बिहार में बड़ा हादसा, ट्रक-कार की टक्कर में 3 थानेदार सहित 4 लोगों की मौत

हिन्दुस्तान, मधेपुरा
Follow us on Google News
share

Begusarai Road Accident: बेगूसराय के साहेबपुरकमाल में एनएच-31 पर कार और खड़े ट्रक की टक्कर में मधेपुरा के तीन थानाध्यक्षों और उनके चालक की मौत हो गई। सीएम सम्राट चौधरी ने इस पर गहरा शोक जताया है।

बिहार में बड़ा हादसा, ट्रक-कार की टक्कर में 3 थानेदार सहित 4 लोगों की मौत

Begusarai Road Accident: बिहार के बेगूसराय जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा गांव के समीप नेशनल हाईवे (NH-31) पर गुरुवार की देर रात करीब 12:30 बजे एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। यह भयानक हादसा उस वक्त हुआ जब मधेपुरा जिले के तीन थाना प्रभारी (एसएचओ) राजधानी पटना से एकदिवसीय सरकारी प्रशिक्षण लेकर एक ही निजी कार पर सवार होकर वापस लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार में सवार तीनों दारोगा व उनके निजी चालक समेत कुल चार लोगों की मौत हो गई। इस भीषण हादसे के बाद से ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई है और चार अलग-अलग जिलों के चार परिवारों में कोहराम मच गया है।

क्रेन से कार काटकर निकाले गए शव; दो दारोगा की मौके पर ही गई जान

हादसे की भयानक सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार और सदर एसडीपीओ-1 आनंद कुमार पांडेय भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। एसपी मनीष कुमार ने बताया कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक के नीचे जा घुसी, जिससे बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार, आरर थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र अमर और कार चालक ज्योतिष कुमार की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, रतवारा थानाध्यक्ष साजन पासवान को गंभीर हालत में बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। कार की हालत इतनी खराब थी कि शवों को निकालने के लिए क्रेन और गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। पुलिस ने सभी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सदर अस्पताल में चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया गहरा शोक

इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले तीनों पुलिस अधिकारी बिहार के अलग-अलग जिलों के रहने वाले थे। मृतकों में कैमूर जिले के मोहनिया निवासी साजन पासवान (35 वर्ष), कटिहार के मनिहारी निवासी ज्ञानेंद्र अमर (45 वर्ष) और गया जिले के कोंच निवासी नीरज कुमार (29 वर्ष) शामिल हैं, जो बिहार पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। वहीं चौथा मृतक कार चालक ज्योतिष कुमार (30 वर्ष) मधेपुरा के उदाकिशुनगंज का रहने वाला था। इस हृदयविदारक घटना पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे पूरे पुलिस परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि दुख की इस घड़ी में बिहार सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

Jayendra Pandey

लेखक के बारे में

Jayendra Pandey
अदम गोंडवी के शहर गोण्डा से ताल्लुक रखने वाले जयेंद्र पाण्डेय मेनस्ट्रीम मीडिया में अपनी अलग पहचान बना रहे एक ऊर्जावान युवा पत्रकार हैं। वर्तमान में ’हिन्दुस्तान’ (Hindustan Times Group) के साथ जुड़कर जनसरोकार की खबरों को कवर कर रहे जयेंद्र ने नोएडा के प्रतिष्ठित संस्थान जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं और अपने करियर का आगाज ‘जी न्यूज’ की नेशनल टीम में इंटर्नशिप से किया। इसके बाद उन्होंने ’दैनिक भास्कर’ में बतौर ट्रेनी फीचर और स्पेशल स्टोरीज पर काम करते हुए कंटेंट की बारीकियों को समझा। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग में अपना लोहा मनवाया, जिसमें नोएडा ट्विन टावर डिमोलिशन से लेकर बृजभूषण शरण सिंह बनाम पहलवानों के धरने तक कई हाई-प्रोफाइल इवेंट्स की ग्राउंड रिपोर्टिंग और अन्य कई स्पेशल स्टोरीज शामिल हैं। वर्तमान में वे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 'हिन्दुस्तान' की बिहार टीम के लिए राजनीति, क्राइम और जनसरोकार से जुड़ी बड़ी खबरों को बेहद आक्रामकता और गहराई के साथ कवर कर रहे हैं। मीडिया के साथ-साथ जयेंद्र का रुझान पॉलिटिकल कंसल्टेंसी की ओर भी है। वे चुनावी समीकरणों और रणनीतिक प्रबंधन की अच्छी समझ रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।