
Bihar Top News Today: पति की हत्या में पत्नी-प्रेमी समेत 4 को उम्र कैद, विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग स्थापित
बेतिया कोर्ट ने युवक लोरिक यादव हत्या कांड में उसकी पत्नी-प्रेमी समेत चार को उम्रकैद की सजा सुनाई है। समृ द्धि यात्रा पर नीतीश कुमार मोतिहारी मेंहैं। मोतिहारी में बन रहे विराट रामाणय मंदिर परिसर में विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग की स्थापना की गयी है।
Bihar Top News Today 17 January: बेतिया कोर्ट ने युवक की हत्या के मामले में उसकी पत्नी और प्रेमी समेत चार दोषियों को उम्र कैद और पचास-पचास हजार जुर्माने की सजा सुनाई है। समृद्धि यात्रा के दूसरे दिन नीतीश कुमार मोतिहारी में पहुंच गए हैं। उनके साथ दोनों डिप्टी सीएम विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी भी मौजूद हैं। विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग की आज मोतिहारी में बन रहे विराट रामाणय मंदिर परिसर में आज स्थापना हो रही है। आचार्य किशोर कुणाल के पुत्र शायन कुणाल और उनकी पत्नी शांभवी चौधरी मुख्य यजमान हैं। सीएम नीतीश कुमार इस आयोजन में भाग लेंगे। पटना के हॉस्टल में जहानाबाद की नीट छात्रा की मौत मामले में गैंग रेप की बात सामने आई है। जांच के लिए एसआईटी की गठन कर दिया गया है जिसमें थाना प्रभारी को शामिल नहीं किया गया है। मधेपुरा में ट्रक और कार की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। विधानसभा चुनाव में हार पर राजद की समीक्षा बैठक बुलाई गई है। प्रदेश की ताजा और महत्वपूर्ण खबरों के अपडेट लाइव हिन्दुस्तान पर पढ़ें।
अपहृत युवक का शव बरामद, रस्सी से गला दबाकर हत्या
बांका जिले के लौगांय गांव से अपहृत युवक की हत्या कर शव फेंके जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक का शव लौगांय गांव के खिरखिरिया बहियार स्थित आम के बगीचे से बरामद किया गया। यह बगीचा लौगांय निवासी बमबम कुमार का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार युवक का अपहरण गुरुवार की शाम किया गया था, जिसके बाद से वह लापता था। शनिवार की सुबह एक अपहरणकर्ता की निशानदेही पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जहां आम के बगीचे में शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रस्सी से गला दबाकर युवक की हत्या की गई है। शव मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।
विवाहिता और प्रेमी समेत 4 को उम्रकैद, पति की हत्या कर किए थे कई टुकड़े
बिहार के पश्चिम चंपारण में एक विवाहिता को उसे प्रेमी के साथ कठोर आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। कोर्ट ने हत्या के एक मामले में चार दोषियों को सजा दी है। कैद के साथ साथ सभी दोषियों को पचास-पचास हजार जुर्माने की भी सजा दी गयी है।
विराट शिवलिंग स्थापना समारोह शुरू
मोतिहारी के कल्याणपुर के कैथवलिया स्थित विराट रामायण मंदिर में विश्व के सबसे ऊंचे शिवलिंग स्थापना समारोह शुरू हो चुका है। सुबह 8 बजे से 10:30 बजे तक पीठ पूजा का कार्यक्रम संपन्न किया गया।इसके बाद हवन व शिवलिंग स्थापित करने का कार्यक्रम शुरू हुआ है। 33 फीट ऊंचे शिवलिंग को दो क्रेन से सीधा कर स्थापित किया जा रहा है।बनारस व पटना से आए आचार्य शिवलिंग स्थापना कार्यक्रम को संपन्न करा रहे हैं। वैदिक मंत्रों से वातावरण गूंज रहा है। थोड़ी देर में सीएम नीतीश कुमार भी यहां पहुंचेंगे। वे यहां 15 मिनट तक रहेंगे। इधर, विराट शिवलिंग की स्थापना को लेकर माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया है।सुबह से विराट रामायण मंदिर परिसर में लोग पहुंचने लगे थे। सड़कों पर लोगों की भीड़ है। सभी इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने को लालायित दिख रहे हैं।वाहनों पर रोक के कारण पैदल ही लोग कार्यक्रम स्थल की ओर निकल पड़े हैं।लगातार हर हर महादेव के जयघोष से वातावरण गूंज रहा है।
हावड़ा–कामाख्या के बीच दौड़ेगी देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
रेल कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 और 18 जनवरी 2026 को पश्चिम बंगाल और असम के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे गुवाहाटी (कामाख्या) और हावड़ा के बीच देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
बिहार में 2 करोड़ के सिगरेट जब्त, इंडोनेशिया, कोरिया, म्यांमार तक नेटवर्क
बिहार के मुजफ्फरपुर में दो करोड़ की अवैध सिगरेट जब्त की गयी है। नगर थाना क्षेत्र के शुक्ला रोड स्थित शीतला गली में एक गोदाम में पुलिस टीम ने शुक्रवार शाम छापेमारी की गई। गोदाम से विदेशी व नकली सिगरेट की बड़ी खेप जमा की गई थी। मुंबई से आए आईटीसी कंपनी के अधिकारी की सूचना पर नगर थाने की पुलिस ने यह कार्रवाई की। छापेमारी की भनक लगते ही गोदाम संचालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
मधेपुरा में सड़क हादसे में चार की मौत
मधेपुरा शहर में शनिवार तड़के हाइवा और कार की भीषण टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। मारे गए चारों युवक आपस में दोस्त थे। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। कार के परखच्चे उड़ गए।
पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
नीट छात्रा मौत की जांच के लिए एसआईटी गठित
जहानाबाद की नीट छात्रा की मौत मामले में परिजन ने गैंगरेप और मर्डर का दावा करते हुए सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि पटना पुलिस पर भरोसा नहीं है। दूसरी ओर, पुलिस ने एसआईटी का गठन किया है।
सुबह-शाम ठंड, दिन में धूप; कैसा रहेगा वेदर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले एक सप्ताह तक राज्य के लोगों को ठंड से हल्की राहत मिलेगी। दिन में धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। हालांकि, सुबह और शाम के समय ठंड का असर जारी रहेगा।
विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग की स्थापना आज
बिहार के मोतिहारी स्थित कैथवलिया विराट रामायण मंदिर में 17 जनवरी को दुनिया के सबसे ऊंचे शिवलिंग की स्थापना होगी। 33 फीट ऊंचा, 210 टन वजनी ग्रेनाइट शिवलिंग तमिलनाडु में बना है। कार्यक्रम में सीएम नीतीश कुमार शामिल होंगे।





