दिन में सस्ती और शाम में महंगी बिजली से हर महीने 90 रुपये बचेंगे, बिहार में कंपनी ने गिनाए फायदे

हिन्दुस्तान टीम हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share

Bihar News: उदाहरणस्वरूप शहरी घरेलू उपभोक्ता यदि प्रतिदिन मात्र 2 यूनिट बिजली शाम की पीक अवधि से हटाकर दिन की ऑफ-पीक अवधि में उपयोग करें तो प्रतिदिन ₹2.96 की बचत होती है, जो प्रतिमाह लगभग ₹89.00 बनती है।

दिन में सस्ती और शाम में महंगी बिजली से हर महीने 90 रुपये बचेंगे, बिहार में कंपनी ने गिनाए फायदे

Bihar News: बिहार में दिन में सस्ती और शाम में महंगी बिजली मिलने की व्यवस्था (टीओडी टैरिफ) को कंपनी ने उपभोक्ता हित में बताया है। सोमवार को कंपनी ने बताया कि देश के 22 राज्यों में टीओडी टैरिफ लागू है। केंद्रीय विद्युत मंत्रालय के उपभोक्ता अधिकार (संशोधन) नियम, 2023 और राष्ट्रीय टैरिफ नीति 2016 के तहत बिहार में भी इसे लागू किया गया है। कंपनी ने कहा है कि राज्य में 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली की सुविधा जारी है। इस सुविधा के कारण लगभग 90 फीसदी घरेलू उपभोक्ताओं का मासिक बिजली बिल शून्य होता है।

टीओडी टैरिफ लागू होने से उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं होगी, बल्कि वे इस व्यवस्था का उपयोग कर और अधिक बचत कर सकेंगे। विनियामक आयोग ने टाइम ऑफ डे (टीओडी) टैरिफ को अनिवार्य किया है। एक अप्रैल तक या उससे पहले 10 केवी से अधिक की अधिकतम मांग वाले वाणिज्यिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए टाइम ऑफ डे (टीओडी) अनिवार्य कर दिया गया है।

स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ता ‘पीक’ (अधिकतम मांग) और ‘ऑफ-पीक’ (कम मांग) समय के दौरान अपनी मांग के प्रबंधन को बेहतर बनाकर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। नई व्यवस्था के तहत सुबह नौ से शाम पांच बजे तक की (ऑफ-पीक) में बिजली सस्ती मिलेगी, जबकि शाम पांच से रात 11 बजे तक (पीक अवधि) में दरें अधिक होगी। रात 11 से सुबह नौ बजे तक सामान्य दर लागू रहेगी।

उपभोक्ताओं को नियमानुसार बिजली मिलेगी

कंपनी ने कहा है कि यदि उपभोक्ता अपने उपयोग का कुछ हिस्सा पीक समय से हटाकर ऑफ-पीक समय में कर दें, तो हर माह लगभग 90 रुपये बचेंगे। उदाहरणस्वरूप शहरी घरेलू उपभोक्ता यदि प्रतिदिन मात्र 2 यूनिट बिजली शाम की पीक अवधि से हटाकर दिन की ऑफ-पीक अवधि में उपयोग करें तो प्रतिदिन ₹2.96 की बचत होती है, जो प्रतिमाह लगभग ₹89.00 बनती है।

यह बचत बिना कुल खपत घटाए, केवल उपयोग का समय बदलने से संभव है। रोजाना 10 घंटे की खपत पर सामान्य दर, आठ घंटे के खपत पर सामान्य दर का 80 फीसदी और मात्र छह घंटे के खपत पर सामान्य दर से मात्र 10 फीसदी की दर ही अधिक भुगतान करना होगा। कृषि क्षेत्र को छोड़कर सभी उपभोक्ता, जिनकी अनुबंधित मांग 10 केवी से अधिक है और सभी स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को इसी नियमानुसार बिजली मिलेगी।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।