदस्यों ने एक साथ सभापति अवधेश नारायण सिंह के कक्ष में जाकर मुलाकात की और उन्हें देवेश कुमार के खिलाफ शिकायत पत्र सौंपा। इसमें उन्होंने कहा कि देवेश कुमार द्वारा अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया है जबकि राबड़ी देवी बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष हैं। उन्होंने सभापति की कुर्सी के समक्ष देवेश कुमार से माफी मांगने की मांग की। सभापति ने पत्र अपने पास रख लिया और कहा कि देखते हैं। इसके बाद विपक्ष के सदस्य कक्ष से बाहर आ गए।

14.28 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बिहार विधानसभा में 12 हजार 165 करोड़ का तृतीय अनुपूरक पेश किया।

14.00 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है।

13.20 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने कहा कि बिहार में बलात्कार और हत्या का मामला बढ़ा है। सम्राट चौधरी ने कहा था कि ऐसी घटनाएं होंगी तो वो इस्तीफा दे देंगे। आज सम्राट चौधरी को इस्तीफा देना चाहिए। 10 हजार रुपये देने से महिलाएं सुरक्षित नहीं होंगी।

13.04 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधान परिषद में महिला सुरक्षा और राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर खूब हंगामा हुआ। सदन में हंगामा कर रहे विपक्षी सदस्यों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जवाब दिया। सीएम नीतीश कुमार ने सदन में कहा कि इन लोगों ने कोई काम किया है। ये लोग जो बोल रहे हैं आज तक किसी महिला को बढ़ाया है। इन लोगों ने कोई काम नहीं किया है। हमलोगों की सरकार द्वारा सारा काम किया जा रहा है। केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार बहुत आगे बढ़ रहा है। आप लोगों ने आज तक तो कोई काम ही नहीं किया है। ये कोई तरीका है, इन सभी पर ऐक्शन होना चाहिए। 15 साल तक कुछ भी काम नहीं किया है।

12.55 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा में संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार तांती और तंतवा अभ्यर्थियों को शैक्षणिक संस्थानों से हटाने और नियुक्ति के लिए चयन के बाद भी नियुक्त नहीं करने की जांच होगी।

12.43 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा की कार्यवाही 2 बजे दिन तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

12.28 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: राजद के भाई वीरेंद्र ने सदन से भाजपा विधायकों की अनुपस्थिति का मामला उठाया है। राजद विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष से कहा जदयू के लोग तो हैं लेकिन भाजपा के लोग गायब हैं। उनका भाजपा की मैथिली ठाकुर ने प्रतिवाद किया। उन्होंने हाथ उठा कर बताया कि मैं सदन में हूं। हालांकि कई अन्य भाजपा विधायक भी सदन में थे।

12.23 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधान परिषद की कार्यवाही स्थगित

बिहार विधान परिषद की कार्यवाही विपक्ष के शोर गुल के कारण 15 मिनट में ही स्थगित कर दी गयी। सोमवार को 12 बजे से परिषद के कार्यवाही शुरू हुई। प्रश्नकाल शुरू होने के साथ ही विपक्ष के अब्दुल बारी सिद्दीकी ने दरभंगा में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या पर सरकार से संज्ञान लेने की मांग की। उस वक्त मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी सदन में मौजूद थे। सदन की कार्यवाही के दौरान विपक्षी सदस्यों ने शोर गुल किया फिर उसके बाद वेल में आकर नारेबाजी करने लगे और मुख्यमंत्री से जवाब देने की मांग की।

इस बीच मुख्यमंत्री ने विपक्ष की ओर मुखातिब होकर कहा कि इन लोगों ने कभी कोई काम नहीं किया है। जब से हम लोग आए हैं, तब से एक एक काम कर रहे हैं। तब से बिहार में तेजी से विकास हो रहा है। भारी शोर गुल के बीच ही शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने परिनियत कार्य के तहत चार दस्तावेज पेश किया। इसके बाद सदन की कार्यवाही 2.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

12.22 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: भाजपा के सारे मंत्री सदन से बाहर चले गए हैं।

12.21 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा के अंदर ही एक मंत्री ने दूसरे मंत्री से कर दी मांग

उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा से मांग करते हुए कहा कि कई नदियों की धारा बदलने के बाद जमीन की प्रकृति बदल गई है। इसके अलावा नदियों के किनारे भी बड़ी मात्रा में जमीन निकली है लेकिन नियमानुसार इनपर कुछ नहीं किया जा सकता। इनका हस्तांतरण भी नहीं हो सकता । ऐसे में पुराने प्रावधान पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।

12.14 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: एक सवाल के जवाब में बिहार के गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में विदेश से आने वाले लोगों की जांच होगी। उनके टूरिस्ट वीजा समेत उनके रहने और संपत्ति खरीदने की भी जांच की जाएगी।

12.06 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: इधर बिहार विधान परिषद परिसर में भी जमकर प्रदर्शन हुआा है। यहां नेता विरोधी दल राबड़ी देवी तथा अन्य पार्षदों ने जमकर प्रदर्शन किया है।

12.00 PM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: जीवेश मिश्रा द्वारा उठाए गए गंभीर सवाल पर जवाब देते हुए बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि यह गंभीर विषय है और सरकार जरुर इसकी जांच करवाएगी।

11.56 AM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: बीजेपी के जाले से विधायक जीवेश मिश्रा ने पुलिस थानों के निर्माण को लेकर बेहद ही गंभीर सवाल सदन में उठाए। जीवेश मिश्रा ने कहा कि जीवेश मिश्रा ने कहा कि 'ये बड़ा विवादित जवाब है कि सरकार कह रही है कि थाने का भवन जर्जर नहीं है। अगर जर्जर नहीं है तो सरकार ने मरम्मती के लिए 6 लाख रुपये क्यों दिए? 2023, 2024, 2025, 2026 तक सरकार महिला सिपाही का बैरक नहीं बनवा पाई। क्या सरकार दोषी अधिकारी पर कार्रवाई करेगी? बहुत छोटा काम, शर्म आनी चाहिए इस पर, 2022 में जाले और सिंहवाड़ा में आगंतुक कक्ष बनवाने की स्वीकृति मिली थी। लेकिन 2026 तक ये नहीं बना। जो अधिकारी नहीं बनवा पाए, लारालप्पा खेल रहे हैं सरकार के साथ, ये किसकी जिम्मेवारी है। इतना गैर जिम्मेदार जवाब लिख कर अधिकारी दे रहे हैं।'

11.45 AM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: दिनारा से राष्ट्रीय लोक मोर्चा के विधायक आलोक कुमार सिंह ने पंचायत प्रतिनिधियों को शस्त्र लाइसेंस मिलने में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। इसपर डिप्टी सीएम और गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि 60 दिनों का समय होता है। सरकार सभी जिलों के जिलाधिकारी को पत्र भेजकर इसके बारे में सूचित करेगी और जल्द ही इसका निपटारा किया जाएगा।

11.42 AM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने एक सवाल के जवाब में सदन को बताया कि बहुत जल्द रोतास जिले में डालमिया सीमेंट की फैक्ट्री खुलेगी।

11.32 AM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: बैकंठपुर से बीजेपी के विधायक मिथिलेश तिवारी ने सदन में देश की सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दे को उठाया। मिथिलेश तिवारी ने गोपालगंज के थावे मंदिर में आने वाले विदेशी सैलानियों का मुद्दा उठाया और सरकार से मांग की है कि विदेश से आने और जाने वाले लोगों के बारे में पूरी जानकारी ली जाए। इसपर गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार इसकी जांच करवाएगी और यह एक अहम मुद्दा है।

11.12 AM - Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा परिसर में प्रदर्शन कर रहे AIMIM विधायक के हाथ में जो बैनर था उसमें सीमांचल के साथ न्याय की मांग की गई थी। सीमांचल आयोग के गठन के साथ-साथ सीमांचल को विशेष पैकेज देने की भी मांग की गई थी।

Bihar Vidhan Sabha LIVE

11.05 AM Bihar Vidhan Sabha LIVE: एमआईएमआईएम के विधायक अख्तरूल ईमान ने सीमांचल की उपेक्षा का आरोप लगाया है। विधायक ने बैनर भी लहराया है।

11.04 AM Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। विधानसभा परिसर के पोर्टिको में विपक्ष का जोरदार प्रदर्शन चल रहा है। विपक्ष के नेताओं ने यहां कानून-व्यवस्था के ध्वस्त होने का आऱोप लगाते हुए नारेबाजी की है। विधानसभा में प्रश्नकाल शुरू हो गया है।

Bihar Vidhan Sabha LIVE

11.01 AM Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को विधान परिषद में कहा कि सरकार जल्द साइबर अपराध को नियंत्रित कर लेगी। तीन माह पूर्व अक्तूबर 2025 में साइबर इकाई गठित कर ली गई है। बहाली प्रक्रिया जारी है। सरकार साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए गंभीर है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक एक लाख आठ हजार से अधिक लोग इसके शिकार हुए हैं। शिकायत मिलने पर इसमें से 54256 पीड़ितों का पैसा तुरंत खाते में होल्ड कराया गया। करीब 6500 का पैसा वापस कराया गया है। आगे भी साइबर अपराधियों पर कार्रवाई जारी रहेगी। कहा कि सरकार ने तीन माह पहले साइबर यूनिट का गठन किया है। यह एक यूनिट है। इसमें बहाली प्रक्रिया चल रही है। सरकार जल्द ही साइबर अपराध को प्रतिबंधित करने का काम करेगी।

10.42 AM Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा भवन के बाहरी हिस्से के छज्जे के कोने का प्लास्टर शुक्रवार को टूटकर नीचे गिर गया, हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है। राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने विस की पहली पाली की कार्यवाही के दौरान इसकी सूचना अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार को दी। कुमार सर्वजीत ने यह भी कहा कि इस समय कुछ विधायक वहां पास में ही थे। ऐसे में किसी को चोट भी लग सकती थी। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि मैं इस घटना की पूरी जानकारी लूंगा कि यह कैसे हुआ? मालूम हो कि छज्जे का हिस्सा जहां पर गिरा, उसके पास में ही अध्यक्ष की गाड़ी खड़ी रहती है।

10.31 AM Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार के स्कूलों में शारीरिक और संगीत (म्यूजिक) शिक्षकों की बहाली टीआरई-4 के बाद होगी। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने शुक्रवार को विधानपरिषद की पहली पाली में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभी पठन-पाठन के विषयों के शिक्षकों की बहाली चल रही है। इसके बाद इन विषयों के शिक्षकों की बहाली होगी।

राजद एमएलसी अजय कुमार सिंह के सवाल पर कहा कि गणित, भौतिकी सहित कई अन्य विषयों में अब भी शिक्षकों की कमी है। योग्य शिक्षक नहीं मिल रहे हैं। इसलिए सरकार की प्राथमिकता पहले पठन-पाठन वाले विषयों के शिक्षकों की कमी पूरी करने की है। विषयवार शिक्षकों पर ध्यान दिया जा रहा है। जब इन विषयों के शिक्षकों की आवश्यकता पूरी हो जाएगी, तब शारीरिक और संगीत शिक्षकों की भर्ती शुरू होगी। हरेक स्कूल में 500 विद्यार्थियों पर एक शारीरिक शिक्षक की नियुक्ति की जाएगी।

10.19 AM Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार के विभिन्न जिलों में नए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पीपीपी मोड (लोक निजी भागीदारी) में बनाए जाएंगे। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधानसभा में शुक्रवार को एक सवाल के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेतिया और मधेपुरा मेडिकल कॉलेज में भेजने पर भी चिकित्सक नहीं जा रहे हैं। इसको देखते हुए उक्त निर्णय लिया गया है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का काफी पैसा इन मेडिकल कॉलेजों के निर्माण और संचालन पर खर्च होता है, पर उसके अनुरूप वहां जनता को लाभ नहीं मिल पाता है। इसको देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसके पहले प्रभारी मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों में बेहतर पढ़ाई और इलाज के लिए पीपीपी मोड को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया है।

10.05 AM Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा में आधा दर्जन से अधिक विधायकों ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि पदाधिकारी गलत जवाब बनाकर भेज रहे हैं। इस तरह गलत जवाब सदन में पढ़ा जा रहा है, जिससे सभी भ्रमित हो रहे हैं। विधायकों ने चुनौती दी कि इसकी जांच होगी तो पदाधिकारी दोषी सिद्ध होंगे। इस मामले में स्वास्थ्य विभाग के एक उत्तर को लेकर प्रभारी मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि वह जांच कराएंगे। विधानसभा में सबसे अधिक स्वास्थ्य विभाग और फिर ऊर्जा विभाग के प्रश्न आए थे।

इसी क्रम में एआईएमआएएम के विधायक अख्तरूल ईमान ने ऊर्जा विभाग के एक जवाब पर कहा कि जर्जर तार के बारे में गलत जवाब भेजा गया है। इसी प्रकार जदयू की मीना कुमार ने भी ऊर्जा विभाग के एक सवाल के उत्तर को गलत बताया। भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर, बसपा विधायक सतीश कुमार सिंह और एआईएमआईएम मोहम्मद मुर्शिद आलम ने स्वास्थ्य विभाग के अपने सवाल को उत्तर को बताया कि पदाधिकारी ने गलत तैयार किया है। सच्चाई कुछ और है।

9.50 AM Bihar Vidhan Sabha LIVE: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को बिहार विधानसभा के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सशक्त विधायक, सशक्त लोकतंत्र विषय पर व्याख्यानमाला को संबोधित किया। ओम बिरला ने कहा कि जब सदन और विधायक सशक्त होंगे तभी शासन में पारदर्शिता होगी और कार्यपालिका पर नियंत्रण रहेगा। साथ ही ऐसे शासन की परिकल्पना साकार होगी जिसके लिए जनता ने हमें चुना है।

9.40 AM Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा में बांकीपुर सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को सदन के बजट सत्र में भाग लेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी संजय मयूख ने बताया, नितिन नवीन सोमवार को दो दिवसीय बिहार दौरे पर रवाना होंगे। वह कुछ सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे और पटना स्थित पार्टी कार्यालय में संगठनात्मक बैठक भी करेंगे। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम को नवीन पटना स्थित पार्टी कार्यालय में बिहार भाजपा विधायक दल के नेता और सदस्यों से मुलाकात करेंगे।

9.32 AM Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा के बजट सत्र का आज अहम दिन है। सुबह 11 बजे से विधानसभा की कार्यवाही शुरू होगी। विधानसभा के अंदर कई मुद्दों को लेकर हंगामा देखने को मिल सकता है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar Shapath Grahan, Bihar Election Result 2025, Bihar Chunav Result, बिहार चुनाव 2025 , Bihar vidhan sabha seats , बिहार चुनाव एग्जिट पोल्स और बिहार चुनाव 2025 की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।