Bihar Top News Today: अनंत सिंह और सुरजभान के समर्थक भिड़े, पटना में IPS के घर रेड, बच्चा चोरी की अफवाह पर बवाल
Bihar Top News Today: अनंत सिंह और पूर्व सांसद सूरजभान के समर्थकों के बीच भिड़ंत हो गई। पटना में फायर डिपार्टमेंट के आईजी सुनील कुमार नायक के आवास पर आंध्र प्रदेश की पुलिस छापेमारी कर रही है।

Bihar Top News Today: छोटे सरकार के नाम से चर्चित मोकामा विधायक अनंत सिंह और पूर्व सांसद सूरजभान के समर्थकों के बीच भिड़ंत हो गई। विधायक अनंत सिंह का समर्थक सुमित सिंह थाना में हाजिरी लगाने के बाद अपने पड़ोसी माधव खन्ना के घर पहुंचा और गाली गलौज करने लगा। इस पर खन्ना एवं उनके परिजनों ने हमला कर दिया जिसमें सुमित सिं घायल हो गया। माधव खन्ना सूरजभान का समर्थक बताया जाता है। पटना में फायर डिपार्टमेंट के आईजी सुनील कुमार नायक के आवास पर आंध्र प्रदेश की पुलिस छापेमारी कर रही है। आईपीएस की गिरफ्तारी हो सकती है। बच्चा चोरी की अफवाह पर राज्य के कई जिलों बवाल की खबरें आ रही हैं। कई स्थानों पर अनजानों की पिटाई की खबरें आ रही हैं। बाढ़ में बच्चा चोरी के आरोप में असम के एक व्यक्ति को पकड़ा गया है। प्रदेश की ताजा और महत्वपूर्ण खबरों के अपडेट लाइव हिन्दुस्तान पर पढ़ें।
Bihar Top News Today 23 February:-
राजेपुर से स्मैक, अफीम व गांजा हुआ बरामद
पूर्वी चंपारण के राजेपुर थाना पुलिस ने सुखा नशा के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान में दो अलग-अलग गांव में छापेमारी कर दो तस्कर को गांजा, स्मैक,अफीम, नगद के साथ गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष कुमार सौरव ने बताया कि कदमा गांव के प्रेम सागर राय को 32 पुड़िया स्मैक,10 ग्राम अफीम,675 ग्राम गांजा, नगद 57 हजार व एक इलेक्ट्रोनिक तराजू बरामद किया गया। वहीं तेतरिया बाजार स्थित कपिल देव राय के चाय दुकान से 107 पुड़िया गांजा,447 ग्राम गांजा,104 पीस गोगो के साथ गोलू कुमार को गिरफ्तार किया गया। जबकि भुड़कुरवा गांव से 14 लीटर देशी चुलाई शराब के साथ एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया।
बाइक की ठोकर से बुजुर्ग की मौत, महिला जख्मी
बिरौल-बेनीपुर मुख्य सड़क एसएच 56 पर रविवार की रात तेज रफ्तार से आ रही बाइक की ठोकर से जख्मी हुए बुजुर्ग की मौत इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में ही हो गयी, जबकि इस घटना में जख्मी उसके छोटे भाई की पत्नी का इलाज स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने दूसरे दिन सोमवार की सुबह गांव पहुंचकर मृतक 65 वर्षीय बिंदेश्वर साहू के शव को कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। 42 वर्षीया रेखा देवी का इलाज स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार गांव के ही मो.हबीबुर के 22 वर्षीय पुत्र मो. अजहरुद्दीन रविवार की रात करीब आठ बजे सुपौल बाजार की ओर से अपने गांव आ रहा था।
सड़क हादसे में युवक की मौत, भीड़ ने ट्रक जलाया
नवादा जिले के मेसकौर में बेलवान मोड़ के पास सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को ऐसी टक्कर मारी कि लोहे का ढांचा चकनाचूर हो गया। इस हादसे में 24 वर्षीय धीरज कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आक्रोशित भीड़ ने उस ट्रक को फूंक दिया।
लोजपा आरवी के युवा नेता की मौत
सड़क हादसे में लोजपा आरवी के युवा नेता अमन सिंह की मौत हो गई है। उनके दो साथी घायल हैं जिनका इलाज चल रहा है। अमन सिंह वैशाली के जारंग रामपुर के रहने वाले थे। मुजफ्फरपुर आते समय तुर्की के पास उनकी कार डिवाइडर से टकरा कर पलट गई।
IPS सुनील कुमार नायक के घर को फायर डिपार्टमेंट के कर्मियों ने घेरा
फायर डिपार्टमेंट के आईजी सुनील कुमार के नायक पर बड़ी संख्या में विभाग के कर्मी जमा हो गए हैं। कर्मियों ने आवास के गेट को घेर लिया है। आंध्र प्रदेश पुलिस सुनील नायक के आवास पर छावेमारी कर रही है।
IPS सुनील कुमार नायक के घर पर छापा, गिरफ्तारी संभव
आंध्रप्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष की कथित हत्या प्रयास और हिरासत प्रताड़ना केस में बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी सुनील नायक के ठिकाने पर आंध्र प्रदेश पुलिस छापेमारी कर रही है। मामला वर्ष 2021 का है, जब तत्कालीन सांसद रघुराम कृष्ण राजू को वाईएसआर कांग्रेस पार्टी सरकार के दौर में गिरफ्तार किया गया था। उस वक्त नायक आंध्र में प्रतिनियुक्ति पर सीआईडी में डीआईजी के पद पर तैनात थे।
एंबुलेंस से 10.500 लीटर विदेशी शराब जब्त, ड्राइवर गिरफ्तार
किशनगंज में शराब की तस्कर की मंशा रखने वाले नए-नए तरीके अपनाकर कानून को चकमा देने की कोशिश कर रहे हैं। इसी क्रम में रविवार की शाम फरिंगोला चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने एक एंबुलेंस से विदेशी शराब बरामद किया है। एंबुलेंस से 10.500 लीटर विदेशी शराब बरामद किया गया है।एंबुलेंस चालक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान के सतीश और के वेंकट के रूप में हुई है। दोनों तेलंगाना के हुसैनाबाद के निवासी हैं।वे एंबुलेंस चला रहे थे और शराब को बिहार में कही उतारने वाले थे।उत्पाद विभाग की टीम उत्पाद निरीक्षक संगम कुमार विद्यार्थी के नेतृत्व में फरिंगोला चेक पोस्ट पर जांच अभियान चला रही थी।तभी एक संदिग्ध एंबुलेंस पर नजर पड़ी। यह वाहन पश्चिम बंगाल से आ रही थी।आमतौर पर एंबुलेंस मरीजों को ले जाने के लिए इस्तेमाल होती है, लेकिन यहां कोई मरीज नहीं था। टीम को शक हुआ तो गहन जांच की गई। जांच में पता चला कि एंबुलेंस में शराब ले जाया जा रहा था।
पटना में सगे भाइयों के मर्डर की पूरी कहानी
पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में अपराधियों ने रविवार की रात रिसेप्शन पार्टी के बाहर आते ही दो सगे भाइयों को गोलियों से भून डाला। बदमाशों ने दोनों पर ताबड़तोड़ 20 गोलियां दागीं। इस घटना में मनीष कुमार (32) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि, घायल मंजीत कुमार (24) को एनएमसीएच ले जाया गया। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महज सौ रुपए के लिए बेटे ने काट दिया मां का गला
बिहार के गोपालगंज में एक कलियुगी बेटे ने हैवानियत की हद कर दी। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के उसरी बीन टोली गांव में रविवार की दोपहर एक बेटे ने अपनी ही मां की धारदार हथियार से हत्या कर दी। मृतका की पहचान गणेश रावत की 50 वर्षीय पत्नी सुमित्रा देवी के रूप में हुई है।
सरकारी गुरुजी के लिए खुशखबरी
बिहार में सभी कोटि के स्कूल शिक्षकों के स्थानांतरण की नई नियमावली अप्रैल से लागू होगी। शिक्षा विभाग विभिन्न कोटि के शिक्षकों के तबादले के लिए पहले से बनी नियमावली को संशोधित कर रहा है। माना जा रहा है कि मार्च में इस नियमावली को अंतिम रूप से संशोधित कर लिया जाएगा।
अनंत और सूरजभान के समर्थक भिड़े
पटना के बाढ़ में मोकामा विधायक अनंत सिंह और पूर्व सांसद सूरजभान के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि वर्चस्व को लेकर दोनो पक्षों के बीच लड़ाई हो गई।
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

