बिहार पंचायत चुनाव में देरी के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका, सम्राट सरकार और निर्वाचन आयोग जवाब-तलब

हिन्दुस्तान, विधि संवाददाता, पटना
Follow us on Google News
share

बिहार पंचायत चुनाव में हो रही देरी के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका लगाई गई है। इसमें पंचायत चुनाव तय समय पर ही कराने की मांग की गई है। इस मामले में अदालत ने सम्राट सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग को जवाब-तलब किया है।

patna high court bihar panchayat chunav
पटना हाई कोर्ट ने बिहार पंचायत चुनाव को लेकर दायर याचिका पर सरकार और आयोग से जवाब मांगा (फाइल फोटो)

शंभू शरण, पटना। बिहार पंचायत चुनाव को लेकर पटना हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की गई है। इसमें समय पर चुनाव कराने की मांग की गई है। अदालत ने इस संबंध में चुनाव आयोग और बिहार की सम्राट चौधरी सरकार को इस मामले में जवाब-तलब किया है। दोनों से कोर्ट में जवाबी हलफनामा दायर कर स्थिति स्पष्ट करने का आदेश दिया गया है। बता दें कि बिहार की पंचायती राज संस्थाओं का कार्यकाल इसी साल नवंबर-दिसंबर में खत्म हो रहा है, हालांकि परिसीमन प्रक्रिया के चलते पंचायत चुनाव में देरी की संभावना है।

मोहन प्रसाद चौरसिया एवं अन्य की ओर से दायर याचिका पर पटना हाईकोर्ट के जस्टिस ए अभिषेक रेड्डी की एकलपीठ ने गुरुवार को सुनवाई की। आवेदकों की ओर से वकील एसबीके मंगलम और अवनीश ने कोर्ट को बताया की राज्य सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग के रवैये से क्षुब्ध होकर पंचायत चुनाव ससमय कराने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया गया है।

कार्यकाल पूरा होने से पहले चुनाव कराने की मांग

उन्होंने कोर्ट से गुहार लगाई कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 243 (ई) (1)(3) एवं पंचायती राज अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत चुनाव की घोषणा निर्वाचन आयोग द्वारा पूर्व में गठित पंचायती राज संस्थाओं का कार्यकाल पूरा होने के पहले किया जाए। पंचायती राज संस्थाओं का कार्यकाल इसी साल खत्म हो रहा है।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का हवाला

उनका यह भी कहना था कि वर्तमान में राज्य निर्वाचन आयोग और राज्य सरकार बाढ़ की स्थिति का हवाला देते हुए समय पर चुनाव की घोषणा नहीं कर रही है। जबकि सुप्रीम कोर्ट ने किसी भी परिस्थिति में चुनाव की घोषणा में देरी नहीं करने का आदेश दिया है। क्योंकि यह संवैधानिक प्रावधानों के विपरीत है।

पंचायत चुनाव में हो रही देरी

राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिले में परिसीमन की तैयारी शुरू कर दी है। 2011 की जनसंख्या के आधार पर ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद के क्षेत्रों की सीमाएं निर्धारित की जाएंगी।

परिसीमन के बाद आरक्षण तय होगा

परिसीमन के बाद नया आरक्षण रोस्टर तैयार होगा। पदवार आरक्षण तय किए जाएंगे। एससी, एसटी, ईबीसी और महिलाओं की सीटों का अनुपात तय किया जाएगा। फिर नई मतदाता सूची तैयार कर पोलिंग बूथ का निर्धारण होगा। इस पूरी प्रक्रिया में कुछ महीनों का समय लग सकता है। ऐसे में समय से पंचायत चुनाव होने की संभावना ना के बराबर है।

बता दें कि बिहार में आखिरी बार साल 2021 में पंचायत चुनाव हुए थे। उस समय सितंबर से दिसंबर के बीच ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद के विभिन्न पदों पर चुनाव कराए गए थे। पंचायती राज संस्थाओं का कार्यकाल 5 साल के लिए होता है, जो 2026 के अंत में खत्म होने जा रहा है।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsबिहार पंचायत चुनाव में देरी के खिलाफ HC में याचिका, सरकार और आयोग जवाब-तलब