बिहार में सहरसा पुलिस ने चलाया महा-ऑपरेशन, 3 करोड़ का नशा किया जब्त; 448 तस्कर दबोचे गए
Bihar News Today: बिहार के सहरसा जिले की पुलिस ने विशेष अभियानों के तहत 448 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 3 करोड़ का नशा जब्त किया है। वहीं 'ऑपरेशन सवेरा' में 152 लापता लोगों को और 'ऑपरेशन मुस्कान' में 425 मोबाइल बरामद किए है।

Bihar News Today: बिहार के सहरसा जिले में पुलिस ने अपराधियों, नशा तस्करों और मानव तस्करों के खिलाफ महा-ऑपरेशन चलाते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। कोसी प्रक्षेत्र के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष और सहरसा एसपी हिमांशु के नेतृत्व में चलाए जा रहे नशा मुक्ति, 'ऑपरेशन मुस्कान' और 'ऑपरेशन नया सवेरा' के तहत पुलिस ने रिकॉर्ड तोड़ कार्रवाइयां की हैं। जनवरी से लेकर 8 मई तक चले इस विशेष अभियान में पुलिस ने जहां करोड़ों के नशीले पदार्थ जब्त किए हैं, वहीं कई नाबालिग लड़कियों को देह व्यापार और मानव तस्करों के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला है।
करीब 3 करोड़ का ड्रग्स व शराब जब्त, 448 गिरफ्तार
अवैध शराब और सूखे नशे के खिलाफ चले महाभियान में पुलिस ने कुल 448 कुख्यात नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस ने इस दौरान लगभग 2 करोड़ 92 लाख 64 हजार रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। इनमें सबसे बड़ी खेप 1 करोड़ 34 लाख रुपये की कीमत वाले स्मैक (672 ग्राम) की है। इसके अलावा 22 लाख रुपये का गांजा (44 किलो) और 23 लाख रुपये का कोडीन युक्त कफ सिरप जब्त किया गया है। वहीं, 1 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की देसी-विदेशी शराब (करीब 10 हजार लीटर) जब्त की गई है और शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर 62 वाहन भी जब्त किए गए हैं।
रेड लाइट एरिया और ईंट भट्ठे से 152 की सकुशल बरामदगी
सहरसा पुलिस की सबसे बड़ी उपलब्धि 'ऑपरेशन नया सवेरा' के तहत रही है। इस साल अब तक 152 लापता लोगों को सकुशल बरामद किया गया है। पुलिस ने छापेमारी कर मानव तस्करों के चंगुल से 18 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। इनमें से 6 लड़कियों को सारण के ऑर्केस्ट्रा से और 5 लड़कियों को रेड लाइट एरिया से सेक्स रैकेट के चंगुल से बाहर निकाला गया। इसके अलावा, एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चुन्ना मुखिया के ईंट भट्ठे पर छापेमारी कर 19 परिवारों के 68 लोगों को बंधुआ मजदूरी से भी मुक्त कराया है।
425 लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
नशा और अपराध के अलावा, सहरसा पुलिस ने आम जनता को राहत देते हुए 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत गुम या चोरी हुए 425 मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को लौटाए हैं। इन मोबाइल फोन्स की अनुमानित कीमत करीब 71 लाख 84 हजार रुपये बताई जा रही है। हाल ही में फेज-8 के तहत 73 मोबाइल फोन (कीमत 15 लाख रुपये) धारकों को सौंपे गए थे।


