नीतीश के राज्यसभा नामांकन के बाद बिहार में हलचल, जेडीयू ने बुलाई विधायक दल की बैठक
नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन करने के बाद बिहार में सियासी हलचल तेज हो गई है। नीतीश के आवास पर शुक्रवार शाम को जदयू विधायक दल की बैठक बुलाई गई है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन के बाद सूबे के सियाली गलियारों में हलचल तेज हो गई है। एक तरफ, जनता दल यूनाइटेड (JDU) के कई कार्यकर्ता नीतीश के इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। दूसरी ओर, जेडीयू के विधायक दल की बैठक बुला ली गई है। यह बैठक शुक्रवार शाम को पटना के 1, अणे मार्ग स्थित सीएम नीतीश के आवास पर होगी। इसमें पार्टी के सभी विधायक एवं एमएलसी के साथ सांसदों एवं वरीय नेताओं के भी मौजूद रहने की संभावना है।
बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने शुक्रवार दोपहर को मीडिया से बातचीत में कहा कि शाम को 5 बजे से जदयू के विधान मंडल दल की बैठक है। हम सभी विधायक लोग बैठक में जाएंगे। हालांकि, बैठक के एजेंडे पर उन्होंने खुलकर कुछ नहीं कहा।
मंत्री ने कहा कि बैठक में क्या चर्चा होगी, उसके बाद मीडिया ब्रीफिंग में जानकारी दे दी जाएगी। नीतीश के राज्यसभा जाने के फैसले का जेडीयू में विरोध होने के सवाल को भी वे टाल गए। उन्होंने कहा कि बैठक में अगर किसी तरह की नाराजगी की बात होगी तो वे बताएंगे।
राज्यसभा जा रहे नीतीश, बिहार को मिलेगा नया मुख्यमंत्री
बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को राज्यसभा जाने का ऐलान कर सभी को चौंका दिया था। उन्होंने गुरुवार को ही बिहार विधानसभा में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन भी किया। इसकी अटकलें बीते दो दिनों से लगाई जा रही थीं। खुद नीतीश ने गुरुवार सुबह सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी घोषणा की।
नीतीश के राज्यसभा सांसद बनने के बाद बिहार में अब नए सिरे से सरकार का गठन होगा। अगला मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी से बनाए जाने की चर्चा तेज है। जेडीयू के वरीय नेता भी इस पर हामी भर चुके हैं। हालांकि, अप्रैल में बिहार को नया सीएम मिलने की पूरे आसार नजर आ रहे हैं।
नीतीश के राज्यसभा जाने का जेडीयू में विरोध
दूसरी ओर, नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने का उनकी पार्टी में विरोध भी हो रहा है। बड़ी संख्या में जेडीयू कार्यकर्ता पटना में धरने पर बैठ गए हैं। जेडीयू कार्यालय के बाहर नीतीश के समर्थन में शुक्रवार को नारेबाजी की गई। कार्यकर्ता सीएम से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील कर रहे हैं।
उमेश कुशवाहा फिर से बनेंगे जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष
इसी बीच, उमेश कुशवाहा को फिर से बिहार में जेडीयू की कमान मिल गई है। उन्होंने शुक्रवार को उन्होंने लगातार तीसरी बार जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए नामांकन किया। शाम तक उनके चुने जाने का औपचारिक ऐलान कर दिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


