Bihar Top News Today: तेजस्वी लौटे पटना, नीतीश सरकार पर बरसे, वैशाली अग्निकांड में बाप-बेटी की मौत
तेजस्वी यादव लंबी छुट्टी के बाद रविवार को पटना लौट आए हैं। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होने कहा कि हम 100 दिन तक कुछ नहीं बोलेंगे, सरकार अपने घोषणा पत्र के वादों को पूरा करे। वैशाली में एक तेल गोदाम में भीषण आग लग गई। मोकामा बख्तियारपुर फोर लेन पर भीषण हादसे में पिता पुत्री की मौत हो गई।
Bihar Top News Today 11 January: तेजस्वी यादव लंबी छुट्टी के बाद रविवार को पटना लौट आए हैं। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होने कहा कि हम 100 दिन तक कुछ नहीं बोलेंगे, सरकार अपने घोषणा पत्र के वादों को पूरा करे। वैशाली के महनार में एक तेल गोदाम में भीषण आग लग गई। मोकामा बख्तियारपुर फोरलेन पर भीषण हादसे में पिता-पुत्री की मौत हो गई। राजधानी पटना स्थित गांधी मैदान में आज से आम जनों की एंट्री पर रोक लगा दी गयी है। 26 जनवरी की तैयारी को देखते हुए डीए त्यागराजन नें आदेश जारी कर दिया है। बिहार में भीषण सर्दी का प्रकोप जारी है। राज्य के सभी शहरों में ऑटो और ई-रिक्शा के लिए नए रूट तय किए जाएंगे। कलर कोड से पहचान होगी। पटना एसडीएम के घर में चोरों ने हाथ साफ कर दिया। गले का हार, झुमका, बाली सब चुराकर कर ले गए। प्रदेश की ताजा और महत्वपूर्ण खबरों के अपडेट लाइव हिन्दुस्तान पर पढ़ें।
दही-चूड़ा भोज में शामिल हुए सीएम नीतीश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में रविवार को पटेल सेवा संघ में आयोजित दही-चूड़ा भोज में शामिल हुए। इस दौरान आयोजकों ने उनका अभिनंदन किया।
लंबी छुट्टी के बाद पटना लौटे तेजस्वी, नीतीश सरकार को 100 दिन की मोहलत दी
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव करीब डेढ़ महीने बाद रविवार को पटना लौटे। सपरिवार विदेश यात्रा पर गए तेजस्वी पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हम सरकार को 100 दिनों का समय देते हैं। महिलाओं के खाते में दो लाख दिए जाएं। अपराध कम हो और रोजी रोजगार के वायदे पूरा हो। सरकार ने जो भी घोषणा पत्र में वादे किए थे, वो पूरा करे।
दम घुटकर बेटे की मौत, मां-बहन की हालत गंभीर
आरा के सिंगही गांव में शनिवार की रात एक घर में बोरसी जलाकर सोने के दौरान दम घुटने से एक बच्चे की मौत हो गई। उसकी मां और बहन की हालत भी गंभीर बनी है। आरा सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रेफर कर दिया गया है। मृत बच्चा मूल रूप से कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के घांघर गांव निवासी चंद्र भूषण सिंह का 11 वर्षीय पुत्र बजरंगी था।
पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
सड़क हादसे में दो की मौत
पूर्णिया के मीरगंज थाना अंतर्गत कुर्सेला जोगबनी स्टेट हाईवे किशन टोली गांव के समीप रविवार सुबह करीब 9:00 बजे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान चंपावती पंचायत के भट्ठा चकला गांव निवासी मांगू हेंब्रम का 20 वर्षीय पुत्र रमेश हेंब्रम एवं तलवा किसकु के पुत्र 30 वर्षीय विनोद किसकु के रूप में की गयी है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया । घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गयी है।
कोहरे में कारें टकराईं, पिता-पुत्री की मौत
दो कार मोकामा से पटना की ओर जा रही थी। इसी दौरान फुलेलपुर गांव के पास स्कॉर्पियो सहित दो कार अनियंत्रित होकर अचानक एक कंटेनर से टकरा गई। एक वाहन का नंबर हरियाणा, जबकि अन्य बिहार के हैं। घटनास्थल का मंजर काफी भयावह था।
सीबीआई ने फिर शुरू किया सृजन घोटाले की जांच
बिहार के चर्चित सृजन घोटाले की फाइल फिर से खंगालना शुरू कर दिया है। जिला परिषद के खाते से गायब 101.78 करोड़ राशि के मामले में लिपिक राकेश कुमार यादव (पूर्व नाजिर) को बर्खास्त किया जा चुका है। राकेश घोटाले में जेल भी गए थे। जेल से निकलने के बाद विभागीय कार्यवाही में राकेश को दोषी ठहराया गया था।
20 हजार में 6 साल की बच्ची का सौदा
मुजफ्फरपुर में मात्र 20 हजार में 6 साल की बच्ची का सौदा कर लिया गया। बच्ची के पिता नहीं है और मां तीन बच्चों को छोड़कर यूपी में किसी से शादी कर ली है। तीनों बच्चे भरथीपुर गांव में अपने नाना-नानी के घर रह रहे थे। इसमें से एक बच्ची को भरथीपुर चौक पर चाय दुकान चलाने वाली महिला के माध्यम से 20 हजार रुपये सौदा हुआ।
पटना एसडीएम के आवास पर चोरी
पटना एसडीएम के आवास पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। चोरी हुए सोने के जेवरात में गले का हार 1, टीका 1, सोने की नथ 1, झुमके 2, कान की बालियां (ईयररिंग्स) 2 सेट और हाथ के कंगन 1 जोड़ी शामिल हैं। वहीं चांदी के सामान में अंगूठियां 4, चांदी का तश्त (प्लेट) 1, चांदी की मछली 4 पीस और नकद 5 हजार चुरा लिए।
पटना गांधी मैदान में प्रवेश पर रोक
26 जनवरी की तैयारी को देखते हुए पटना गांधी मैदान में आम जनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। डीएम त्यागराजन ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य आयोजन होगा। गांधी मैदान को चार जोन में बांटकर अपर जिला दंडाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में मानकों के अनुसार सभी तैयारी चल रही है।





