बिहार विधानसभा में 7 बिल पारित, राजद ने पेट्रोल-डीजल के रेट घटाने की मांग की

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

Bihar Vidhan Sabha Highlights: बिहार विधानमंडल के मॉनसून सत्र का आज दूसरा दिन है। सम्राट चौधरी सरकार ने विधानसभा में 7 विधेयक पेश किए गए, जिन्हें बिना किसी संशोधन के पारित कर दिया गया। आरजेडी ने सम्राट सरकार से बिहार में पेट्रोल और डीजल के दाम करने की मांग की है।

Bihar Vidhan Sabha LIVE
Bihar Vidhan Sabha LIVE

Bihar Vidhan Sabha Highlights: बिहार विधानमंडल के मॉनसून सत्र का आज (21 जुलाई मंगलवार को) दूसरा दिन है। विपक्षी सदस्य अलग-अलग मुद्दों को लेकर सरकार को घेरती नजर आई। सदन के अंदर जदयू विधायक श्याम रजक ने आंबेडकर स्कूल में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया तो खुद सीएम सम्राट चौधरी को जवाब देना पड़ा। श्याम रजक ने इंदिरा आंबेडकर विद्यालय में कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में 62 फीसदी शिक्षकों की कमी है। इसपर बिहार सरकार के एससी-एसटी मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने कहा कि शिक्षकों की भर्ती को लेकर बीपीएससी को अधियाचना भेजी गई है। इसके बाद सीएम सम्राट चौधरी ने इसपर जवाब देते हुए कहा कि ये अति गंभीर है। सदन के सदस्य की चिंता भी गंभीर है। टीआरई 4 शिक्षक बहाली और गांवों में टैक्स पर भी सरकार ने अपना पक्ष रखा।

सम्राट सरकार ने आज विधानसभा में 7 विधेयक पेश किए। इन्हें सदन में चर्चा के लिए रखा गया। बिना किसी संशोधन के ही उन्हें पारित कर दिया गया। वहीं, आरजेडी ने विधान परिषद में पेट्रोल और डीजल के दाम घटाने की मांग की है। विपक्ष की ओर से कहा गया कि बिहार में टैक्स ज्यादा होने से यूपी और झारखंड से महंगा तेल मिल रहा है। इसे पड़ोसी राज्य की तरह किया जाए।

Bihar Vidhan Sabha Highlights-:

Bihar Vidhan Sabha LIVE 03:46 PM - विधानसभा में आज पेश किए गए सभी सात विधेयक को बिना किसी संशोधन के पारित कर दिया गया।

Bihar Vidhan Sabha LIVE 03:35 PM - राजद एमएलसी अब्दुल बारी सिद्दकी ने स्टेट हाई वे से टोल टैक्स लेने का आदेश वापस लेने की मांग की। इसपर जवाब देते हुए परिवहन मंत्री शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि केवल व्यावसायिक गाड़ियों पर ही टैक्स लगाने का निर्णय लिया गया है।

Bihar Vidhan Sabha LIVE 03:28 PM - विधान परिषद में राजद एमएलसी सुनील सिंह ने बिहार में पड़ोसी राज्य यूपी और झारखंड की तरह पेट्रोल और डीजल के दाम कम करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ज्यादा टैक्स की वजह से बिहारवासियों को ज्यादा दाम देना पड़ रहा है।

Bihar Vidhan Sabha LIVE 02:53 PM - विधानसभा स्पीकर प्रेम कुमार ने सदन में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को जन्मदिन की बधाई दी।

Bihar Vidhan Sabha LIVE 02:46 PM - बिहार विधानसभा में आरजेडी विधायक राहुल शर्मा ने सरकार का खजाना खाली होने का आरोप लगाया। इस पर सदन में कुछ देर के लिए हंगामा हो गया। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने इसे विपक्ष का फोबिया बता दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने ऐसा विकास जिंदगी में कभी नहीं देखा है। इसके बाद दोनों ओर से हंगामा शुरू हो गया।

Bihar Vidhan Sabha LIVE: 02:10 PM - विधानसभा की दूसरी पाली शुरू हुई, 7 बिल सदन में पेश हुए। इन सात विधेयकों पर चर्चा शुरू हुई-

  • बिहार जुआ (प्रतिषेध) विधेयक 2026
  • बिहार माल एवं सेवा कर संशोधन विधेयक 2026
  • बिहार भूमि दाखिल खारिज संशोधन विधेयक 2026
  • बिहार चीनी उपक्रम (अर्जन) संशोधन विधेयक 2026
  • बिहार चिकित्सा संशोधन विधेयक 2026,
  • बिहार नर्सेस पंजीकरण संशोधन विधेयक 2026
  • बिहार कृषि भूमि (गैर कृषि प्रयोजन के लिए सम्परिवर्तन) (निरसन) विधेयक 2026

Bihar Vidhan Sabha LIVE: 13:50 PM - सदन के अंदर एक ध्यानाकर्षण के जवाब में योजना मंत्री भगवान कुशवाहा ने कहा कि बिना निविदा के काम कराने की सीमा बढ़ेगी। अभी विधायक 15 लाख तक अनुशंसा करते हैं,इसे 25 लाख तक करने पर सरकार विचार करेगी।

Bihar Vidhan Sabha LIVE: 13:40 PM - बिहार विधानसभा में शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने कहा कि TRE-4 शिक्षक भर्ती की अधिसूचना इसी महीने जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर अगले पांच वर्षों में एक लाख शिक्षकों की बहाली की जाएगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर किया जाएगा और TRE-4 के बाद अभ्यर्थियों की अधिकांश शिकायतें खत्म हो जाएंगी।

Bihar Vidhan Sabha LIVE: 13:30 PM - बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन की कार्यवाही के दौरान विपक्षी विधायकों ने जोरदार हंगामा किया। कार्यस्थगन प्रस्ताव पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष के सदस्य वेल में पहुंच गए। काला बिल्ला लगाकर विरोध जताया। विपक्ष का आरोप था कि राज्य के कई विभाग वित्तीय संकट से जूझ रहे हैं, इसलिए इस मुद्दे पर तत्काल चर्चा होनी चाहिए।

Bihar Vidhan Sabha LIVE: 13:20 PM - बिहार विधान परिषद में एमएलसी शशि यादव ने बीहट की बंद चीनी मिल का मुद्दा सदन में उठाते हुए पूछा कि इसे कब चालू किया जाएगा। जवाब में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि गोपालगंज, सकरी समेत तीन स्थानों पर सरकार MoU के माध्यम से नई चीनी मिलों की शुरुआत करेगी।

Bihar Vidhan Sabha LIVE: 13:10 PM - तेजस्वी यादव की गैर मौजूदगी को लेकर सवाल पूछे जाने पर राजद नेता कुमार सर्वजीत नाराज़ हो गए। उन्होंने कहा कि आप अपनी ख़ैर मनाइए, हमारी चिंता मत कीजिए। दिल्ली में छात्रों की पिटाई हुई उस पर मीडिया सवाल क्यों नहीं करती? बिहार में 2 फीसदी रोपनी हुई, उसपर कोई कुछ नहीं पूछता। लेकिन तेजस्वी यादव कहां हैं इसे लेकर आपे पेट में दर्द है।

Bihar Vidhan Sabha LIVE: 13:00 PM - राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के ड्रेस कोड का मुद्दा सदन में उठाया। जवाब में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि शिक्षकों के खिलाफ शिकायत मिलने पर 48 घंटे के भीतर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मंत्री विजय कुमार चौधरी ने स्पष्ट किया कि शिक्षक उत्तेजक या अनुचित पहनावे में स्कूल नहीं जाएंगे।

Bihar Vidhan Sabha LIVE: 12:58 PM - बिहार विधान परिषद में विपक्षी सदस्यों ने जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। विपक्षी सदस्यों ने हाथ में काली पट्टी लगाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की है। नई दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठी चार्ज पर जवाब दो के नारे लगाए गए। दिल्ली में छात्रों पर किए गए लाठीचार्ज का विरोध करते हुए विपक्षी सदस्यों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा की मांग की है।

Bihar Vidhan Sabha LIVE: 12:55 PM - बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि कोई भी स्कूल भवन हीन नहीं रहेगा। सरकारी विद्यालयों में कंप्यूटर उपलब्ध कराया जाएगा।

Bihar Vidhan Sabha LIVE: 12:44 PM - बिहार विधानसभा में विधायक निधि बढ़ाने का मुद्दा जोरशोर से उठा। विधायक निधि बढ़ाने की मांग पक्ष- विपक्ष के सदस्य कर रहे हैं। सभी 4 करोड़ से बढ़ाकर 6 करोड़ करने की मांग कर रहे हैं। सांसदों की तरह विधायक भी योजनाओं की अनुशंसा की मांग कर रहे हैं।

Bihar Vidhan Sabha LIVE: 12:40 PM - ग्राम पंचायतों में टैक्स पर हंगामा

बिहार विधान परिषदमें ग्राम पंचायतों में टैक्स वसूली के मुद्दे पर सदन में हंगामा हुआ। राष्ट्रीय जनता दल के एमएलसी सुनील सिंह ने गरीबों से होल्डिंग टैक्स वसूली का विरोध किया। इस पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि गरीबों पर टैक्स लगाने की बात पूरी तरह निराधार और भ्रामक है।

Bihar Vidhan Sabha LIVE: 12:38 PM - विधायक अनंत सिंह ने एक बार फिर दोहराया है कि वो अगली बार बिहार विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जैसे हम नीतीश कुमार के साथ रहे वैसे ही हमारा बेटा निशांत के साथ रहेगा। जदयू के मोकामा विधायक ने कहा कि निशांत कुमार स्वास्थ्य विभााग में बहुत ही अच्छा काम कर रहे हैं।

Bihar Vidhan Sabha LIVE: 12:20 PM - राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने सदन में सवाल उठाया कि राज्य में कई स्कूल ऐसे हैं, जहां सिर्फ दो कमरों में विद्यालय संचालित हो रहे हैं और उन्हीं कमरों में 11वीं और 12वीं के करीब एक-एक हजार छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के लगभग 40 फीसदी स्कूलों के भवन जर्जर हैं और कई जगह पेड़ के नीचे स्कूल चल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को इस बात की समीक्षा करनी चाहिए कि जरूरत से ज्यादा शिक्षक होने के बावजूद ऐसी स्थिति क्यों बनी हुई है।

Bihar Vidhan Sabha LIVE: 12:10 PM - उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि विधेयक आएगा तो चर्चा होगी। कोई कर लग रहा है तो विपक्ष संशोधन प्रस्ताव सदन में लाए। तब विपक्षी सीट पर लौटे।

Bihar Vidhan Sabha LIVE: 12:00 PM - विधानसभा में विपक्ष ने जमकर हंगामा किया है। विपक्ष ने कार्यस्थगन प्रस्ताव लाया था। कार्यस्थगन अमान्य होने पर विपक्ष हंगामा कर रहा है। वेल में आए। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार सदस्यों को सीट पर जाने को कह रहे हैं। विपक्ष पंचायती कर, आकस्मिकता निधि से पैसा निकाले जाने पर कार्यस्थगन लाया था। नारेबाजी हो रही है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।