Bihar Top News Today:पटना में नितिन नवीन, अमित शाह आ रहे बिहार, वैशाली में नाबालिग साली से जीजा ने किया रेप

Feb 24, 2026 04:16 pm ISTSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन संजय सरावगी की मां को श्रद्धांजली देने दरभंगा पहुचे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिनों के दौरे पर बुधवार को बिहार आ रहे हैं। दरभंगा में ट्रेन को पलटने की बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया। 

Bihar Top News Today:पटना में नितिन नवीन, अमित शाह आ रहे बिहार,  वैशाली में नाबालिग साली से जीजा ने किया रेप

Bihar Top News Today: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मां को श्रद्धांजलि देने दरभंगा पहुंचे। 13 फरवरी को उनका निधन हो गया था। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिनों के दौरे पर बुधवार को बिहार आ रहे हैं। सीमांचल और अन्य जिलों में घुसपैठियों की रोक पर सुरक्षा बलों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। घुसपैठ पर बड़ी रणनीति बनाई जा रही है। दरभंगा में ट्रेन को पलटने की बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया। जीतनराम मांझी ने राज्यसभा चुनाव में एक सीट देने की इच्छा जताई है। सुपौल में शादी में आई लड़की को गैंगरेप के बाद पेड़ से लटका दिया गया। मुजफ्फरपुर में प्रेमिका के पति को टुकड़ों में काटकर ड्रम में भरने के आरोपी को उम्र कैद की सजा दी गई है। वैशाली में एक जीजा ने नाबालिग साली का रेप कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मोतीहारी में भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। प्रदेश की ताजा और महत्वपूर्ण खबरों के अपडेट लाइव हिन्दुस्तान पर पढ़ें।

नाबालिग का अपहरण, मैसेज भेज दी जानकारी

शिकारपुर थाना के एक गांव से एक नाबालिग का अपहरण कर लिया गया है। घटना 21 फरवरी की है। मामले में नाबालिग के पिता ने शिकारपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर में उसने बताया है कि उसकी पुत्री सरेह में शौच को गई थी। उसके बाद से उसका अता पता नही है।घटना के दो दिन बाद उसे मैसेज आया कि आपकी लड़की किडनैप हो गयी है। आप खोजबीन क्यो नही कर रहे हैं। उसके बाद मैसेज आया कि आपकी लड़की फोन या मैसेज करने को बोली है कि वह मुसीबत में है। थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्जकर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पटना पहुंचे

दरभंगा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मां की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के बाद वह पटना आये हैं। पटना पहुंचकर उन्होंने पार्टी नेताओं और सगे संबंधियों से मुलाकात की।

दो घुसखोर धराए

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मंगलवार को दो घूसखोर पदाधिकारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सुपौल जिले में मुरैना अंचल के सर्व अमीन विक्रम कुमार राम को 20 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए निर्मली नगर पंचायत के वार्ड नं0-1, राधा कृष्ण मंदिर के निकट स्थित इनके किराये के आवास से गिरफ्तार किया गया है। इनके विरुद्ध जमीन से जुड़े लंबित सर्वे कार्य के लिए रिश्वत की मांग किए जाने का आरोप है। दूसरी कार्रवाई में समस्तीपुर उजियारपुर प्रखंड एवं विद्यापति नगर के प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी राजेश कुमार भगत को 10 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए दलसिंह सराय स्थित काली चौक के निकट इनके किराये के आवास से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी के द्वारा जन वितरण प्रणाली अंतर्गत अतिरिक्त खाद्य आवंटन बढ़ाने के एवज में रिश्वत की मांग किए जाने का आरोप है।

तेज रफ्तार वाहन ने टेंपो को मारी ठोकर, चालक की मौत

दरभंगा के बेनीपुर-दोनार एसएच पर मंगलवार की सुबह बहेड़ा थाना क्षेत्र के धरौरा और माधोपुर के बीच तेज रफ्तार वाहन ने टेंपो को ठोकर मार दी। ठोकर लगने से टेंपो सड़क किनारे पलट गया। इससे गंभीर रूप से जख्मी चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बहेड़ा थाना क्षेत्र के सझुआर निवासी भागीरथ राय के पुत्र रंजीत राय (34) के रूप में की गई। पुलिस ने डीएमसीएच में शव का पोस्टमार्टम करा उसे परिजनों को सौंप दिया। डीएमसीएच में मौजूद परिजनों ने बताया कि रंजीत टेंपो लेकर बाहर से आने वाले कुछ लोगों को लाने दरभंगा जंक्शन जा रहा था। इसी दौरान किसी वाहन ने टेंपो को पीछे से ठोकर मार दी। टेंपो में दबे रंजीत को निकलकर उसे डीएमसीएच पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसे एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। वह परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य था।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पहुंचे दरभंगा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को दरभंगा पहुंचे। उन्होंने स्टेशन रोड स्थित भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह नगर विधायक संजय सरावगी के आवास पर पहुंचकर उनकी माताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दें कि श्री सरावगी की माताजी का निधन गत 13 फरवरी को हो गया था। उनके द्वादश कर्म पर राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नवीन ने श्री सरावगी के आवास पर पहुंचकर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने यहां थोड़ी देर रुककर श्री सरावगी और पार्टी के अन्य नेताओं से बात की। इस दौरान यहां बड़ी संख्या में एनडीए के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। श्री नवीन के आगमन पर पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी थी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मी तैनात थे

सुपौल में 20 हजार घूस लेते सर्वे अमीन गिरफ्तार

जिले के निर्मली नगर पंचायत वार्ड 1 में मंगलवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई। निगरानी ब्यूरो पटना की टीम ने 20 हजार रुपये घूस लेते एक सर्वे अमीन को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ट्रैप की यह कार्रवाई श्री राधा कृष्ण मंदिर के समीप स्थित एक मकान में की गई, जहां आरोपी किराये पर रह रहा था। गिरफ्तार सर्वे अमीन की पहचान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र निवासी दिलीप राम के पुत्र विक्रम कुमार राम के रूप में हुई है। वह मरौना अंचल क्षेत्र में पदस्थापित था। आरोप है कि उसने भूमि सर्वे के कार्य के बदले अवैध राशि की मांग की थी।

आपूर्ति पदाधिकारी को 10 हजार की रिश्वत लेते निगरानी ने उठाया

दलसिंहसराय अनुमंडल के विद्यापतिनगर प्रखंड के आपूर्ति पदाधिकारी को मंगलवार की सुबह पटना से आई निगरानी की टीम ने 10 हजार रुपये रिश्वत लेते ट्रेप कर लिया। ट्रेपिंग की कार्रवाई दलसिंहसराय शहर स्थित आपूर्ति पदाधिकारी के निजी आवास से की गई। इनके खिलाफ विद्यापतिनगर प्रखंड के पीडीएस दुकानदार राम एकबाल सिंह ने निगरानी में शिकायत कर बकाया खाद्यान्न देने के बदले 31 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था।

20 लाख से अधिक की ज्वेलरी चुराई

सुपौल में सदर थाना क्षेत्र के बसबिट्टी चौक पर सोमवार देर रात बेखौफ चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। ‘मां ज्वेलर्स’ का शटर अलगाकर बदमाश दुकान में घुसे और लॉकर ही उठाकर ले गए। करीब 50 मीटर दूर गेहूं के खेत में ले जाकर लॉकर को काटा और उसमें रखे सोना-चांदी व नकदी समेत 22 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति लेकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मंगलवार अल सुबह तब हुई जब मकान मालिक आनंद चौधरी ने मॉर्निंग वॉक से लौटते समय दुकान का शटर उखड़ा देखा। उन्होंने तुरंत रामदत्तपट्टी के घुरघुर चौक निवासी आभूषण कारोबारी चंदन स्वर्णकार को सूचना दी। दुकान पर पहुंचने पर लॉकर गायब मिला और अंदर का सारा कीमती सामान साफ था।

ट्रक से कुचल बाइक सवार एलआईसी कर्मी की मौत

सासाराम मंडल कारा के समीप पुरानी जी टी रोड पर सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही मौत हो गई । मृतक की पहचान डेहरी वार्ड नंबर 39 कमरनगंज निवासी जिउत राम के 35 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार के रूप में हुई है। मृतक सासाराम एलआईसी कार्यालय में कैशियर के पद पर कार्यरत था। मुफ्फसिल थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक फरार हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

थानेदार पर 5 हजार जुर्माना

हार के मुजफ्फरपुर के बोचहां थाने के थानेदार पर पांच हजार का जुर्माना लगाया गया है। पॉक्सो कोर्ट ने किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म के प्रयास के मामले की जांच पूरी नहीं करने पर बोचहां थानाध्यक्ष के वेतन से पांच हजार रुपये काटने का आदेश दिया है। यह राशि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कोष में जमा कराई जाएगी।

गेहूंमन यादव के बेटे को मारी गोली

जहानाबाद के परसविगहा थाना क्षेत्र के नौरू गांव स्थित घर के समीप शैलेश यादव (25 वर्ष) नामक एक युवक को गोली मार दी गई। यह घटना सोमवार की शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। जहानाबाद सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में युवक को पीएमसीएच रेफर किया गया है। जिस युवक को गोली मारी गई है वह मिश्रविगहा गांव के निवासी स्वर्गीय गेहुमन यादव के पुत्र हैं। घटना का कारण आपसी विवाद बताया गया है। इस घटना के संबंध में एसपी अपराजित लोहान ने बताया कि पुराने विवाद में घटना को अंजाम दिया जाना बताया जा रहा है।

राघोपुर में भीषण सड़क हादसा

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र के हुलास पंचायत स्थित हुलास नहर के समीप राघोपुर-हुलास रोड पर सोमवार की रात करीब 8 बजे दो बाइकों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। जिसमें एक बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा बाइक चालक मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि खून से लथपथ युवक को देखकर तुरंत डायल 102 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस ने घायल युवक को इलाज के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। वही घायल बाइक चालक त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के कुमयाही निवासी 50 वर्षीय किशुनदेव मंडल हैं। वह अपने ससुराल राघोपुर थाना क्षेत्र के गद्दी जा रहे थे, तभी हुलास नहर के समीप यह जोरदार टक्कर हो गई।

बिजली विभाग में गड़बड़झाला की लिस्ट लंबी

बिहार के मुजफ्फरपुर में बिजली विभाग में छापेमारी और कार्रवाई में खेल उजागर हुआ है। एक केस में छापेमारी के डेढ़ साल बाद एफआईआर दर्ज कराने का मामला उजागर हुआ। कई ऐसे मामले सामने आए हैं जिनमें रेड के महीनों बाद केस दर्ज कराए गए।

राज्यसभा चुनाव में मांझी ने मांगी एक सीट?

राज्य सभा की 37 सीट सीटों के चुनाव हो रहे हैं। इनमें बिहार की पांच सीटें भी शामिल हैं। एनडीए की तीन और महागठबंधन के दो राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। चुनाव में एक सीट के लिए केंद्रीय मंत्री ने एनडीए के शीर्ष नेतृत्व को पूराने वादे की याद दिला दी है।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar Board 10th Result 2026 Live, बिहार न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।