टेंडर घोटाले के लपेटे में आए बिहार के 2 आईएएस, ठेकेदार रिशु श्री ने यूरोप में कराया था फैमिली टूर
टेंडर घोटाले की आंच में बिहार के दो आईएएस अधिकारियों का नाम आया है। ईडी को ठेकेदार रिशु श्री से जुड़े मामले में आईएएस योगेश कुमार सागर और अभिलाषा शर्मा के खिलाफ चौंकाने वाले सबूत मिले हैं। केंद्रीय एजेंसी ने एसवीयू को इसकी जांच के लिए पत्र लिखा है।

पटना के नामी ठेकेदार रिशु श्री ने बिहार के दो आईएएस अधिकारियों को यूरोप में फैमिली टूर कराया था। टेंडर घोटाले में आईएएस योगेश कुमार सागर और अभिलाषा शर्मा के खिलाफ ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) को कई चौंकाने वाले सबूत मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक सरकारी टेंडर को मैनेज करने की एवज में ठेकेदार रिशु श्री ने दोनों आईएएस के पूरे परिवार को ऑस्ट्रिया समेत अन्य यूरोपीय देशों की सैर कराने का खर्च उठाया था। ईडी ने इसकी जानकारी विशेष निगरानी इकाई (SVU) को दी है। एसवीयू ने इन अधिकारियों की खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि IAS अभिलाषा शर्मा के घर की छत पर बागवानी पर आए 9 लाख रुपये का खर्च भी रिशु श्री ने ही उठाया था। विशेष निगरानी इकाई के एडीजी पंकज दराद ने ईडी का पत्र मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कार्रवाई के लिए निगरानी के अपर मुख्य सचिव के संज्ञान में मामले को दिया गया है। उनकी अनुमति मिलने के बाद योगेश और अभिलाषा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
पटना के हाईप्रोफाइल ठेकेदार रिशु श्री से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में ईडी ने देशभर के 9 ठिकानों पर बुधवार को एक साथ छापेमारी की थी। अहमदाबाद, सूरत, गुरुग्राम और दिल्ली के ठिकानों पर तलाशी ली गई। छापे में लगभग 33 लाख नकद, कई डिजिटल उपकरण, डायरियां और दस्तावेज बरामद हुए।
ईडी ने मई 2025 में बिहार की विशेष निगरानी इकाई की ओर से रिशु श्री और अन्य के खिलाफ दर्ज एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की। रिशु श्री ने बिहार सरकार के कई विभागों में ठेकेदार-उप ठेकेदार के रूप में काम किया।
आरोप है कि उन्होंने ठेके पाने के लिए अधिकारियों को कमीशन के रूप में बड़ी रकम दी। रिशु श्री का नाम पहली बार आईएएस संजीव हंस पर चल रहे मुकदमों और ईडी की कार्रवाई में सामने आया था। फिलहाल इस मामले की जांच जारी है।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


