बिहार पुलिस सिपाही भर्ती में फर्जीवाड़े का गढ़ निकला मुंगेर; 107 अभ्यर्थियों और सॉल्वर पर केस, 15 गिरफ्तार

हिन्दुस्तान, निज संवाददाता, मुंगेर
Follow us on Google News
share

बिहार पुलिस सिपाही भर्ती 2025 के धांधली और फर्जीवाड़े का मुंगेर पूरा गढ़ बनकर उभरा है। इस मामले में पटना पुलिस ने मुंगेर जिले के रहने वाले 107 लोगों पर केस किया है। इनमें कई परीक्षार्थी तो कुछ सॉल्वर गैंग से जुड़े सदस्य हैं। अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

बिहार पुलिस सिपाही भर्ती में फर्जीवाड़े का गढ़ निकला मुंगेर; 107 अभ्यर्थियों और सॉल्वर पर केस, 15 गिरफ्तार
Bihar Police Sipahi Bharti Exam fraud case munger

Bihar Police Sipahi Bharti Exam: बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 2025 में हुए बड़े फर्जीवाड़े की जड़ें अब मुंगेर तक गहराई से पहुंच चुकी हैं। पटना पुलिस की जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि परीक्षा धांधली और सॉल्वर गैंग से जुड़े 107 आरोपी अकेले मुंगेर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। इस खुलासे के बाद परीक्षा माफिया के खिलाफ पटना और मुंगेर पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ा अभियान छेड़ दिया है। पुलिस अब तक 15 आरोपियों को दबोच चुकी है, जबकि 90 से अधिक अब भी गिरफ्त से बाहर हैं।

​सिपाही भर्ती परीक्षा में धांधली को लेकर पटना में दर्ज एफआईआर के बाद पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है। पटना पुलिस ने मुंगेर पुलिस को ऐसे 107 आरोपी परीक्षार्थियों की सूची सौंपी है, जिन पर एग्जाम में धांधली करने, फर्जी अभ्यर्थी (स्कॉलर) बैठाने और संगठित परीक्षा माफिया गिरोह से जुड़े होने का आरोप है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पटना के गर्दनीबाग थाना कांड संख्या 160/25 में मुंगेर से जुड़े 45 आरोपी नामजद हैं।

वहीं, पटना के ही सचिवालय थाना कांड संख्या 76/2025 में मुंगेर जिले के 62 आरोपियों का संबंध सामने आया है। सूची मिलते ही हरकत में आई मुंगेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर पटना पुलिस के हवाले कर दिया है। बाकी के फरार लोगों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

​संगठित गिरोह का होगा पर्दाफाश: एसपी

​इस मामले पर मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि पटना पुलिस द्वारा 107 आरोपियों की सूची उपलब्ध कराई गई है। इसमें से 15 की गिरफ्तारी की जा चुकी है। कुछ आरोपी वर्तमान में जमानत पर हैं, जबकि शेष फरार लोगों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

एसपी ने स्पष्ट किया कि जल्द ही सभी आरोपियों को दबोचकर पटना पुलिस को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल नकल का साधारण मामला नहीं है, बल्कि एक संगठित परीक्षा माफिया नेटवर्क है जो मोटी रकम लेकर नौकरी दिलाने का खेल चला रहा था। पुलिस अब इस गिरोह के मास्टरमाइंड, सॉल्वर गैंग और उनके बीच हुए आर्थिक लेनदेन की कड़ियों को खंगाल रही है।

(मुंगेर से हिन्दुस्तान संवाददाता की रिपोर्ट)

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।