बिहार में चलती ट्रेन में खूनी खेल, लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने इंजीनियर के सीने में दाग दी गोली

हिन्दुस्तान, हिंदुस्तान संवाददाता, खगड़िया
Follow us on Google News
share

Khagaria Train Shooting: खगड़िया के बदलाघाट स्टेशन के पास अमृतसर-नरपतगंज जनसाधारण एक्सप्रेस में छिनतई के दौरान बदमाशों ने झारखंड के यात्री देव कुमार को सीने में गोली मार दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Bloodshed on a moving train in Bihar: Miscreants shot an engineer in the chest after he resisted a robbery attempt.

Khagaria Train Shooting: बिहार के खगड़िया जिले से एक बेहद चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ मानसी-सहरसा रेलखंड पर गुरुवार की देर शाम बदमाशों ने चलती ट्रेन में लूटपाट का विरोध करने पर एक यात्री को सीधे सीने में गोली मार दी। यह खौफनाक घटना अमृतसर से नरपतगंज जा रही 14604 डाउन जनसाधारण एक्सप्रेस ट्रेन में हुई। मानसी रेलवे स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद और बदलाघाट रेलवे स्टेशन पहुंचने से ठीक पहले बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। गोलीबारी की इस घटना से पूरी ट्रेन में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घायल यात्री को बेहद गंभीर हालत में खगड़िया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए तुरंत रेफर कर दिया है।

झारखंड के गोड्डा का रहने वाला है घायल यात्री

मिली जानकारी के मुताबिक, घायल रेल यात्री की पहचान झारखंड के गोड्डा जिले के रहने वाले प्रकाश वर्द्धन के 40 वर्षीय पुत्र देव कुमार के रूप में हुई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, देव कुमार की पत्नी बिहार के सुपौल जिले में मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) के पद पर कार्यरत हैं। देव कुमार अपने घर गोड्डा से अपनी पत्नी के पास सुपौल ही जा रहे थे। इसी दौरान मानसी और बदलाघाट रेलवे स्टेशन के बीच करीब रात के 8:35 बजे ट्रेन में अचानक कुछ शातिर बदमाश घुस आए और यात्रियों से सामान छीनने लगे। जब देव कुमार ने बदमाशों की इस छिनतई और बदमाशी का विरोध करने की कोशिश की, तो बेखौफ अपराधियों ने उन पर कट्टा तान दिया और सीधे उनके सीने में गोली दाग दी।

बदलाघाट स्टेशन पर रुकवाई गई ट्रेन

ट्रेन में गोली चलने की भयानक सूचना मिलते ही रेल महकमे और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस द्वारा ट्रेन को बदलाघाट रेलवे स्टेशन पर ही रुकवाया गया। सूचना मिलते ही मानसी जीआरपी और स्थानीय थानाध्यक्ष दीपक कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने लहूलुहान हालत में तड़प रहे इंजीनियर देव कुमार को ट्रेन से उतारा और बिना वक्त गंवाए इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल पहुंचाया। मानसी जीआरपी के थानाध्यक्ष रविभूषण ने घटना की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि चलती ट्रेन में एक रेल यात्री को गोली मारी गई है। पुलिस की विशेष टीमें अपराधियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए रेलखंड के आस-पास के इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Jayendra Pandey

लेखक के बारे में

Jayendra Pandey
अदम गोंडवी के शहर गोण्डा से ताल्लुक रखने वाले जयेंद्र पाण्डेय मेनस्ट्रीम मीडिया में अपनी अलग पहचान बना रहे एक ऊर्जावान युवा पत्रकार हैं। वर्तमान में ’हिन्दुस्तान’ (Hindustan Times Group) के साथ जुड़कर जनसरोकार की खबरों को कवर कर रहे जयेंद्र ने नोएडा के प्रतिष्ठित संस्थान जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं और अपने करियर का आगाज ‘जी न्यूज’ की नेशनल टीम में इंटर्नशिप से किया। इसके बाद उन्होंने ’दैनिक भास्कर’ में बतौर ट्रेनी फीचर और स्पेशल स्टोरीज पर काम करते हुए कंटेंट की बारीकियों को समझा। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग में अपना लोहा मनवाया, जिसमें नोएडा ट्विन टावर डिमोलिशन से लेकर बृजभूषण शरण सिंह बनाम पहलवानों के धरने तक कई हाई-प्रोफाइल इवेंट्स की ग्राउंड रिपोर्टिंग और अन्य कई स्पेशल स्टोरीज शामिल हैं। वर्तमान में वे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 'हिन्दुस्तान' की बिहार टीम के लिए राजनीति, क्राइम और जनसरोकार से जुड़ी बड़ी खबरों को बेहद आक्रामकता और गहराई के साथ कवर कर रहे हैं। मीडिया के साथ-साथ जयेंद्र का रुझान पॉलिटिकल कंसल्टेंसी की ओर भी है। वे चुनावी समीकरणों और रणनीतिक प्रबंधन की अच्छी समझ रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।