Hindi NewsBihar NewsBihar Top News Today 3 January Nitish Tejaswi Lalu Samrat BJP RJD crime politics weather updates
Bihar Top News Today: जनवरी में छुट्टी के दिन भी खुलेंगे रजिस्ट्री ऑफिस, मुजफ्फरपुर में DAO को निगरानी ने दबोचा

Bihar Top News Today: जनवरी में छुट्टी के दिन भी खुलेंगे रजिस्ट्री ऑफिस, मुजफ्फरपुर में DAO को निगरानी ने दबोचा

संक्षेप:

निगरानी टीम ने मुजफ्फरपुर के जिला कृषि पदाधिकारी को 19 हजार घूस लेते दबोच लिया। बिहार में बुजुर्गों को उनके घर पर स्वास्थ्य सुविधाएं बहाल की जाएंगी। सीएम नीतीश कुमार नें नए साल का तोहफा दिया है। राज्य में भीषण सर्दी को लेकर कई जिलों में स्कूलों की टाइमिंग बदल दिए गए हैं। 

Jan 03, 2026 02:48 pm ISTSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

Bihar Top News Today 3 January: नीतीश सरकार ने बिहार के बुजुर्गों से नए साल में खास तोहफा दिया है। अब घर बैठे उनके स्वास्थ्य की चिंता सरकारी डॉक्टर करेंगे। देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत बिहार को दो दिवसीय दौरे पर हैं। पटना हाईकोर्ट में शिलान्यास करेंगे। बिहार भीषण ढंड की चपेट में है। कई जिलों में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। आठवीं से ऊपर के क्लास में टाइमिंग में सुरक्षित बदलाव किया गया है। 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट मौसम विभाग की ओर से जारी किया गया है। प्रदेश की ताजा और महत्वपूर्ण खबरों के अपडेट लाइव हिंदुस्तान पर पढ़ें।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

गिरधारी साहू के विवादित बयान के विरोध में राजद महिला प्रकोष्ठ का प्रदर्शन

उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य के पति सह भाजपा नेता गिरधारीलाल साहू के द्वारा बिहार की महिलाओं की बोली लगाई जाने वाली अभद्र और अमर्यादित भाषा के विरोध में प्रदेश राजद महिला प्रकोष्ठ की ओर से शनिवार को पुतला दहन सह विरोध प्रदर्शन और मार्च का आयोजन किया गया। विरोध मार्च प्रदेश राजद कार्यालय से शुरू होकर आयकर गोलंबर तक गया। राजद नेताओं ने भाजपा के शीर्ष नेताओं का पुतला दहन भी किया।

जनवरी में रविवार और छुट्टी के दिन भी खुलेंगे रजिस्ट्री ऑफिस

जनवरी माह में रविवार सहित अवकाश के दिनों में भी सूबे के सभी निबंधन कार्यालय खुले रहेंगे। इसको लेकर मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक राज्य के सभी निबंधन कार्यालय रविवार और घोषित अवकाशों (राष्ट्रीय अवकाश को छोड़कर) पर भी खुले रहेंगे। यह सुविधा केवल जनवरी माह के लिए लागू होगी। राष्ट्रीय अवकाशों को छोड़कर शेष सभी अवकाश के दिनों में भी सामान्य कार्य दिवसों की भांति दस्तावेजों का निबंधन किया जाएगा। विभाग के इस फैसले से कार्य दिवसों में होने वाली भीड़ कम होगी।

मुजफ्फरपुर DAO 19 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

निगरानी की टीम ने मुजफ्फरपुर के जिला कृषि पदाधिकारी सुधीर कुमार ठाकुर को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। पदाधिकारी को उनके मिठनपुरा स्थिति निजी आवास से निगरानी टीम ने शनिवार को दबोचा। उनके जिम्मे कई पदाधिकारियों का चार्ज था। सुधीर कुमार ठाकुर बिहार के एक बड़े राजनेता के संबंधी बताए जा रहे हैं।

सड़क दुर्घटना मे घायल युवक की मौत

बेतिया में अज्ञात वाहन की ठोकर से गंभीर रूप से घायल युवक की मौत इलाज के दौरान शनिवार की सुबह हो गई। घायल युवक की पहचान मझौलिया थाना छेत्र वार्ड 05 अमवामन,कोइरी टोला,सेंवरिया निवासी देवनाथ यादव के पुत्र नितीश कुमार(18) के रूप मे हुई है।शनिवार को जीएमसीएच मे पोस्टमार्टम कराने पहुंचे नितीश के मामा मझौलिया थाना छेत्र के ही बखरिया निवासी विशाल कुमार ने बताया की नितीश सगौली मे फिलिपकार्ड कम्पनी मे डिलेवरी बॉय का काम करता था।

प्रो. मनेंद्र कुमार को विज्ञान रत्न अवार्ड

विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बी. आर. ए. बिहार विश्वविद्यालय के पूर्व विभागाध्यक्ष , जन्तु विज्ञान एवं कीट वैज्ञानिक प्रो. मनेंद्र कुमार को इन्टरनेशनल एकेडमी आफ़ साइंस एंड रिसर्च , कोलकाता द्वारा विज्ञान रत्न अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें विज्ञान एवं अकादमिक क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट शोध कार्यों , नवाचारों एवं निरन्तर योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है । यह पुरस्कार छह जनवरी को रायगंज विश्वविद्यालय , उत्तर दिनाजपुर , पश्चिम बंगाल में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन “ रीसेंट ट्रेड्स इन इनवायरन्मेंट , बायोलॉजिकल साइंसेज़ एंड सस्टेनेबिलिटी “ के उद्घाटन सत्र में दिया जाएगा ।

50 हजार का इनामी कुख्यात ठाकुर यादव गिरफ्तार

बिहार एसटीएफ ने भोजपुर जिला के 50 हजार रूपये के इनामी कुख्यात अपराधी ठाकुर यादव को रामगढ़ (झारखंड) से गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के मुताबिक ठाकुर यादव विगत वर्षों से गोलीबारी एवं रंगदारी के कांड में फरार चल रहा था। उक्त अपराधी के विरूद्ध भोजपुर जिला के विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी, लूट, डकैती एवं आर्म्स एक्ट सहित कुल 05 कांड दर्ज है। अन्य अपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है।

युवक की गोली मारकर हत्या, दोस्त पर शक

लखीसराय जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर गांव में शुक्रवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। यह वारदात कोईलवा दियारा में हुई, जहां आपसी विवाद को लेकर गोलीबारी की आशंका जताई जा रही है। मृतक की पहचान मोहनपुर निवासी स्व राजेश कुमार के पुत्र पियूष कुमार उर्फ़ रामार्चा उम्र 21 साल के रूप में हुई है, जिसे पांच गोलियां मारी गईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार पियूष कुमार शुक्रवार की दोपहर करीब 11 बजे घोड़ा लेकर अपने दोस्तों रामबोल कुमार और राहुल कुमार के साथ घास लाने के लिए कोईलवा दियारा गया था।

दो युवकों की दर्दनाक मौत से सोहागपुर में मातम

सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहागपुर में शुक्रवार रात भीषण सड़क हादासा हुआ। सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसमें बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

सासाराम में बिजली विभाग की छापेमारी टीम पर हमला

सासाराम में बिजली विभाग के जेई और अन्य कर्मियों को पीट कर घायल कर दिया गया। एक आटा चक्की में बिजली चोरी की सूचना पर टीम रेड करने गई थी। उग्र ग्रामीणों नें जेई का सिर फोड़ दिया।

पत्नी पर तेजाब डाला, खुद एसिड पी लिया, तड़प-तड़प कर मौत

भागलपुर जिले में घरेलू विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी को जबरन तेजाब पिला दिया और उसके शरीर पर उड़ेल दिया। फिर कमरे में बंद कर खुद भी तेजाब पी लिया। इस खौफनाक घटना में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत नाजुक बताई जा रही है।

सर्दी का सितम, 4 डिग्री तक गिरेगा तापमान

बिहार में सर्दी का कहर जारी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बिहार में शनिवार और रविवार को तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं। राज्य के 17 जिलों में शनिवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

बेटे ने फांसी लगाई, मां को आया हार्ट अटैक

पटना में 14 साल के बेटे को फांसी के फंदे पर लटका हुआ देख मां को हार्ट अटैक आ गया। परिजन दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन कुछ देर बाद ही मां-बेटे की मौत हो गई। गर्दनीबाग के दमरिया मोहल्ला की घटना है।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar
टीवी मीडिया और डिजिटल जर्नलिज्म में 15 साल से ज्यादा का अनुभव। क्राइम, पॉलिटिक्स, सामाजिक और प्रशासनिक मामलों की समझ रखते हैं। फिलहाल लाइव हिन्दु्स्तान में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर बिहार के लिए काम करते हैं। इससे पहले ईटीवी न्यूज/News18 में बिहार और झारखंड की पत्रकारिता कर चुके हैं। इंदिरा गांधी नेशनल ओेपन यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में पीजी किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar Shapath Grahan, Bihar Election Result 2025, Bihar Chunav Result, बिहार चुनाव 2025 , Bihar vidhan sabha seats , बिहार चुनाव एग्जिट पोल्स और बिहार चुनाव 2025 की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।