बिहार राज्यसभा चुनाव: कौन MLA किसे वोट देगा, विधायकों को 15 घंटे पहले बताएगा NDA, तब तक सस्पेंस

Mar 13, 2026 05:46 pm ISTRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

Bihar Rajya Sabha Election: बिहार से राज्यसभा के चुनाव में NDA गठबंधन अपने 202 विधायकों को मतदान से एक रात पहले बताएगा कि किस कैंडिडेट को कौन-कौन से विधायक वोट देंगे। जीत के लिए एक कैंडिडेट को 41 वोट चाहिए।

बिहार राज्यसभा चुनाव: कौन MLA किसे वोट देगा, विधायकों को 15 घंटे पहले बताएगा NDA, तब तक सस्पेंस

बिहार से राज्यसभा की 5 सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान को लेकर सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) पूरी गोपनीयता के साथ अपनी चुनावी रणनीति बना रहा है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के आवास पर गुरुवार रात एनडीए विधायकों को बैठक और रात्रि भोज के लिए बुलाया गया था, लेकिन वहां सिर्फ मतदान प्रक्रिया के बारे में बताया गया और सही तरीके से वोट की ट्रेनिंग दी गई। ट्रेनिंग देने का काम भाजपा के पूर्व मंत्री नीतीश मिश्रा ने किया, जो खुद भी मधुबनी की झंझारपुर सीट से विधायक हैं। एनडीए का कौन सा विधायक किस कैंडिडेट को वोट देगा, यह सस्पेंस अभी बनाकर रखा गया है। सूत्रों का कहना है कि एनडीए अपने विधायकों को मतदान से ठीक पहले 15 मार्च की रात ही बताएगा कि कौन किसे वोट करेगा।

सूत्रों के मुताबिक भाजपा, जदयू, रालोमो, चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी - रामविलास (लोजपा-आर) और जीतनराम मांझी की हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (एचएएम) के विधायक चुनाव से पहले उपेंद्र कुशवाहा और विजय कुमार चौधरी की मेजबानी में दो बार रात्रि भोज के बहाने जुटेंगे। खुद चुनाव लड़ रहे रालोमो अध्यक्ष कुशवाहा शनिवार 14 मार्च को रात्रि भोज दे रहे हैं, जबकि जदयू के मंत्री विजय कुमार चौधरी 15 मार्च रविवार को बैठक की मेजबानी करेंगे। सूत्रों का कहना है कि विधायकों को संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी के आवास पर शाम 7 बजे से होने वाली बैठक में वोट से 15 घंटे पहले ही बताया जाएगा कि उन्हें किस कैंडिडेट को वोट देना है।

उपेंद्र कुशवाहा या शिवेश राम, राज्यसभा चुनाव में बिहार से NDA के 5वें कैंडिडेट कौन हैं?

इस चुनाव में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, जेडीयू नेता रामनाथ ठाकुर और भाजपा नेता शिवेश राम एनडीए के कैंडिडेट हैं। एनडीए के घटक दलों के पास 202 विधायकों के वोट हैं, जिनसे वो जीत के लिए जरूरी 41 वोट के हिसाब से 4 सीट पक्का निकाल लेगा। 5वीं सीट के लिए उसके पास खुद के 38 वोट हैं और जीत के लिए 3 वोट का जुगाड़ विपक्षी दलों में क्रॉस वोटिंग से करना होगा। विपक्ष से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने अमरेंद्र धारी सिंह उर्फ एडी सिंह को लड़ाया है, जिन्हें एनडीए के 5वें कैंडिडेट से लड़कर सांसदी बचानी है।

नए CM की रेस में एक फोटो से खलबली; सम्राट चौधरी कर रहे प्रणाम, कंधे पर नीतीश का हाथ!

एनडीए के सारे कैंडिडेट को जिताने के लिए भाजपा ने केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा और छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा को पर्यवेक्षक बनाकर पटना भेजा है। दोनों नेता दो दिनों से पटना में कैंप कर रहे हैं और एनडीए के 5वें कैंडिडेट के लिए घट रहे वोटों का जुगाड़ लगा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि भाजपा की नजर बसपा के इकलौते विधायक सतीश सिंह यादव, आईआईपी के अध्यक्ष और अकेले विधायक आईपी गुप्ता के साथ-साथ कांग्रेस के कुछ विधायकों पर है। क्रॉस वोटिंग से लेकर वोट से दूर रखने जैसे उपायों की चर्चा चल रही है।

राज्यसभा चुनाव पर तेजस्वी और ओवैसी की हो गई डील? बैठक के बाद अख्तरुल बोले- शुभ संकेत

लालू यादव और तेजस्वी यादव की पार्टी राजद के कैंडिडेट एडी सिंह अरबपति कैंडिडेट हैं, जिससे राज्यसभा चुनाव में विधायकों के वोट के लिए नोट की नदियां बहने की चर्चा भी चल रही है। सिंह का दावा है कि वो हारने के लिए नहीं लड़ रहे हैं। राजद के पास 25 विधायक हैं। महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, लेफ्ट और आईआईपी को लेकर 35 विधायक हैं। असदुद्दीन ओवैसी और मायावती के दल के 6 विधायक ऐसे हैं, जो ना सरकार के साथ हैं, ना महागठबंधन का हिस्सा हैं। तेजस्वी और ओवैसी के बीच बात बनने की खबरें हैं, लेकिन समर्थन का खुला ऐलान नहीं हुआ है।

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।