
Bihar Top News Today: BJP कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का पटना में रोड शो, ठंड से कई जिलों में स्कूल बंद
नितिन नबीन राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद पहली बार बिहार दौरे पर पटना पहुंच गए हैं।मुजफ्फरपुर में एक पति ने अपनी पत्नी का सिर काटकर धड़ से अलग कर दिया। आरा में पैसेंजर ट्रेन रोटावेटर से टकरा गई है। पूरा बिहार भीषण सर्दी की चपेट में है।
Bihar Top News Today 23 December: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन पदभार संभालने के बाद पहली बार बिहार दौरे पटना पहुंच गए हैं।मुजफ्फरपुर में एक सनकी पति ने पत्नी का सिर धारदार हथियार से काटकर अलग कर दिया। पटना में उनके स्वागत की भव्य तैयारी की गई है। आरा में पैसेंजर ट्रेन रोटावेटर से टकरा गई है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने नीतीश कुमार के नेतृ्तव में बिहार के विकास की जमकर तारीफ की है। तेज प्रताप यादव ने बहन चंदा यादव के जन्मदिन पर भावुक संदेश दिया है। पूरा बिहार भीषण सर्दी की चपेट में है। प्रदेश की ताजा और खास खबरों के अपडेट लाइव हिन्दुस्तान पर पढ़ें।
नहर में मिला युवक का शव
नरकटियागंज के डीके शिकारपूर व मोहम्मदपुर गांव के बीच नहर में एक युवक का शव मिला है। युवक की पहचान पूरानी बाजार निवासी ललन श्रीवस्तव(45) के रूप में कई गयी है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि शौच जाने के दौरान नहर में गिरे पड़े युवक पर नजर पड़ी। इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। सूचना पर पहुंची शिकारपूर पुलिस ने युवक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेज दिया है। थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि युवक बाइक समेत नहर में गिर पड़ा है। इससे उसकी मौत हो गयी है।
पटना, लखीसराय में 8वीं तक के स्कूल बंद, 9वीं से बदला टाइम
बिहार में सर्दी का सितम जारी है। इससे आम जनजीवन पर बुरा असर पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। भीषण ठंड को देखते हुए पटना और लखीसराय में आठवीं क्लास तक के स्कूलों को बंद कर दिया गया है। नौवीं क्लास से आगे की पढ़ाई के लिए समय में बदलाव किया गया है।
पूरी खबर पढ़ें- पटना, लखीसराय में 8वीं तक के स्कूल बंद, 9वीं से बदला टाइम; भीषण ठंड की चपेट में बिहार
हैवान पति ने पत्नी का सिर काट धड़ से किया, रात भर रहा साथ
बिहार के मुजफ्फरपुर के पति की हैवानियत की सनसनीखेज खबर आई है। एक 60 साल के शख्स ने अपनी पत्नी का सिर दबिया से काटकर धड़ से अलग कर दिया। वह रात भर पत्नी के शव के साथ कमरे में रहा और सुबह फरार होने की फिराक में था। आसपास के लोगों ने उसे दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
बांग्लादेश में हिन्दू की हत्या, नेपाल के विराटनगर में प्रदर्शन
बांग्लादेश में हुई हिन्दू की हत्या के खिलाफ नेपाल के विराटनगर में विरोध मार्च निकला। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद युवा विभाग के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। विराटनगर के पंचमुखी मंदिर प्रांगण से निकली इस विरोध मार्च में बड़ी संख्या में युवा हुए शामिल हुए। इनके हाथों में तख्यिां थी और स्लोगन लिखे थे। विरोध मार्च के दौरान युवाओं ने बांग्लादेश में हिन्दूओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ आवज बुलंद की।
बाइक दुर्घटना में नेपाल के युवक की मौत
किशनगंज में सोमवार की शाम 6 बजे टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र अंतर्गत राजबांध के समीप बाइक दुर्घटना में युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान यादव विश्वकर्मा (26) पिता रिम बहादुर विश्वकर्मा के रूप में हुई है। युवक नेपाल देश स्थित झापा जिला के जीरोपानी का निवासी बताया जा रहा है। इस मामले में टेढ़ागाछ अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेज कर मृतक के रिश्तेदारों को सूचना दे दी गई है
बहन चंदा के नाम तेजप्रताप यादव का भावुक संदेश
तेजप्रताप यादव ने बड़ी बहन चंदा यादव के जन्मदिन पर भावुक पोस्ट किया है। तेजप्रताप यादव ने लिखा है कि उन्हें जैसी बड़ी दीदी की जरुरत थी वैसी ही चंदा यादव हैं। उनके साथ हमेशा डट कर खड़े रहने के लिए धन्यवाद दिया है।
पूरी खबर पढ़ें- बहन चंदा के नाम तेजप्रताप यादव का भावुक संदेश
नीतीश के मुरीद हुए कांग्रेस सांसद शशि थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए विकास कार्यों की जोरदार तारीफ की है। लेखक शशि थरूर सोमवार को पटना स्थित बापू टावर पहुंचे। जहां वे दो घंटे रुके। इस दौरान उन्होने महात्मा गांधी के जीवन, उनके विचारों और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी स्मृतियों को जाना। इससे पहले वे नालंदा लिटरेचर फेस्टिवल में शामिल हुए।
पूरी खबर पढ़ें- नीतीश के मुरीद हुए कांग्रेस सांसद शशि थरूर
आरा में ट्रैक्टर से टकराई ट्रेन
आरा में रोटावेटर लगे ट्रैक्टर से पैसेंजर ट्रेन टकरा गई। ट्रेन परिचालन बाधित हो गई है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पैसेंजर ट्रेन को आरा से मंगलवार की सुबह 7:44 बजे आरा से छोड़ा गया। इसके करीब 10 मिनट बाद स्टेशन मास्टर गड़हनी एस के सिंह को कंट्रोल से सूचना मिली कि ट्रैक्टर से टकरा गई है।
पीएम के खिलाफ भड़काऊ भाषण पर परिवाद दायर
दिल्ली स्थित रामलीला मैदान में 14 दिसंबर को आयोजित सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने के मामले में पटना व्यवहार न्यायालय में परिवाद दायर किया गया है। पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता रवि भूषण वर्मा की ओर से दायर मामले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, रास सदस्य सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी और जयपुर सिटी महिला कांग्रेस अध्यक्ष मंजूलता मीणा को आरोपित किया गया है। मामले पर मंगलवार को सुनवाई होगी। 14 दिसंबर को कांग्रेस की ओर से रामलीला मैदान में वोट चोर गद्दी छोड़ सभा का आयोजन किया गया था।
दारोगा भर्ती का पीटी 18 और 21 जनवरी को
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ने पुलिस दारोगा के 1799 पदों पर बहाली को लेकर प्रारंभिक परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। पहले चरण की प्रारंभिक लिखित परीक्षा 18 जनवरी और 21 जनवरी 2026 को दो-दो पालियों में ली जायेगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से: पुलिस अवर सेवा के मुताबिक पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक होगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर 8.30 बजे से रिपोर्टिंग करनी होगी। वहीं, दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2.30 से 4.30 बजे तक चलेगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को दोपहर एक बजे से परीक्षा केंद्र पर प्रवेश मिलेगा।लिखित परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 30 दिसंबर 2025 से उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगा।
राजस्वकर्मियों को जीपीएस से लैस बाइक देगी सरकार
राज्य में भूमि विवाद का समाधान जल्द होगा। इसके लिए राजस्व कर्मचारियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इस प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने के लिए राजस्व कर्मचारियों को जीपीएस लगी बाइक दी जाएगी। यह घोषणा उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को मुजफ्फरपुर में जनकल्याण संवाद में की। मंत्री ने संवाद में आए मसलों को अधिकतम एक पखवाड़े के भीतर हल करने का निर्देश दिया।
नितिन आज आएंगे, मिलर स्कूल में होगा अभिनंदन
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को पटना पहुंचेंगे। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के बाद गृह शहर में उनके स्वागत की तैयारी है। सोमवार को इसकी तैयारी में भाजपा की पूरी टीम जुटी रही। पटना एयरपोर्ट से मिलर हाई स्कूल मैदान तक उनका रोड शो होगा। स्कूल मैदान में उनका अभिनंदन समारोह होगा। नितिन नवीन दोपहर 12.30 बजे एयरपोर्ट पर उतरेंगे। एयरपोर्ट से शेखपुरा मोड़, हाईकोर्ट, आयकर गोलंबर होते हुए वह मिलर हाई स्कूल के मैदान में पहुंचेंगे, जहां पर भाजपा उनका अभिनंदन करेगी। इससे पहले पटना एयरपोर्ट पर भी नितिन नवीन का जोरदार स्वागत होगा। शाम चार बजे वह लोकभवन जाकर राज्यपाल से भेंट करेंगे। भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के सांसदों, विधायकों, विधान पार्षदों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें



