
Bihar Top News Today: दरभंगा में नहर में कार पलटी, तीन दोस्तों की मौत, थावे शक्तिपीठ में भीषण चोरी
थावे मंदिर में चोरों ने मां का 51 लाख का मुकुट चुरा लिया। विधायक संजय सरावगी आज प्रदेश अध्यक्ष का प्रभार विधिवत ग्रहण करेंगे। बिहार के अधिकांश जिलों में सर्दी का सितम शुरू हो गया है। राजद विधायक भाई वीरेंद्र के खिलाफ एमपी-एमएलए कोर्ट में मुकदमा चलेगा।
Bihar Top News Today 18 December: दरभंगा में एक कार नहर में पलट गई जिसमें तीन दोस्तों की डूबकर दर्दनाक मौत हो गई। गोपालगंज स्थित थावे शक्तिपीठ में चोरों ने मां का 51 लाख का मुकुट और दानपेटी समेत जेवर गायब कर सनसनी फैला दी। लोगों में काफी आक्रोश है। बिहार भाजपा के नये कप्तान और दरभंगा विधायक संजय सरावगी आज प्रदेश अध्यक्ष का प्रभार विधिवत ग्रहण करेंगे। सरावगी दिलीप जायसवाल का स्थान लेने वाले हैं।सीएम नीतीश कुमार के हिजाब प्रकरण में पाकिस्तान से मिली धमकी पर साइबर सेल ने जांच तेज कर दिया है। पटना समेत बिहार के अधिकांश जिलों में सर्दी का सितम शुरू हो गया है। सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। राजद विधायक भाई वीरेंद्र के खिलाफ सचिव को धमकी प्रकरण में एमपी-एमएलए कोर्ट में मुकदमा चलेगा। बिहार पंचायत चुनाव दिसम्बर 2016 तक कराने को लेकर चुनाव आयोग की गतिविधि शुरू हो गयी है। प्रदेश की ताजा खबरों के अपडेट लाइव हिन्दुस्तान पर पढ़ें।
राघोपुर के स्कूल में प्रार्थना के दौरान पांच बच्चे बेहोश
राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय तांती मुस्लिम टोला गैसाबाद वार्ड 1, रामविशनपुर में गुरुवार सुबह प्रार्थना के दौरान अचानक पांच बच्चे बेहोश हो गए। बेहोश होते ही स्कूल में अफरातफरी मच गई। स्कूल शिक्षकों ने आनन-फानन में सभी बच्चों को रेफरल अस्पताल सिमराही में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि स्कूल आने के बाद प्रार्थना के दौरान बच्चे बारी-बारी से बेहोश होने लगे। बच्चों के बेहोश होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों का स्कूल में जमावड़ा लग गया। चेतना सत्र के बाद अचानक आधा दर्जन बच्चे बेहोश हो गए, जिससे स्कूल में हड़कंप मच गया। राधिका कुमारी (13 वर्ष) सादिया खातून (10 वर्ष)सालेहा खातून (10 वर्ष)मो. जसीम (9 वर्ष मो. ताजिद (10 वर्ष) शामिल हैं।
किशोरी का अपहरण, अनहोनी की आशंका
बेतिया में एक मोहल्ले से किशोरी का अपहरण कतिपय तत्वों ने कर लिया है। अपहृत किशोरी के पिता ने कालीबाग थाना में दर्ज कराया है।एफआईआर में नगर के पुरानी गुदरी राजगुरू चौक निवासी विष्णु गुप्त उर्फ राजा सर्राफ, उसके पिता, मां, बहन व भाई को नामजद किया है । किशोरी के पिता ने एफआईआर में बताया है कि 12 दिसंबर की दोपहर वे घर पर आए तो उनकी पुत्री घर पर नहीं थी। वह जिस मोबाइल फोन का इस्तेमाल करती है, वह स्विच ऑफ था। घर में रखे उनकी पत्नी के करीब साढ़े चार लाख रुपये मूल्य के सोने व चांदी के आभूषण तथा डेढ़ लाख रुपये नकद गायब था। खोजबीन के दौरान पता चला कि अभियुक्तों ने गलत मंशा से पुत्री का अपहरण कर लिया है। पत्नी के आभूषण और नकद रुपये भी लेकर गायब हो गए हैं। काफी खोजबीन के बाद भी उनकी पुत्री का पता नहीं चला। उन्होंने आशंका जताई है कि अभियुक्त उसकी लड़की का अपहरण कर कोई अनहोनी घटना कर सकते हैं। एफआईआर के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पटना सरस मेला में पहुंचे सीएम नीतीश
सीएम नीतीश कुमार पटना के गांधी मैदान में लगे सरस मेला में गुरुवार को पहुंचे। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों के स्टॉल का निरीक्षण किया और बातचीत करके उनके कारोबार के बारे में जाना। गांधी मैदान में सरस मेला 12 दिसम्बर से 28 दिसम्बर तक चलेगा। सीएम ने प्रशासनिक तैयारियों और सुरक्षा का भी जायजा लिया।
बोलेरो की ठोकर से किसान की मौत , एक ज़ख्मी
बेतिया के शिकारपुर थाना क्षेत्र के कतराहा नदी पुल के समीप बुधवार की शाम करीब छह बजे अनियंत्रित वाहन की ठोकर से शेख सगीर (40) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वे पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के भेड़िहारी वार्ड छह के स्व. दानिश शेख के पुत्र थे। घटना में एक अन्य किसान अंसारुल शेख (35) गंभीर रूप से जख्मी हो गए है। स्थानीय स्तर पर उनका उपचार हो रहा है। वे भी भेड़िहारी वार्ड छह के रहने वाले हैं। घटना की सूचना पर पुलिस ने एक बोलेरो को जब्त कर लिया है। बताया जाता है कि शेख सगीर और शेख अंसारुल धान के खेत की रखवाली करने गए थे। शाम छह बजे दोनों अपने-अपने साइकिल से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने साइकिल में ठोकर मार दिया। जिससे शेख सगीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों के सहयोग से घायल अंसारुल शेख को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। शेख सगीर की एक पुत्री मुस्कान खातून (12) व चार पुत्र मोहम्मद शादिल (18), साजिद अख्तर (15), मोहम्मद खुर्शीद (13) तथा मोहम्मद एजाज (5) है। घटना के बाद उनके घर में कोहराम मचा है।
नहर में कार पलटी, तीन युवकों की मौत
दरभंगा के नेहरा थाना क्षेत्र के नेहरा धूंसी के पास गत बुधवार की रात 11 बजे नहर में कार पलटने से उसमें सवार चालक सहित तीन युवकों की पानी में दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान नेहरा गांव के ही अजय सहनी, सुजीत सहनी तथा कार चालक शंभु सहनी के रूप में की गई। सभी ययवक 30 वर्ष से कम उम्र के थे। अपर थानाध्यक्ष निलेश कुमार ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है।
सड़क हादसे मे युवक की मौत, तीन घायल
कटिहार सनौली सड़क के शिव मंदिर सौरिया के समीप ट्रक और बाइक के आमने-सामने की टक्कर मे एक युवक की मौत और तीन गंभीर रूप से घायल है। घटना गुरुवार सुबह 7 बजे के आस पास की है। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज कटिहार भेजा गया है ।प्राप्त जानकारी के अनुसार एक ही बाइक पर चार युवक कोचिंग पढ़ाई करने के लिए सौरिया जा रहा था । घना कोहरा होने के कारण ट्रक दिखाई नहीं दिया जिसके कारण आमने-सामने टक्कर हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर डंडखोरा पुलिस पहुंच कर घायल को मेडिकल कॉलेज भेजा गया तो वही चालक ट्रक चालक फरार हो गया। ट्रक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में पुलिस जुट गई है।
संदेहास्पद स्थिति में नवविवाहिता का मिला शव
सहरसा के सोनवर्षा कचहरी थाना क्षेत्र स्थित किराए के मकान में रहने वाली नवविवाहिता का गुरुवार की सुबह संदेहास्पद स्थिति में शव मिला।मृतका की पहचान श्याम सुंदर मालिक की पत्नी शिवानी कुमारी के रूप में हुई। जो सोनवर्षा कचहरी थाना क्षेत्र के बिशनपुर पेट्रोल पंप के सपीम किराए के मकान में अपने ससुराल में रहती थी। मामले की जानकारी मिलने पर सोनवर्षा कचहरी पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन कर रही है ।चर्चा है की महिला की मौत बुधवार को हीं हुई थी। मृतका की सास ने बताया कि बहु फंदे से लटकी हुई थी जिसे नीचे उतार कर चौकी पर रख दिये। वहीं महिला का पति कल काम पर गया था लेकिन अभी तक नहीं लौटा है। पुलिस द्वारा फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर छानबीन कर रही है ।
राज्यपाल जाएंगे छपरा
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान आज लोककवि भिखारी ठाकुर की जयंती पर सुबह 11:30 बजे कुतुबपुर दियारा स्थित उनके पैतृक गांव भिखारी ठाकुर आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में करेंगे शिरकत। भिखारी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और कुतुबपुर दियारा पैतृक स्थल का करेंगे परिभ्रमण। 12:30 बजे कुतुबपुर दियारा से होंगे रवाना।
550 मिग्रा ब्राउन शुगर के साथ तीन धंधेबाज गिरफ्तार
अररिया में कोशी प्रदेश प्रहरी प्रमुख डीआईजी के निर्देश पर नशा कारोबारियों के ऊपर लगातार करवाई की जा रही है । इसी क्रम में सुनसरी झुमका निवासी विशाल सरदार को 250 मिलीग्राम और धनकुट्टा निवासी प्रेम गुरुंग , तुलसी पौडेल को 300 मिलीग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार कर आगे की करवाई की जा रही है । नेपाल पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनो से कड़ी पूछताछ जारी है।
थावे दुर्गा मंदिर से 51 लाख के मुकुट समेत सोना-चांदी के आभूषण की चोरी
गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में बुधवार की रात चोरों ने अंदर घुसकर मां दुर्गा की प्रतिमा से सोना-चांदी के मुकुट, हार समेत अन्य कीमती आभूषण चुरा लिए। चोरों ने मंदिर परिसर में बने लॉकर को भी तोड़ कर वारदात को अंजाम दिया। गौरतलब है पिछले वर्ष झारखंड के एक व्यवसायी ने मां थावेवाली को 251 ग्राम वजन का करीब 51 लाख रुपये मूल्य का सोने का मुकुट अर्पित किया था।
सभी जिलों में कुत्तों के लिए घर
बिहार से कभी जिलों में कुत्ता आश्रय गृह खोला जाएगा। पंचायती राज विभाग ने इस दिशा में पहल शुरू कर दिया गया है। जिलों से जमीन अधिग्रहण की रिपोर्ट मांगी गयी है।
पूरी खबर यहां पढ़ें- सभी जिलों में कुत्ता आश्रय गृह खुलेंगे
छह साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या
बिहार के भोजपुर में छह साल की बच्ची की हत्या कर दी गई। उसके साथ पहले रेप किया गया। नाक, मुंह के साथ गुप्तांग से भी खून बह रहा था।
पूरी खबर यहां पढ़ें- बिहार में छह साल की बच्ची से रेप फिर मर्डर
बिहार में सर्दी का सितम
पटना समेत पूरे बिहार में सर्दी का कहर शुरू हो गया है। तापमान में गिरावट के साथ गुरुवार को सुबह की शुरुआत घने कोहरे से हुई। लोग सर्दी से ठिठुरते दिखे। अगले दो दिनों तक अधिकांश जिलों में कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। कनकनी में इजाफे से बच्चों और बुजुर्गों की परेशानी बढ़ गई है।
पूरी खबर यहां पढ़ें- कैसा रहेगा बिहार का मौसम
भिखारी ठाकुर जयन्ती आज
भोजपुरी के शेक्सपीयर कहे जाने वाले भिखारी ठाकुर की जयंती है। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान उनके गांव छपरा के कुतुबपुर में जाकर नमन करेंगे। भिखारी ठाकुर के लिए भारत रत्न की मांग की जा रही है।

लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें



