Bihar Top News: बिहार के कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पटना में मेट्रो सेवा बंद

Jan 28, 2026 01:49 pm ISTNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share Share
Follow Us on

Bihar Top News: बिहार में भागलपुर और सीवान कोर्ट को आज ईमेल भेज कर उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी के मद्देनजर पुलिस काफी गहनता से इसकी पड़ताल शुरू की है। कोर्ट परिसर को खाली करवाकर चप्पे-चप्पे को खंगाला गया है।

Bihar Top News: बिहार के कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी,  पटना में मेट्रो सेवा बंद

Bihar Top News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के दूसरे चरण में बुधवार को दरभंगा में हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दरभंगा जिले को कई सौगातें दी हैं। सीएम ने यहां 13,682.56 लाख रुपये की लागत से 50 योजनाओं की आधारशिला रखी और 40 योजनाओं का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री अपनी प्रगति यात्रा के दौरान घोषित दिल्ली मोड़ पर 88.78 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे अंतरराज्यीय बस पड़ाव का भी निरीक्षण किया। इसकी पूर्णता की तिथि 14 दिसंबर 2027 निर्धारित है। मुख्यमंत्री के साथ यहां डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी भी नजर आए।

बिहार में भागलपुर और सीवान कोर्ट को आज ईमेल भेज कर उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी के मद्देनजर पुलिस काफी गहनता से इसकी पड़ताल शुरू की है। कोर्ट परिसर को खाली करवाकर चप्पे-चप्पे को खंगाला गया है। इसके अलावा पटना में आज मेट्रो सेवाएं बंद हैं। पटना मेट्रो के प्राथमिक कॉरिडोर का मलाही पकड़ी तक विस्तार होना है। इसी कारण भूतनाथ से खेमनीचक होते हुए मलाही पकड़ी तक विद्युत लाइन बिछाने के लिए बुधवार को मेट्रो का परिचालन बंद कर दिया गया है।

Bihar Top News-

मुजफ्फरपुर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर कराया गया खाली

मुजफ्फरपुर ।मुजफ्फरपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस संबंध में हाईकोर्ट को किसी अज्ञात व्यक्ति ने बुधवार को दिन के लगभग 11 बजे ई-मेल भेजा है। इस ई-मेल में दोपहर एक से दो बजे के बीच बम से उड़ाने की डेडलाइन तय बताई गई है। इस ई-मेल के बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी कोर्ट कक्ष,ऑफिस व परिसर खाली कराने का निर्देश दिया। इससे कुछ देर के लिए कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई। एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बीके लाल ने बताया कि बम से उड़ाने की धमकी के बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देश पर अधिवक्ताओं को परिसर खाली करने को कहा गया है।

बम से उड़ाने की धमकी की सूचना पर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र भी कोर्ट परिसर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए सिटी एसपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है। बम निरोधक दस्ता, श्वान दस्ता व अन्य विशेषज्ञों की टीम परिसर की जांच कर रही है। पुलिस मुख्यालय व एटीएस के वे संपर्क में है। एसोओपी के तहत परिसर को खाली कराया गया है। राज्य के कई जिलों के कोर्ट में पिछले दिनों इसी तरह की सूचना मिली थी। सभी के कनेक्शन को जोड़ कर जांच की जा रही है। ई-मेल भेजने वाले आईपी की पहचान की जा रही है। बम से उड़ाने की धमकी देने के संदर्भों का पता लगाया जा रहा है।

आपदा से बचाने के लिए चल रहे कार्यक्रम

आपदा प्रबंधन विभाग के संयुक्त सचिव नदीमुल हक ने कहा कि बिहार में आपदा से लोगों को बचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। भागलपुर सहित राज्य के 17 जिलों में जिला आपातकालीन प्रतिक्रिया सुविधा सह प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण हो चुका है। पटना में कार्य प्रगति पर है। शेष 20 जिलों में निर्माण कराया जाना है। बुधवार को वे सूचना भवन में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2025 में नदी आदि में डूबने से 2098 लोगों की मौत हुई थी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दरभंगा में समृद्धि यात्रा के दौरान कहा कि आपको याद होगा कि दरभंगा जिले का पहले क्या हाल था। वर्ष 2005 से पहले की सरकार ने कुछ नहीं किया। हमलोगों ने दरभंगा जिले में विकास के सभी काम करा दिये हैं। इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है। महिला आईटीआई एवं सभी अनुमंडलों में आईटीआई की स्थापना की गयी है। दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का भी एक्सटेंशन किया जा रहा है। जीएनएम एवं पारा मेडिकल संस्थानों की स्थापना की गयी। कई पुलों एवं पथों का निर्माण कराया गया है। सड़क का निर्माण कराया गया है।

डॉक्टरों के निजी प्रैक्टिस पर रोक

सरकारी चिकित्सकों के निजी प्रैक्टिस पर रोक को लेकर राज्य सरकार ने उच्च स्तरीय कमेटी गठित की है। स्वास्थ्य विभाग के निदेशक प्रमुख डॉ रेखा झा की अध्यक्षता में कमेटी गठित है। कमेटी में बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है।

भागलपुर में कोर्ट को उड़ाने की धमकी

भागलपुर व्यवहार न्यायालय (सिविल कोर्ट) को बम से उड़ाने की मिली धमकी के बाद बुधवार को कचहरी परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दरअसल, कोर्ट के सरकारी मेल पर बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। असामाजिक तत्वों द्वारा कोर्ट परिसर को निशाना बनाया जा सकता है। इस सूचना के मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया है।

धमकी की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने कोर्ट के चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रही है । न्यायालय के कार्य को तत्काल रोक दिया गया है। मुख्य गेट पर चेकिंग बढ़ा दी गई है और बिना पहचान पत्र के किसी को प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है।

सीवान सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी

सीवान सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। जिले के एसपी- डीएम को ईमेल भेज कर यह धमकी दी गई है। पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर वकीलों को 12 बजे तक कोर्ट परिसर में जाने पर पांबंदी लगा दी है। पुलिस की टीम ने परिसर में पहुंचकर सर्च अभियान शुरू किया है। एसपी ने बताया कि हर तरह के एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं और मेल भेजने वाले का भी पता लगाया जा रहा है।

नीतीश कुमार ने जताया शोक

अजित पवार के निधन के बाद मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक है और वे इससे मर्माहत हैं। उन्होंने अजित पवार को कर्मठ एवं कुशल राजनेता बताते हुए कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति में उनका अहम योगदान रहा। वे मृदुभाषी, मिलनसार और लोगों में बेहद लोकप्रिय थे। उनके निधन से महाराष्ट्र ही नहीं, पूरे देश के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।नीतीश कुमार ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा परिजनों व प्रशंसकों को इस दुख की घड़ी में धैर्य देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

लालू,राबड़ी और तेजस्वी ने अजित पवार के निधन पर जताया शोक

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित छह लोगों की विमान हादसे में हुई आकस्मिक मौत पर राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद , पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी एवं राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव सहित राजद परिवार के नेताओं ने गहरी शोक संवेदना प्रकट की है।

सम्राट चौधरी ने अजित पवार के निधन पर जताया शोक

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि बारामती में हुई भीषण हवाई जहाज दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित कई लोगों के निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

अजित पवार के निधन पर जताया दुख

महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित अन्य की असामयिक मृत्यु पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि घटना ह्रदय विदारक है। प्रार्थना की है कि भगवान परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति दें।

पूर्णिया जाएंगे मंत्री दिलीप जायसवाल

28 जनवरी को दोपहर 12:30 बजे भाजपा कार्यालय बनभाग पूर्णिया में उद्योग एवं पथ निर्माण विभाग के मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह पूर्णिया में अलग-अलग धार्मिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। यह जानकारी भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने दी है ।

संघ हिंदू समाज को संगठित करने के लिए बना: भागवत

आरएसएस के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का प्रारंभ संपूर्ण हिंदू समाज को संगठित करने के लिए हुआ था। संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने कई वर्षों तक विचार करने के बाद संघ कार्य का प्रारंभ वर्ष 1925 में किया था।

भागवत विजय निकेतन में उद्यमियों एवं शैक्षिक संस्थानों के संचालकों संग बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा-संघ की स्थापना के समय देश के उत्थान के लिए जो प्रयास चल रहे थे, उसे पूरा करने का जिम्मा संघ ने संभाला। इससे पहले सोमवार को भागवत ने गणतंत्र दिवस पर मुजफ्फरपुर में झंडोत्तोलन किया। उन्होंने कहा, हमारे पूर्वजों ने बहुत त्याग कर स्वाधीनता दिलाई है। देश को गणराज्य बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। भारत को दुनिया का सिरमौर बनाना है।

बिहार के हर प्रखंड में आदर्श विद्यालय

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि प्रत्येक प्रखंड में आदर्श विद्यालय एवं डिग्री कॉलेज खोला जायेगा। सीएम ने मंगलवार को मधुबनी की समृद्धि यात्रा के दौरान झंझारपुर प्रखंड के अररिया संग्राम स्थित दुर्गा मंदिर के निकट कार्यक्रम स्थल पर मधुबनी जिले में चल रही विकास कार्यों की समीक्षा की।

अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में सीएम ने कहा कि बिहार को सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के लिए सात निश्चय-3 कार्यक्रमों को लागू किया गया है। सरकार का शिक्षा पर विशेष जोर है। इसके प्रमुख उद्देश्यों में एक उद्देश्य उन्नत शिक्षा उज्ज्वल भविष्य है। इसी के तहत राज्य में एक नयी एजुकेशन सिटी का निर्माण कराया जाएगा।

दरभंगा में जनसभा को संबोधित करेंगे सीएम नीतीश

दरभंगा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नागेंद्र झा स्टेडियम पहुंचेगे। यहां विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे, कल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे। जिला स्तरीय योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक के बाद वे जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां से वे राज मैदान जाएंगे, जहां से 12:32 बजे पटना के लिए रवाना हो जाएंगे। सीएम के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए डीएम कौशल कुमार ने एक सवाल के जवाब में बताया कि दरभंगा एयरपोर्ट पर कैट टू लाइट लगाने के काम चल रहा है। आगामी मार्च तक इसके पूरा हो जाने की उम्मीद है। इसके बाद यात्रियों को नाइट लैंडिंग की सुविधा मिलने लगेगी।

दरभंगा हवाई अड्डे का निरीक्षण करेंगे सीएम नीतीश

सीएम नीतीश कुमार निर्माणाधीन दरभंगा हवाई अड्डा टर्मिनल का निरीक्षण करेंगे। टर्मिनल भवन का ढांचा लगभग एक माह में पूर्ण होने की संभावना है। एलिवेटेड रोड परियोजना का करीब 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री का आगमन सुबह 10:30 बजे दरभंगा हवाई अड्डा पर होगा। वहां से वे दिल्ली मोड़ स्थित बस स्टैंड पहुंचेंगे, जहां प्रगति यात्रा के क्रम में बस स्टैंड के विकास की घोषणा के निमित्त कार्य का निरीक्षण करेंगे। वे बस स्टैंड परिसर में ही प्रगति यात्रा के क्रम में घोषित अन्य योजनाओं की प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगे। इसके बाद हवाई अड्डे के निर्माणाधीन सिविल इनक्लेव का स्थल निरीक्षण करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री आमस-दरभंगा पथ परियोजना के कैंप कार्यालय जाएंगे एवं निर्माणाधीन पथ का निरीक्षण करेंगे। लॉजिस्टिक पार्क एवं कार्गो हब के लिए चिन्हित भूमि का भी जायजा लेंगे।

पटना जू में सतर्कता बढ़ी

पटना जू में बर्ड फ्लू के संभावित खतरे को देखते हुए जू प्रशासन ने एहतियातन सख्त कदम उठाए हैं। जू के गेट नंबर एक और दो के सामने पोटैशियम परमेंगनेट का छिड़काव किया गया है। जू निदेशक हेमंत पाटिल ने बताया कि इसका उद्देश्य यह है कि बाहर से आने वाले दर्शकों के जूते-चप्पल पोटैशियम परमेंगनेट के संपर्क में आकर सेनेटाइज हो जाएं। साथ ही गेट के भीतर भी इसका उपयोग किया जा रहा है। जू से जुड़े कार्यों के लिए आने वाली गाड़ियों के टायरों को भी इसी प्रक्रिया से गुजारा जा रहा है ताकि संक्रमण जू परिसर के अंदर प्रवेश न कर सके। बर्ड फ्लू जैसे संक्रमण बाहर से आने वाले लोगों के जूते-चप्पल या वाहनों के टायरों के माध्यम से जू के भीतर फैल सकते हैं। इसी आशंका को ध्यान में रखते हुए यह एहतियाती व्यवस्था की गई है।

बिहार में बदलेगा मौसम

बिहार में बुधवार को एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव रहेगा। इससे प्रदेश के ज्यादातर जिलों में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। इससे अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। वहीं पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण जिले के एक या दो स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। साथ ही हल्की बारिश होने के आसार हैं। रात में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव खत्म हो जाएगा। इससे बादल छंट जाएंगे। गुरुवार को उत्तर पश्चिमी, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पश्चिम भाग के जिलों में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाए रहेंगे।

तेजस्वी यादव, शत्रुघ्न सिन्हा और पारस की सुरक्षा घटी

बिहार के 17 विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा में बदलाव हुआ है। इसके तहत भाजपा के नितिन नवीन, गिरिराज सिंह, जदयू के ललन सिंह और एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान समेत दर्जनभर नेताओं की सुरक्षा बढ़ी है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, शत्रुघ्न सिन्हा, मीरा कुमार, शकील अहमद और पशुपति कुमार पारस की सुरक्षा घटाई गयी है।

पीएम आवास के 40%आवेदक हो सकते हैं अयोग्य घोषित

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के नए लाभुकों की सूची को अंतिम रूप देने की कवायद ग्रामीण विकास विभाग ने तेज कर दी है। इसी क्रम में पूर्व में हुए सर्वे के आधार पर लाभुक परिवारों का सत्यापन कार्य चल रहा है। सत्यापन को लेकर जिलों से आ रही जानकारी के अनुसार 40 प्रतिशत आवेदक इसमें अयोग्य घोषित हो सकते हैं। 31 जनवरी तक सत्यापन पूरा करने का निर्देश विभाग ने जिलों को दिया है।

पीएम आवास के सर्वे में एक करोड़ चार लाख परिवारों की सूची तैयार की गई है। इन्हीं परिवारों के घर-घर जाकर कर्मी सत्यापन कर रहे हैं। सत्यापन के दौरान यह देखा जा रहा है कि परिवार ने जो जानकारी सर्वे में दी थी, वह सही है या नहीं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि सूची में दर्ज परिवार सभी मानकों को पूरा कर रहे हैं या नहीं। इसी क्रम में आवेदकों को योग्य और अयोग्य की श्रेणी में रखा जा रहा है। इसी क्रम में जानकारी मिली रही है कि 40 प्रतिशत तक परिवार अयोग्य की श्रेणी में आ सकते हैं।

पटना में चौक-चौराहों से 200 फीट तक दुकान लगाने पर रोक

पटना में हर चौक-चौराहों से 200 फीट की दूरी के अंदर ऑटो, ई-रिक्शा या अन्य वाहन लगाने पर जुर्माना लगेगा। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। मंगलवार को नगर आयुक्त यशपाल मीणा की अध्यक्षता में नई व्यवस्था को लेकर बैठक हुई, जिसमें पथ निर्माण विभाग (आरसीडी) और यातायात पुलिस के अधिकारी भी शामिल रहे। जल्द ही पथ निर्माण विभाग के अधिकारी चौक-चौराहों पर साइनेज की व्यवस्था करेंगे। इन स्थानों पर वाहन को पार्क करने पर जुर्माना लगेगा। ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने बताया कि शहर के चौक-चौराहों पर ऑटो और ई-रिक्शा के खड़े करने से जाम की स्थिति हो रही है, इसीलिए नई व्यवस्था लागू की गई है। नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर जुर्माना लगेगा। कई सड़कों पर देखा गया है कि चौक-चौराहों को छोड़कर शेष यातायात सामान्य रहता है। जितने भी चौक-चौराहे हैं वहां यह व्यवस्था मंगलवार से ही लागू कर दी गई है।

पटना के सभी वार्डों में मोहल्ला सभा

पटना नगर निगम से सभी 75 वार्डों में फिर से जन संवाद कार्यक्रम (मोहल्ला महासभा) होगा। इसको लेकर महापौर सीता साहू ने नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव को पत्र लिखा है। महापौर सीता साहू ने कहा कि है कि पटना नगर निगम के कुछ वार्डों में ही ससमय नगर जन संवाद कार्यक्रम हुआ था। प्राप्त योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति के लिए विभाग को समय पर नहीं भेजा जा सका। ऐसे में पटना नगर निगम के सभी 75 वार्डों में नगर जनसंवाद कार्यक्रम कराने के लिए तिथि निर्धारित करने का अनुरोध किया है, ताकि सरकार द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्य योजनाओं का लाभ नगर निगम के सभी नगरिकों तक पहुंचायी जा सके।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें