Hindi NewsBihar NewsBihar Top News Today 12 December Nitish Kumar Samrat Choudhary Tejaswi yadav Lalu Rohini weather politics crime updates
Bihar Top News Today: पटना में दोस्तों की पिटाई से युवक की मौत, नीतीश का नवादा दौरा

Bihar Top News Today: पटना में दोस्तों की पिटाई से युवक की मौत, नीतीश का नवादा दौरा

संक्षेप:

Bihar Top News Today: पटना में दोस्तों की पिटाई से एक युवक की मौत हो गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को नवादा जिले का दौरा कर विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की समीक्षा की। रोहतास में डीईओ कार्यालय का डेटा एंट्री ऑपरेटर घूस लेते पकड़ा गया है।

Dec 12, 2025 04:21 pm ISTSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share Share
Follow Us on

Bihar Top News Today 12 December: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नवादा जिले में विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण किया। सासाराम में 12 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या कर दी गई। सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के भ्रष्ट विकास अधिकारी भावेश कुमार के पटना और गोपालगंज स्थित 6 ठिकानों पर ईओयू ने छापेमारी की है। सहरसा में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पटना में दोस्तों की पिटाई से एक युवक की मौत हो गई। बिहार में फिल्म सिटी बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत से मुलाकात के बाद मुंबई से बॉलीवुड की टीम ऐक्ट्रेस और प्रोड्यूसर नीतू चंद्रा के साथ बांका के कटोरिया में लोकेशन का निरीक्षण किया। अगले सात दिनों तक बिहार का मौसम शुष्क रहेगा। बारिश के आसार नहीं हैं पर कंपकंपाने वाली ठंड बढ़ेगी। बिहार सरकार ने अंग्रेजी समेत चार विदेशी भाषाओं की मुफ्त पढ़ाई का प्लान बना रही है। इससे नौकरी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। बिहार पुलिस ने झारखंड के रांची से लूटे गए 12 करोड़ का सोना और 10 लाख की चांदी बरामद कर लिया है। आज 12 दिसम्बर की बिहार की ताजा खबरें लाइव हिन्दुस्तान पर पढ़ें।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

रोहतास में शिक्षा विभाग का डेटा एंट्री ऑपरेटर घूस लेते गिरफ्तार

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने रोहतास के अकोढ़ीगोला स्थित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय में तैनात डाटा इंट्री ऑपरेटर चंदन कुमार शर्मा को 14 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिलने पर उसकी जांच कर कार्रवाई की गई।

नीतीश का नवादा दौरा, सोलर प्लांट समेत कई परियोजनाओं का निरीक्षण

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को नवादा जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने फुलवरिया जलाशय अन्तर्गत बहुग्रामीण जलापूर्ति योजना, मत्स्य पालन, निर्माणाधीन फ्लोटिंग सोलर प्लांट तथा रजौली में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएम ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं तथा जीविका दीदियों से संवाद भी किया और उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य उप केन्द्र सह-हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का भी जायजा लिया।

उपेंद्र कुशवाहा के विधायक रामेश्वर महतो के फेसबुक पोस्ट से सनसनी

राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी के विधायक रामेश्वर महतो ने फेसबुक पोस्ट कर नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया है, लेकिन इशारा कुशवाहा की ओर माना जा रहा है। इसके बाद सियासी गलियारों में चर्चा का दौर शुरू हो गया है। पूरी खबर पढ़ें

पटना: दोस्तों की पिटाई से युवक की मौत

राजधानी के चौक थाना क्षेत्र के नारायणी कन्या विद्यालय के पास आपसी विवाद में दोस्तों ने एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। जख्मी युवक को इलाज के लिए एनएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

लखीसराय: पिकअप ने ई–रिक्शा को मारी टक्कर, पांच गंभीर घायल

जिले के तेतरहट थाना क्षेत्र के गुलनी के पास शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक ही गांव के चार लोग एवं लखीसराय दालपट्टी का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार रायडीह गांव के कुछ लोग गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। सभी लोग गुलनी गांव के पास ई-रिक्शा पर सवार हो रहे थे कि पीछे से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा सड़क किनारे पलट गया और उस पर सवार सभी यात्री घायल होकर बिखर गए।

ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक चालक की मौत

पूर्णिया में धमदाहा थाना क्षेत्र के मुगलिया पुरंदाहा पंचायत के धरहर जमुनिया से धमदाहा की ओर आ रही एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान धमदाहा थाना क्षेत्र के मुगलिया पुंरदाहा पश्चिम पंचायत के गजेंद्र मिश्र के 50 वर्षीय पुत्र मिथिलेश मिश्र के रूप में हुई हैं‌। घटना के संबंध में बताया जाता है कि मिथिलेश बाइक से अपने घर मोगलिया पुरंदाहा पश्चिमी वार्ड नंबर 14 जा रहा था। धरहर जमुनिया की ओर से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना में उसकी तत्काल मौत हो गई। बाद में लोगों ने ट्रैक्टर को पकड़ने के बाद इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस निरीक्षक सह थाना अध्यक्ष सरोज कुमार की अगुवाई में घटनास्थल पर पहुंची धमदाहा थाना पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।

राशन लेने जा रही महिला की मौत

पूर्णिया में राशन लेने के लिए घर से कोटा जा रही एक 50 वर्षीय महिला की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के संबंध में बताया जाता है कि बरदेला पंचायत के तरौनी मुस्लिम टोल के मोहम्मद मसले उद्दीन की 50 वर्षीय पत्नी दुखनी खातून गांव की अन्य महिला के साथ टेंपो पर सवार होकर बरदेला के डीलर पृथ्वी चंद महतो के यहां राशन लेने के लिए जा रही थी। बरदेला से धमदाहा आ रही धान लदा हुआ एक ट्रैक्टर ने फुटकाही के समीप टेंपो में टक्कर मार दिया। इस घटना में दुखनी खातून ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। जिसे घसीटते हुए ट्रैक्टर कुछ दूर तक लेकर चला गया। बाद में परिवार के लोग आनन-फानन में उठाकर इलाज के लिए पूर्णिया ले जा रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई । इस संबंध में पूछे जाने पर पुलिस निरीक्षक सह थाना अध्यक्ष सरोज कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से आवेदन नहीं मिला हैl

गले में फंदा लगाकर एक शिक्षक ने की खुदकुशी

खगड़िया जिले के मोरकाही थाना क्षेत्र के बछौता गांव में गुरुवार की देर रात पारिवारिक कलह में एक शिक्षक ने गले में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक बछौता गांव निवासी 35 वर्षीय रामप्रवेश कुंवर बताया जा रहा है। परिजनों को घटना की जानकारी शुक्रवार की सुबह मिली। जब जगने के बाद उसे घर में फंदे से लटके हुआ देखा। मृतक की पत्नी अमृता देवी ने सदर अस्पताल में बताया कि उसकी शादी नौ साल पहले हुई थी। पिछले छह माह से मांगने पर पैसे नहीं दिए जा रहे थे। जिसको लेकर आपस में विवाद होते रहता था। उसे एक पुत्र एवं एक पुत्री है। वे किशनगंज जिले में पदस्थापित थे। परिजनों ने बताया कि रामप्रवेश ने दो शादी की थी। दोनों पत्नी से एक -एक पुत्र व एक-एक पत्नी है। घर में सब कुछ ठीक चल रहा था। पिछले कुछ माह से पारिवारिक कलह चल रहा था। उन्होंने किसी के द्वारा हत्या से इंकार किया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर मोरकाही थानाध्यक्ष राजेश कुमार ठाकुर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।

एसकेएमसीएच में लावारिस शवों का अंतिम संस्कार समय पर नहीं, मानवाधिकार आयोग पहुंचा मामला

मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में लावारिस शवों का समय पर अंतिम संस्कार नहीं किए जाने का मामला अब मानवाधिकार आयोग पहुंच गया है। मानवाधिकार मामलों के अधिवक्ता एसके झा ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, नई दिल्ली और बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग, पटना के समक्ष दो अलग-अलग याचिका दाखिल की है। उन्होंने बताया कि लावारिस शवों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता है। 20 - 30 दिनों तक लावारिस शवों का अंतिम संस्कार नहीं किया जाता है । जिससे शव सड़ जाता है और उससे दुर्गन्ध आना शुरू हो जाता है। शव रखने वाले डीप फ्रीज़र वर्षों से खराब हैं। शवों के साथ इस तरह का व्यवहार मानवाधिकार का उल्लंघन है।

बिहार में महापाप

बिहार के सासाराम में महापाप हुआ। नासरीगंज में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। घटना बीती रात नासरीगंज थाना क्षेत्र की है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

घर से कारतूस बरामद, गृहस्वामी गिरफ्तार

बेतिया के पुरुषोत्तमपुर पुलिस ने थाना क्षेत्र के परसा गांव से घर में छुपा कर रखे गये कारतूस को बरामद किया है। साथ ही गृहस्वामी को भी गिरफ्तार कर लिया है ।पुरुषोत्तमपुर थानाध्यक्ष सुधा कुमारी ने बताया कि गुरुवार की रात सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र का परसा गांव निवासी जुल्फिकार शेख घर में में अवैध रूप से कारतूस रखा हुआ है। सूचना पर टीम बनाकर छापेमारी की गयी ।छापेमारी के दौरान जुल्फिकार शेख के घर से दो कारतूस बरामद किया गया है। साथ ही चार सौ एमएल शराब भी जप्त किया गया। कार्रवाई के दौरान जुल्फिकार शेख को भी गिरफ्तार कर लिया गया ।मामले में कांड अंकित कर जुल्फिकार शेख को न्यायिक हिरासत में बेतिया भेज दिया गया है।

15 हजार लेते डाटा इंट्री ऑपरेटर रंगे हाथ गिरफ्तार

सासाराम में निगरानी की टीम ने एक डाटा ऑपरेटर को किया गिरफ्तार। घूस लेते रंगे हाथों किया धराया। गिरफ्तार डाटा ऑपरेटर अकोढीगोला बीआरसी में था कार्यरत। गोपी बिगहा मध्य विद्यालय के शिक्षक से 15000 रुपया घूस लेते हुए प्रयाग बिगहा मोड़ के समीप से निगरानी विभाग पटना की टीम ने किया गिरफ्तार।

भ्रष्ट बैंक अधिकारी भावेश के छह ठिकानों पर EOU का छापा

बिहार में एक और भ्रष्ट अधिकारी पर ईओयू ने शिकंजा कस दिया है। अवैध कमाई के आरोप में सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के विकास अधिकारी भावेश कुमार के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई ने छापा मारा है। अधिकारी पर गलत कमाई से करोड़ों की संपत्ति बनाने का आरोप है। पटना और गोपालगंज में छह ठिकानों पर रेड चल रही है। आरोप के सत्यापन के बाद कार्रवाई की जा रही है।

पुराने विवाद में गोली मार कर हत्या

सहरसा के बरैठ पंचायत अन्तर्गत मनखहा गांव में गुरुवार की रात करीब 11 बजे सोए अवस्था में उमेश मिस्त्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली मृतक के सिर व सीने में लगी है।घटना की सूचना मिलते ही सोनवर्षा राज थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेजकर अग्रतर कारवाई में जुट गए।जबकि घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

सात फेरों के नाम पर फरेब

शादी का बंधन जीवन में सबसे पवित्र माना जाता है। इसमें विश्वास की डोर बहुत मजबूत होती है, लेकिन कुछ जालसाज इसे भी ठगी का जरिया बना रहे हैं। पिछले तीन महीनों के दौरान सिर्फ भागलपुर के 16 से अधिक लोग फर्जी मैरिज ब्यूरो के झांसे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई गंवा चुके हैं। ठगी का यह गोरखधंधा अब सिर्फ महानगरों तक सीमित नहीं रहा।

लौरिया में अज्ञात वाहन की ठोकर से युवक की मौत

लौरिया-रामनगर पथ में ब्यासपुर चौक के समीप अज्ञात वाहन की ठोकर से बृजकिशोर पटेल (30) की मौत घटना स्थल पर हो गयी। घटना गुरुवार की देर रात करीब 8 बजे की है। नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की ठोकर से नवलपुर थाना के खैरटिया बलुआ वार्डनं. 4 निवासी शंभू पटेल के पुत्र बृजकिशोर पटेल की मौत हुई है। शुक्रवार को जीएमसीएच में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की शिकायत पर लौरिया थाने में एफआईआर दर्ज की जाएगी।

झोला छाप डॉक्टर की लापरवाही से मासूम की मौत

जहानाबाद के सदर प्रखंड के मांदे विगहा पंचायत अंतर्गत इस्माइलपुर गांव के निवासी मिथिलेश मांझी के छह वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार की गुरुवार को मौत हो गई। इलाज के दौरान एक झोला छाप डॉक्टर के द्वारा इंजेक्शन दिए जाने के बाद मौत होने का आरोप लगाया गया है। हालांकि इस संबंध में गुरुवार की देर शाम तक सिकरिया थाने की पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है। सिकरिया के थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि इस मामले में किसी व्यक्ति के द्वारा कोई आवेदन नहीं दिया गया है। फिर भी मामले की जांच कराई जाएगी।

जेन जी आंदोलन के दौरान झुमका जेल से फरार बंदी गिरफ्तार

सितंबर माह में नेपाल में जेन जी आंदोलन के दौरान झुमका जेल से फरार सजायाफ्ता 38 वर्षीय एक बंदी को सुनसरी पुलिस ने सुपौल में गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस ने यह कार्रवाई जोगबनी से सटे सीमापार मटियरवा में की है। गिरफ्तार पप्पू कुमार यादव हत्या मामले में सजायाफ्ता बंदी है। वह सुनसरी भोकराहा नरसिंह गांवपालिका का रहने वाला है। जेन जी आंदोलन के दौरान वह झुमका जेल से फरार हो गया था। इसके बाद वह पुलिस के डर से जहां-तहां छिपकर रह रहा था। गुप्त सूचना पर नेपाल पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

रांची में छीना गया 12 करोड़ का सोना कटिहार से बरामद

क्राइम का बिहार झारखंड कनेक्शन उजागर हुआ है। कटिहार पुलिस ने कोढ़ा गैंग द्वारा झारखंड के रांची जिले के रांची सदर थाना क्षेत्र में छीनी गई 12 करोड़ रुपये कीमत की सोना और करीब 10 लाख रुपये की चांदी को संयुक्त अभियान चलाकर पुलिस ने बरामद किया है।

गिरफ्तार शराब कारोबारी जख्मी

सहरसा के कासनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरफ्तार शराब कारोबारी सोमन महतो गिरने के दौरान गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसके बाद उसे आननफानन में गांधी पथ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। जख्मी की जीभ कट गई है। मामले की जानकारी मिलने पर सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। वहीं जख्मी की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। मौके पर इंस्पेक्टर सुजा उद्दीन, कासनगर थानाध्यक्ष बजरंगी कुमार भी अस्पताल में पहुंचे। पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

ट्रक की ठोकर से दो घायल

रोहतास थाना क्षेत्र के तुम्बा के समीप शुक्रवार की अहले सुबह डेहरी की ओर से आ रही अज्ञात ट्रक के चपेट से दो सफाईकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज डेहरी के निजी अस्पताल में किया जा रहा है। वही उग्र ग्रामीणों ने डेहरी बंजारी मुख्य सड़क मार्ग को बाधित कर जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रोहतास पुलिस मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को समझने बुझाने का प्रयास कर रही है।

बिहार में फिल्म सिटी जल्द

बिहार में फिल्म सिटी की सपना जल्द साकार होगा। बांका जिले में महत्वाकांक्षी फिल्म सिटी परियोजना को लेकर कटोरिया प्रखंड में प्रस्तावित स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण में कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार, जिला पदाधिकारी बांका नवदीप शुक्ला सहित जिले के आला अधिकारी के साथ बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री नीतू चंद्रा मौजूद रहीं।

पत्थर से कुचल कर 5वीं के छात्र की हत्या

बिहार के जमुई में दो बदमाशों ने 5वीं के छात्र आर्यन कुमार उर्फ पवन कुमार (11 वर्ष) को अगवा कर पत्थर से कूंचकर उसकी हत्या कर दी व लाश को गांव के जंगल में छिपा दिया। चरकापत्थर के रजोन गांव की है। मृतक आर्यन कुमार रजोन गांव के ही दिनेश दास का पुत्र था। स्कूल से छात्र शाम तक घर नहीं पहुंचा तो खोजबीन के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

23 साल बाद सप्रीम कोर्ट से बिहार की महिला को इंसाफ

सुप्रीम कोर्ट ने 23 साल तक मुआवजे के लिए भटकती बिहार की एक महिला को आखिरकार इंसाफ दिला दिया। रेल हादसे में पति की मौत के बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर महिला को रेलवे ने करीब 9 लाख रुपये मुआवजा दिया। सीजेआई सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ ने मामले में रेलवे की ओर से दाखिल हलफनामे को रिकार्ड पर लेते हुए टिप्पणी की कि हम एक गरीब व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान देखना चाहते हैं और कुछ नहीं।

नौकरी, रोजगार की आएगी बहार

निवेश का प्रस्ताव लेकर देशभर के 32 निवेशकों ने बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत से मुलाकात की। इसमें राज्य में इलेक्ट्रिक बस की फैक्ट्री लगाने के साथ रोबोटिक्स सर्जरी में सहयोग समेत कई बड़े उद्योग लगाने का प्रस्ताव मिला है। उद्योग वार्ता के तहत उन्होंने बिहार में उद्योग स्थापित करने की अपनी इच्छा जाहिर की।

इंडिगो संकट से कब तक मिलेगी निजात

इंडिगो संकट के कारण दिल्ली मार्ग पर चलने वाले विमान सबसे अधिक रद्द हो रहे हैं। इससे पटना से दिल्ली होते हुए विदेश जाने वाले यात्री सबसे अधिक परेशान हैं। गुरुवार को इंडिगो के पटना से आने-जानेवाले कुल 10 विमान रद्द रहे। इनमें चार दिल्ली की फ्लाइटें थीं। गुरुवार को भी राज्य के विभिन्न एयरपोर्ट पर यात्री हलकान रहे। माना जा रहा है कि 16 दिसम्बर तक स्थिति सामान्य हो सकती है। इस बीच गुरुवार को मुंबई के भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के महाप्रबंधक भूदेव सरकार ने पटना हवाई अड्डे का दौरा किया।

अगले सात दिनों तक कैसा रहेगा बिहार का मौसम

बिहार में कोहरे का असर बढ़ने लगा है तो तापमान में गिरावट तेज हो गई है। मौसम विभाग ने आम जनों से ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों में बाहर निकलने की सलाह दी है। राज्य के एक-दो स्थानों पर शुक्रवार से सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा। जैसे-जैसे दिन चढ़ता जाएगा, वैसे-वैसे आसमान साफ होता जाएगा। प्रदेश का मौसम अगले सात दिनों तक शुष्क बना रहेगा। वहीं तीन-चार दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव होने के आसार नहीं है। गुरुवार को राज्य के ज्यादातर शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई।

6 लाख शिक्षकों को नए साल का गिफ्ट, मनमाफिक ट्रांसफर की नियमावली 1 माह में

बिहार के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के तबादले की नीति नए साल में लागू होगी। इसके लिए शिक्षा विभाग शिक्षक स्थानांतरण नियमावली को संशोधन के साथ अंतिम रूप दे रहा है। इस नियमावली में शिक्षकों की सुविधा का ख्याल रखा जा रहा है। माना जा रहा है कि एक माह के अंदर शिक्षा विभाग इस नियमावली को मंजूरी के लिए राज्य कैबिनेट को भेज देगा। पिछले कई वर्षों से व्यावहारिक तरीके से शिक्षकों को तबादला के लिए स्पष्ट नीति नहीं होने से परेशानी हो रही थी।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar
टीवी मीडिया और डिजिटल जर्नलिज्म में 15 साल से ज्यादा का अनुभव। क्राइम, पॉलिटिक्स, सामाजिक और प्रशासनिक मामलों की समझ रखते हैं। फिलहाल लाइव हिन्दु्स्तान में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर बिहार के लिए काम करते हैं। इससे पहले ईटीवी न्यूज/News18 में बिहार और झारखंड की पत्रकारिता कर चुके हैं। इंदिरा गांधी नेशनल ओेपन यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में पीजी किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar Shapath Grahan, Bihar Election Result 2025, Bihar Chunav Result, बिहार चुनाव 2025 , Bihar vidhan sabha seats , बिहार चुनाव एग्जिट पोल्स और बिहार चुनाव 2025 की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।