
Bihar: खौलते तेल की कड़ाही में गिरीं 3 लड़कियां, 1 होमगार्ड जवान; कैसे हुआ हादसा
संक्षेप: घायलों में 25 वर्षीय कोमल कुमारी कहलगांव थाना क्षेत्र के एकचारी गांव की रहने वाली है। वह होमगार्ड में कार्यरत है। 20 वर्षीय रतनमाला टीएनबी कॉलेज में पीजी की छात्रा है। 20 वर्षीय प्रिया कुमारी बावनबीघा गांव की रहने वाली है।
Bihar: बिहार के भागलपुर के तातारपुर चौक से पहले पेट्रोल पंप के पास खौलते तेल की कड़ाही में गिरने से दो छात्राएं और एक होमगार्ड की महिला जवान गंभीर रूप से जल गईं। इनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों छात्राएं टीएनबी कॉलेज से टोटो पर सवार होकर स्टेशन चौक जा रही थीं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में 25 वर्षीय कोमल कुमारी कहलगांव थाना क्षेत्र के एकचारी गांव की रहने वाली है। वह होमगार्ड में कार्यरत है। वह किसी काम से टोटो से भागलपुर पुलिस लाइन के पास कंबाइंड बिल्डिंग जा रही थी। गोराडीह डंडागांव की रहने वाली 20 वर्षीय रतनमाला टीएनबी कॉलेज में पीजी की छात्रा है। वहीं 20 वर्षीय प्रिया कुमारी बावनबीघा गांव की रहने वाली है। वह भी टीएनबी में बीए की छात्रा है।

घायल छात्राओं ने बताया कि वे लोग टीएनबी कॉलेज से टोटो पर सवार होकर स्टेशन चौक आ रही थीं। तातारपुर चौक से पहले पेट्रोल पंप के समीप टोटो चालक ने एक बाइक सवार को बचाने के लिए टोटो को तेज गति से मोड़ दिया। जिसके बाद टोटो दुकान में खौलते तेल की कड़ाही में जाकर टकरा गया। इस दौरान टोटो पर सवार दोनों छात्राएं और होमगार्ड की महिला जवान कड़ाही में गिर गईं और गंभीर रूप से जल गईं। घटना के बाद कई लोग मूकदर्शक बने रहे। हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
दर्द से कराह रही थी प्रिया, चोरी हो गया मोबाइल
प्रिया ने बताया कि घहादसे के बाद वह दर्द से कराह रही थी तो उसी समय एक चोर ने उसका मोबाइल चोरी कर लिया। उसने लोगों को बताया कि उसका मोबाइल गायब हो गया है, जिस पर कुछ लोगों ने मोबाइल को खोजने की भी कोशिश की लेकिन मोबाइल नहीं मिला।
तीनों खतरे से बाहर: डॉक्टर
सदर अस्पताल के डॉ. मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि इनमें दो युवतियां 50 फीसदी से अधिक जल गईं हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर तीनों को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सभी खतरे से बाहर हैं। तातारपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के बाद मामले की जांच-पड़ताल की गई है। घटनास्थल से टोटो को जब्त कर लिया गया है। ड्राइवर के नाम पता का सत्यापन किया जा रहा है। पीड़ित की तरफ से जो भी लिखित आवेदन दिया जाएगा। उसके आलोक में कार्रवाई की जाएगी।





