
Bihar Vidhan Sabha Highlights: प्रेम कुमार ने विस अध्यक्ष के लिए नामांकन किया, 235 विधायकों ने ली शपथ
Bihar Vidhan Sabha Highlights: एनडीए प्रत्याशी के रूप में बीजेपी नेता प्रेम कुमार ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। इससे पहले नवनिर्वाचित विधायकों ने शपथ ग्रहण की। सबसे पहले उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शपथ ली है।
Bihar Vidhan Sabha Highlights: बिहार विधानमंडल का सत्र सोमवार से शुरू हो चुका है, जो 5 दिन चलेगा। पहले दिन 235 नवनिर्वाचित विधायकों ने शपथ ली। सबसे पहले उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शपथ ली है। उसके बाद विजय सिन्हा ने शपथ लिया। इसके बाद वरीयता क्रम से मंत्रियों का शपथ ग्रहण हुआ। विधानसभा सचिव ने क्रमवार शपथ के लिए विधायकों को आमंत्रित किया। इससे पहले प्रोटेम स्पीकर का संबोधन भी हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सदन में मौजूद रहे। इसके अलावा सोमवार को एनडीए प्रत्याशी के तौर पर बीजेपी के दिग्गज और सीनियर नेता प्रेम कुमार ने स्पीकर पद के लिए नामांकन किया।
दो दिसंबर को नए विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन होगा। सत्र 5 दिसंबर तक संचालित होगा। सत्र में विपक्ष ने सरकार को घेरने तो सत्ता पक्ष ने विपक्ष को जवाब देने की तैयारी की है। सदन की पांच बैठकें होंगी। विधानसभा चुनाव और नयी सरकार के गठन के बाद 18वीं विस की यह पहली बैठक है। सत्र पांच दिसंबर तक चलेगा।
Bihar Vidhan Sabha LIVE Update:
17:32 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधान परिषद के सभापित अवधेश नारायण सिंह ने शीतकालीन सत्र के पहले सभी दलों के नेताओं की बैठक बुलाई। सोमवार को सभापति के कार्यालय कक्ष में आयोजित इस बैठक में सभापति श्री सिंह ने आगामी सत्र के कुशल, सफल और शांतिपूर्ण संचालन हेतु सार्थक सहयोग देने की बात कही।
14:42 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: 18वीं विधानसभा के पहले सत्र के पहले दिन 235 विधायकों का शपथ ग्रहण हुआ। अभी तक सात विधायकों ने शपथ नहीं ली। जिसमें मदन सहनी, जीवेश मिश्रा, विनय बिहारी, केदारनाथ सिंह, अनंत सिंह, डॉ.सुनील कुमार और अमरेन्द्र पांडेय ने शपथ नहीं लीजबकि, प्रोटेम स्पीकर को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां ने राजभवन में ही शपथ दिलायी थी।
14:32 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: एनडीए उम्मीदवार के रूप में प्रेम कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। उन्होने नौवीं बार गया सदर सीट से जीत दर्ज की है।
13:47 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा में सभी विधायकों ने आज शपथ ले ली है। बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज पहला दिन था। मंगलवार तक कार्यवाही स्थगित कर दी गई है। यह सत्र 5 दिसंबर तक चलेगा।
13:37 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: मैथिली ने मैथिली में ली शपथ
बिहार विधानसभा में शपथ ग्रहण समारोह में एक खास बात यह भी रही कि बिहार की सबसे युवा विधायक मैथिली ठाकुर ने मैथिली भाषा में शपथ व। मैथिली ठाकुर पहली बार बिहार विधानसभा की सदस्य बनी हैं। अलीनगर से मैथिली ठाकुर ने विधानसभा चुनाव जीता है।
13:17 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: इस सत्र का प्रमुख आकर्षण विधानसभा की कार्यवाही का पूर्णतः ‘पेपरलेस’ (कागज रहित) होना है। सदन ‘नेशनल ई-विधान’ (नेवा) मंच के माध्यम से संचालित हुआ। ‘नेशनल ई-विधान’ (नेवा) भारत सरकार की ‘डिजिटल इंडिया’ पहल के अंतर्गत विकसित एक डिजिटल मंच है, जिसका उद्देश्य देश की सभी विधानसभाओं और संसद को ‘पेपरलेस’ बनाना है। यह एकीकृत प्रणाली विधायी कार्यों को तकनीक-संचालित और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
12:56 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: गायिका से विधायक बनीं मैथिली ठाकुर बिहार विधानसभा सत्र के पहले दिन सदन में पहुंचीं। बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर ने पीली साड़ी और पाग पहन कर शपथ लिया है।

12:33 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन यानी आज नवनिर्वाचित विधायकों का शपथ ग्रहण समारोह चल रहा है, लेकिन इस संवैधानिक प्रक्रिया के बीच सदन से एक बेहद खूबसूरत और राजनीतिक सौहार्द से भरी तस्वीर सामने आई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के कभी बेहद खास रहे और अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक बन चुके रामकृपाल यादव ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को गर्मजोशी से गले लगाया। ‘चाचा-भतीजा’ की इस मुलाकात ने सदन के माहौल को खुशनुमा बना दिया।
12:23 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र पर संजय झा ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। नीतीश जी को कहते हैं वो करते हैं।
12:17 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: महिषी से RJD विधायक गौतम ऋषि ऑटो से हवाई चप्पल पहने बिहार विधानसभा पहुंचे। चप्पल में विधानसभा आने को लेकर बोले मुझे चप्पल में कंफर्टेबल रहता है।
12:00 PM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार के मंत्री संजय पासवान ने कहा, "NDA सरकार को बहुत बड़ा जनादेश मिला है और हम जनता के विश्वास पर खरा उतरेंगे...बहुत सारी उम्मीदें हैं और हमारा उनपर खरा उतरने का लक्ष्य है..."
11:52 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन ने कहा, "हमें विपक्ष का सकारात्मक सहयोग चाहिए। जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है और अब हम सबको बिहार के विकास के लिए मिलकर काम करना चाहिए…"
11:42 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: नवनिर्वाचित भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा, "मेरा एक नया जीवन शुरु होगा। आज शपथ ग्रहण के बाद मैं विधायिका बन जाऊंगी। मेरे लिए आज बहुत बड़ा दिन है…"
11:36 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: रेणु देवी को गलत ढंग से शपथ लेने के बाद प्रोटेम स्पीकर ने रोक दिया। इसके बाद उन्हें फिर से शपथ लेना पड़ा।
11:33 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: सभी मंत्रियों ने शपथ ग्रहण कर लिया है। इसके अलावा बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी शपथ लिया है। इसके बाद अब विधानसभा क्षेत्रों के क्रम के अनुसार विधायक शपथ ले रहे हैं।
11:25 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: LJP (रामविलास) प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा, "आज सदन की शुरूआत है। हम जा रहे हैं और आज शपथ ग्रहण करेंगे। आज बहुत अच्छा दिन है...हम जनता के विश्वास पर खरा उतरने का काम करेंगे…"
11:16 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: सदन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद हैं। विधानसभा सचिव क्रम से नाम पुकार रहीं हैं।
11:14 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा में विधायकों ने शपथ ग्रहण करना शुरू कर दिया है। सबसे पहले उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शपथ ली है। उसके बाद विजय सिन्हा का शपथ होगा। इसके बाद वरीयता क्रम से मंत्रियों का शपथ ग्रहण हुआ।
11:10 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो चुकी है। प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव ने अपना संबोधन भी शुरू किया है। बता दें कि विधानसभा का पूर्ण डिजिटलीकरण हुआ है। विधानसभा में नवनिर्वाचित विधायकों ने शपथ लेना शुरू कर दिया है।
11:08 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: महागठबंधन के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव विधानसभा पहुंचे। वहां राजद और महागठबंधन के विधायकों ने उनका स्वागत किया। हालांकि चुनाव परिणाम आने के बाद से लगातार आज भी उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी।
10:45 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: राजद के भाई वीरेंद्र ने कहा कि हम पांडव हैं, संख्या बल में भले ही कम हैं, जैसे पांच पांडव कौरवों को हराये थे, उसी तरह हम सदन में एनडीए को हरायेंगे। सोमवार को बिहार विधानसभा की कार्रवाई शुरू होने के पूर्व परिसर में मीडिया से बातचीत में ये बातें कही।
10:35 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानमंडल सत्र के साथ संसद का भी शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो चुका है। सत्र से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि विपक्ष के साथियों को हार की हताशा से बाहर आना चाहिए। नारेबाजी के लिए देश में बहुत जगह है। संसद में नारे नहीं नीतियों पर बात होना चाहिए। ड्रामा नहीं डिलेवरी पर ध्यान देना चाहिए।
10:30 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: हालांकि विपक्ष के दलीय नेताओं को सामने वाली बेंच पर जगह दी जाएगी। यह बगल के ब्लॉक में होगी। इनमें राजद, कांग्रेस, भाकपा माले, सीपीएम, आईआईपी के अलावा एआईएमआईएम और बसपा विधायक दल के नेता अगली कतार में बैठेंगे। एनडीए ने 2010 के बाद इस बार 243 सीटों में सर्वाधिक 202 सीटें जीती हैं। इसके पहले 2010 में एनडीए ने 206 सीटों पर जीत हासिल की थी। आजादी के बाद यह पहली विधानसभा है, जिसमें कोई निर्दलीय विधायक जीत कर नहीं आया है। भाजपा ने 89, जबकि जदयू ने 85 सीटें जीती हैं। मुख्य विपक्षी पार्टी राजद को 25 और कांग्रेस को छह सीटों पर जीत मिली है।
10:16 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: 18वीं विधानसभा में सदन के अंदर का गणित इस बार पूरी तरह बदला हुआ होगा। सदन के अंदर की लगभग 85 फीसदी सीटों पर एनडीए विधायक ही दिखेंगे। विपक्ष की ओर एक ब्लॉक में ही विपक्ष के सभी विधायक बैठेंगे।
10:05 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: संसदीय कार्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा है कि सरकार ने सदन संचालन को लेकर अपने स्तर से पूरी तैयारी की है। सरकार सदन के अंदर विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने को तैयार है।
9:42 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: द्वितीय अनुपूरक बजट भी सदन में पेश होगा। चार दिसंबर को दोनों सदनों में राज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर वाद-विवाद और सरकार का उत्तर होगा। सत्र के अंतिम दिन पांच दिसंबर को दोनों सदनों में द्वितीय अनुपूरक बजट वाद-विवाद, मतदान होगा। इसी दिन इसपर मुहर लगेगी और फिर विनियोग विधेयक पेश होंगे।
9:32 AM- Bihar Vidhan Sabha LIVE: एक दिसंबर को प्रोटेम स्पीकर नरेन्द्र नारायण यादव नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। अगले दिन नवनिर्वाचित विधायकों में से ही विधानसभा अध्यक्ष का विधिवत चुनाव होगा। तीन दिसंबर को राज्यपाल दोनों सदनों के सदस्यों को संबोधित करेंगे। इसी दिन राज्यपाल की ओर से प्रख्यापित अध्यादेशों की प्रतियां सदन पटल पर रखी जाएंगी।





