बिहार में टीचर ट्रांसफर के आवेदन 30 नवंबर से, दिसंबर में पूरी होगी प्रक्रिया; नई तारीखों का ऐलान
बिहार में शिक्षकों के ट्रांसफर की प्रक्रिया दिसंबर महीने में पूरी कर ली जाएगी। शिक्षा विभाग ने सामान्य ट्रांसफर की नई संशोधित समय सारणी जारी कर दी है। ई-शिक्षा कोष पर आवेदन की प्रक्रिया 30 नवंबर से 7 दिसंबर के बीच होगी।

Bihar Teacher Transfer: बिहार में स्वैच्छिक तबादले का इंतजार कर रहे लाखों शिक्षकों के लिए राहत की खबर है। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के सामान्य ट्रांसफर के आवेदन की नई तारीख का ऐलान कर दिया है। शिक्षकों के सामान्य स्थानांतरण के लिए 30 नवंबर को पोर्टल खोल दिया जाएगा। 7 दिसंबर तक टीचर से ट्रांसफर के आवेदन लिए जाएंगे। 31 दिसंबर तक ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। शिक्षा विभाग ने बुधवार को संशोधित समय सारणी जारी कर दी है। पूर्व में बाढ़ और विधान परिषद चुनाव के चलते शिक्षकों के ट्रांसफर स्थगित कर दिए गए थे।
बिहार विधान परिषद चुनाव की आचार संहिता खत्म होने के बाद शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया को फिर से शुरू कर दिया है। बता दें कि सरकारी स्कूलों में तैनात प्राइमरी से उच्च माध्यमिक शिक्षकों के तबादले किए जा रहे हैं। पुरुष शिक्षकों को अपने प्रखंड के पास पोस्टिंग का मौका दिया जा रहा है। वहीं, महिला टीचर को पंचायत के पास पोस्टिंग का विकल्प है।
जुलाई में शुरू हुई थी प्रक्रिया, दो चरण हो चुके हैं पूरे
बिहार में टीचर ट्रांसफर की प्रक्रिया बीते जुलाई महीने में शुरू की गई थी। पहले चरण में स्कूलों में सरप्लस शिक्षकों का समायोजन के तहत तबादला किया गया। इसके बाद दूसरे चरण में म्युचुअल ट्रांसफर किए गए। सरप्लस और म्युचुअल ट्रांसफर के बाद स्कूलों में रिक्त पदों की जिलों से संशोधित जानकारी मांगी गई।
दो बार टल चुके हैं सामान्य ट्रांसफर के आवेदन
इस आधार पर सितंबर महीने में सामान्य तबादलों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू होनी थी। मगर बाढ़ की विभीषिका के चलते उस समय प्रक्रिया स्थगित कर दी गई। फिर शिक्षा विभाग ने 4 अक्टूबर से सामान्य ट्रांसफर के आवेदन की तारीख घोषित की। मगर तब तक विधान परिषद चुनाव की घोषणा हो गई। चुनाव आयोग ने आचार संहिता लागू होने के कारण शिक्षकों के तबादले की अनुमति नहीं दी। इसके चलते अक्टूबर में भी टीचरों का तबादला नहीं हो पाया।
दिसंबर में पूरे हो जाएंगे शिक्षकों के तबादले
अब शिक्षा विभाग ने 30 नवंबर से शिक्षकों से सामान्य ट्रांसफर के लिए आवेदन मांगा है। 30 नवंबर से 7 दिसंबर के बीच शिक्षक ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर जाकर तबादले का आवेदन कर सकेंगे। अपनी मनचाही जगहों पर पोस्टिंग का विकल्प भी ऑनलाइन आवेदन में ही भरा जाएगा। आवेदन प्रक्रिया खत्म होने के बाद विभाग आवेदनों की जांच करेगा और स्कूलों में रिक्तियों के आधार पर तबादले करेगा। नए साल से पहले शिक्षकों को अपने नए स्कूल में पोस्टिंग मिलने की संभावना है।


