Hindi NewsBihar NewsBihar Vidhan Sabha Live update cm nitish kumar tejashwi yadav patna neet student dead case
Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार में अन्याय के साथ विनाश: तेजस्वी, विधान परिषद में राबड़ी देवी के नेतृत्व में  प्रदर्शन

Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार में अन्याय के साथ विनाश: तेजस्वी, विधान परिषद में राबड़ी देवी के नेतृत्व में प्रदर्शन

संक्षेप:

Bihar Vidhan Sabha LIVE: आज भी बिहार विधानसभा के अंदर विपक्ष का हंगामा देखने को मिल सकता है। जहानाबाद की रहने वाली नीट छात्रा की पटना में हुई मौत के मुद्दे पर विधानसभा में विपक्ष का हंगामा देखने को मिल सकता है।

Feb 05, 2026 04:08 pm ISTNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share Share
Follow Us on

Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। आज विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सदन में अपनी बात रख सकते हैं। विधानसभा में आज अल्पसूचित और तारांकित प्रश्नों के उत्तर लिए जाएंगे। आज भी विधानसभा के अंदर विपक्ष का हंगामा देखने को मिल सकता है। जहानाबाद की रहने वाली नीट छात्रा की पटना में हुई मौत के मुद्दे पर विधानसभा में विपक्ष का हंगामा देखने को मिल सकता है। यहां बता दें कि इस मामले में पटना पुलिस ने अब कहा है कि नीट छात्रा के परिजन पूरे मामले में केस नहीं दर्ज कराना चाहते थे। हालांकि, परिजनों ने पुलिस के दावों को बेबुनियाद बताया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

सदन की कार्यवाही 11 बजे से शुरू होगी। बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इससे पहले सभी एनडीए विधायकों को विधानसभा की कार्यवाही के दौरान सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया था। इधर तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पटना में महागठबंधन के विधायकों की भी बैठक हुई थी। इस बैठक में सदन के अंदर सरकार को घेरने की रणनीति बनी थी।

Bihar Vidhan Sabha LIVE Updates-:

16: 05 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: तेजस्वी पर बरसे सीएम नीतीश कुमार

सीएम नीतीश कुमार ने गुरुवार को विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया। सीएम ने अपने संबोधन के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाया। सीएम और नेता प्रतिपक्ष के बीच कई बार तीखी नोकझोंक हुई। सीएम ने तेजस्वी यादव पर कहा कि मेरे साथ था तो ठीक था। लेकिन बाद में गड़बड़ करने लगा और पैसा कमाने लगा तो छोड़ दिए।

14: 35 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: तेजस्वी के बयान पर मचा शोर

बिहार विधानमंडल के बजट सत्र में गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर अपना पक्ष रखा। स्पीकर प्रेम कुमार ने उन्हें 25 मिनट का समय दिया। स्पीकर के प्रति धन्वाद ज्ञापित करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा कि बिहार में न्याय के साथ विकास नहीं बल्कि अन्याय के साथ विनाश हो रहा है। इस पर सदन में जोरदार शोरशराबा हुआ।

14:00 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा शुरू हो गई है। तेजस्वी यादव ने चर्चा की शुरुआत की है।

13:48 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: सदन के बाहर AIMIM विधायकों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने बिहार में मुसलमानों पर हमलों और दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

13:40 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधान परिषद की कार्यवाही 2.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

13:33 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधान परिषद की पहली पाली में नदियों पर अतिक्रमण का भी मुद्दा उठा। इसपर मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से कहा गया है कि अतिक्रमणवाद चलाकर नदियों को अतिक्रमणमुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

13:20 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: RJD विधायक करिश्मा राय ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 10 मिनट में बजट खत्म कर दिया गया, लेकिन उसमें आम लोगों के लिए कुछ भी स्पष्ट नहीं है। साथ ही उन्होंने NEET छात्रा मामले का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार को बताना होगा कि आखिर छात्रा के साथ क्या हुआ।

13:10PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: फुलवारी शरीफ में महिला डिग्री कॉलेज की मांग:बिहार विधानसभा में जदयू विधायक श्याम रजक ने फुलवारी शरीफ में महिला डिग्री कॉलेज खोलने की मांग की। मंत्री सुनील कुमार ने कहा, जरूरत होने पर विभाग इसे प्राथमिकता देगा।

12:50PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: NEET छात्रा मामले पर राबड़ी देवी ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि किसी मंत्री या मंत्री के बेटे की संलिप्तता की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता और मामले में लीपापोती कर CBI को सौंप दिया गया। साथ ही उन्होंने बजट को निराशाजनक बताते हुए कहा कि यह बिहार की जनता को ठगने जैसा है।

12:39PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधान परिषद की पहली पाली में गुरुवार को साइबर अपराध का मुद्दा उठा। निर्दलीय महेश्वर सिंह के सवाल पर अन्य सदस्यों ने भी इसे गम्भीर मुद्दा बताया। इसका जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि एक लाख से अधिक लोग इसके शिकार हुए हैं। इसमें से 52256 लोगों का पैसा खाते में रोक दिया गया। 6500 को पैसा वापस दिलाया गया। तीन माह पहले साइबर सेल का गठन हुआ है। वैकेंसी पूरी की जा रही है। जल्द ही सरकार साइबर अपराध को नियंत्रित कर लेगी।

12:36PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: नल-जल योजना को लेकर गुरुवार को विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य भिड़ गए। विपक्ष का आरोप है कि बड़ी संख्या में नल-जल योजनाओं में पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। सरकार के द्वारा इस संबंध में दिया गया उत्तर भ्रामक है इसको लेकर मंत्री अशोक चौधरी और भाई बीरेंद्र में कहासुनी भी हुई।

12:33PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने बताया कि 7 फरवरी को सेंट्रल हॉल में आयोजित व्याख्यान माला में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आदि नेता शामिल होंगे। विधानसभा के स्थापना दिवस पर इसका आयोजन किया जा रहा है।

12:29PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा की कार्यवाही 2 बजे दिन तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

12:20PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधान परिषद में परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पटना के सभी बस स्टॉप पर 15 दिनों में बस रुकने की व्यवस्था की जाएगी। नहीं रुकने वाली बसों पर कार्रवाई की जाएगी।

12:05PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधान परिषद परिसर में विपक्षी दलों के सदस्यों ने जहानाबाद की छात्रा से दरिंदगी मामले में सरकार की चुप्पी के खिलाफ प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लेकर सदस्यों ने बिहार की बेटी को इंसाफ चाहिए , सियासी खामोशी नहीं जवाब चाहिए, के नारे लगाए। प्रदर्शन करने वालों में राबड़ी देवी, शशि य्यादाव, मदन मोहन झा, सुनील सिंह आदि शामिल रहे।

11:50AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: राजद विधायक आलोक मेहता ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था कमजोर है और छात्रा मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि लड़कियां असुरक्षित महसूस कर रही हैं और पटना के हॉस्टल खाली हो रहे हैं।

11:30AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा का सत्र चल रहा है। विधानसभा के अंदर प्रश्नों के जवाब दिए जा रहे हैं। विपक्षी सदस्यों ने कृषि समेत कई विषयों पर सवाल पूछे हैं। राज्य सरकार के संबंधित मंत्री प्रश्नों का जवाब दे रहे हैं।

11:19AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: विपक्ष के सदस्य विधानसभा के बाहर जोरदार प्रदर्शन करते नजर आए हैं। विपक्षी सदस्यों के हाथ में तख्तियां थीं। इनमें बिहार में लॉ एंड ऑर्डर को लेकर सवाल उठाए गए थे।

11:11AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा की कार्यवाही चल रही है। सदन में प्रश्नोत्तर काल चल रहा है। विपक्षी सदस्यों द्वारा उठाए गए सवालों पर सत्ता पक्ष के सदस्य जवाब दे रहे हैं।

10:58AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा के पोर्टिको में विपक्ष के सदस्य प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्य में खराब विधि व्यवस्था का आरोप लगाते हुए सभी सदस्य नारेबाजी कर रहे हैं।

10:40AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधानसभा पहुंच चुके हैं। थोड़ी देर में सदन की कार्यवाही शुरू होगी।

10:30AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: अनंत सिंह ने विधानसभा में ली थी शपथ

मोकामा विधानसभा क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड(जदयू) के जेल में बंद विधायक अनंत सिंह ने मंगलवार को बिहार विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली थी। अनंत सिंह को अदालत से अनुमति मिलने के बाद कड़े सुरक्षा इंतज़ामों के बीच बेउर केंद्रीय कारागार से बिहार विधानसभा लाया गया था। जदयू विधायक ने सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद निचले सदन के सदस्य के रूप में शपथ ली थी।

शपथ लेने के बाद उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सदन के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर उनका औपचारिक अभिवादन किया थी। अनंत सिंह को शपथ लेने के बाद पुनः बेउर केंद्रीय कारागार ले जाया गया था। उल्लेखनीय है कि अनंत सिंह पिछले तीन महीने से दुलारचंद यादव हत्याकांड के सिलसिले में न्यायिक हिरासत में हैं। दुलारचंद यादव की हत्या मोकामा विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा चुनाव के दौरान जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करते समय कर दी गई थी।

10:15AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा में मंगलवार को विपक्ष ने पटना में कथित नीट छात्रा हत्याकांड की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी वर्तमान न्यायाधीश से कराने की मांग की। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने निचले सदन के सदस्यों को आश्वस्त किया कि नीट हत्याकांड में निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। अध्यक्ष ने विधायक अरुण कुमार के स्थगन प्रस्ताव को खारिज करते हुए सदन की पूर्वाह्न बैठक के दौरान सदस्यों से सरकार पर भरोसा रखने की अपील की और कहा कि नीट हत्याकांड से जुड़े मामले में कार्रवाई अवश्य होगी। विधानसभा अध्यक्ष ने इस मुद्दे पर अरुण कुमार के स्थगन प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया, लेकिन उन्हें अपना नोटिस पढ़ने की अनुमति दी। नोटिस पढ़ते हुए अरुण कुमार ने मांग की कि अत्यंत संवेदनशील नीट हत्याकांड की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी वर्तमान न्यायाधीश से, एक निश्चित समय-सीमा के भीतर और न्यायालय की निगरानी में कराई जाए।

10:00AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बजट को लेकर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा था कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के कार्यकाल में बिहार का बजट लगातार विशाल और अधिक समावेशी होता गया है। वर्ष 2004-05 में जहां बिहार का बजट 23,885 करोड़ रुपये था, वहीं वर्ष 2026-27 में यह बढ़कर 3,47,589.76 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह वृद्धि राज्य की बढ़ती आर्थिक क्षमता को दर्शाती है। उन्होंने कहा था कि एक ओर भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है, वहीं दूसरी ओर बिहार भी आर्थिक विकास की रफ्तार में अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा है। वर्ष 2025-26 के लिए अनुमान है कि बिहार की अर्थव्यवस्था 14.9 प्रतिशत की दर से बढ़ेगी

9:51AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: टीचर ट्रांसफर नीति पर फिर से विचार कर रही बिहार सरकार

बिहार सरकार ने मंगलवार को कहा कि वह शिक्षक स्थानांतरण नीति पर पुनर्विचार कर रही है। बिहार विधानसभा की पूर्वाह्न बैठक में विधायक संदीप सौरभ के तारांकित प्रश्न का उत्तर देते हुए शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने सदन को बताया कि राज्य सरकार शिक्षक स्थानांतरण नीति की समीक्षा कर रही है। उन्होंने आपसी (म्यूचुअल) स्थानांतरण के लिए पोर्टल को फिर से खोले जाने के संकेत दिए।

उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार शिक्षकों के स्थानांतरण की पूरी प्रक्रिया की समीक्षा कर रही है, जिसमें आपसी सहमति से स्थानांतरण के साथ-साथ सामान्य स्थानांतरण भी शामिल हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि टीआरई-1 और टीआरई-2 के तहत नियुक्त शिक्षकों को पहले से ही स्थानांतरण का विकल्प उपलब्ध है, जबकि टीआरई-3 के तहत नियुक्त शिक्षकों का स्थानांतरण उनका प्रोबेशन अवधि पूरी होने के बाद शुरू होगा।

9:44AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: राजद ने बजट पर सरकार को घेरा था

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने बिहार विधानसभा में पेश किए गए बजट को कागजी खानापूर्ति बताते हुए मंगलवार को कहा था कि केवल बजट का आकार बढ़ाया गया है, जिसमें संसाधनों के स्रोतों के साथ की गई घोषणाओं को अमलीजामा पहनाने का कोई स्पष्ट उल्लेख हीं नहीं है। राजद प्रवक्ता गगन ने बयान जारी कर कहा था कि बिहार के बजट में कागजी आंकड़े के माध्यम से लोगों की आंखों में धूल झोंकने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय महिलाओं को दो लाख रुपए देने का जो वादा किया गया था , वह छल साबित हुआ।

आज के बजट में यह साबित हो गया कि वह अनुदान नहीं बल्कि ऋण दिया गया था। इसीलिए उस योजना के नाम पर कोई आवंटन हीं नहीं किया गया है। एक करोड़ नौजवानों को नौकरी और रोजगार देने की बात कही गई है, पर बजट में इसका कोई ब्लूप्रिंट नहीं है। उन्होंने कहा कि कर्पूरी सम्मान योजना के नाम पर आठ रुपया प्रति दिन देकर किसानों के साथ हीं जननायक कर्पूरी ठाकुर का भी अपमान किया जा रहा है।

9:40AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: नीतीश कुमार की सरकार ने बिहार विधानसभा में 3.47 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। मंगलवार को सदन में वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बजट पेश किया था।

9:38AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधानसभा की कार्यवाही का तीसरा दिन

बिहार विधानसभा की कार्यवाही का आज तीसरा दिन है। आज भी विधानसभा के अंदर और बाहर विपक्ष का हंगामा देखने को मिल सकता है। विपक्ष इससे पहले विधानसभा के बाहर नीट छात्रा की मौत के मामले में हमलावर नजर आया था। विपक्ष का आरोप है कि इस मामले में पुलिस की कार्रवाई संतोषप्रद नहीं रही है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar Shapath Grahan, Bihar Election Result 2025, Bihar Chunav Result, बिहार चुनाव 2025 , Bihar vidhan sabha seats , बिहार चुनाव एग्जिट पोल्स और बिहार चुनाव 2025 की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।