बिहार पंचायत चुनाव के फॉर्म 1 का इंतजार, जानिए कब शुरू होगा वोटर लिस्ट का काम

हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
Follow us on Google News
share

बिहार में इस साल होने वाले पंचायत चुनाव के लिए फॉर्म 1 प्रकाशन का इंतजार हो रहा है। फॉर्म 1 प्रकाशित होने के बाद जिला स्तर पर वोटर लिस्ट तैयार होने का काम शुरू कर दिया जाएगा। बिहार की 8053 पंचायतों में पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद के ढाई लाख पदों पर चुनाव होंगे।

Voting

Bihar Panchayat Elections 2026: बिहार में इस साल पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव होने हैं। पंचायत चुनाव के लिए फॉर्म-1 के प्रकाशन का इंतजार है। राज्य निर्वाचन आयोग फॉर्म-1 का प्रकाशन करने के बाद वोटर लिस्ट का काम शुरू करेगा। बिहार पंचायत चुनाव नवंबर-दिसंबर 2026 तक कराए जाएंगे। इससे पहले मतदाता सूची तैयार करने, बूथों के निर्धारण, ईवीएम की उपलब्धता सहित अन्य कार्य निर्वाचन आयोग की ओर से किए जाएंगे।

जानकारी के अनुसार, 2011 की जनगणना के आधार पर ही इस साल भी चुनाव क्षेत्र की आबादी का निर्धारण किया जाएगा। इसके बाद फॉर्म-1 का प्रकाशन होगा। आम लोगों से उनके निर्वाचन क्षेत्र को लेकर दावा और आपत्ति मांगे जाएंगे। इसके बाद दावा और आपत्तियों का ससमय निबटारा होगा। फिर मतदाता सूची बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी।

जून में शुरू होगा वोटर लिस्ट का काम

चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, जिला स्तर पर मतदाता सूची बनाने सहित अन्य चुनावी तैयारियां मतदान से पहले पूरी की जाएगी। आयोग ने पहले ही सभी जिलों में डीएम को जिला निर्वाचन पदाधिकारी, पंचायत एवं जिला पंचायतीराज पदाधिकारी को सहायक जिला निर्वाचन पदाधिकारी नामित कर दिया है। मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया जून, 2026 में शुरू होगी।

अगस्त 2021 में हुई थी पिछले पंचायत चुनाव की घोषणा

इस साल नवंबर-दिसंबर में संभावित पंचायत चुनाव को लेकर ग्रामीण इलाकों में सभी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पिछली बार राज्य में पंचायत चुनाव 25 अगस्त 2021 को घोषित किया गया था। मतदान 11 चरणों में हुआ था। कुल छह पदों मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य, पंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के लिए मतदान होता है।

इस बार 8053 पंचायतों में होना है चुनाव

इस वर्ष यानी 2026 में बिहार की 8053 पंचायतों में आम चुनाव होंगे। त्रि-स्तरीय पंचायतीराज व्यवस्था के तहत ग्राम पंचायत, पंचायत समिति एवं जिला परिषद के विभिन्न पदों के लिए चुनाव कराए जाएंगे। करीब ढाई लाख पदों के लिए होने वाले इस चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग, राज्य सरकार, जिला प्रशासन सहित सभी हितधारकों की सहभागिता होगी।

पहली बार मल्टी-पोस्ट ईवीएम से होगा मतदान

इस बार पंचायत चुनाव में पहली बार इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से मतदान कराया जाएगा। एक से अधिक पदों पर चुनाव होने के चलते मल्टी-पोस्ट ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें मतदाता एक बार में ही 6 अलग-अलग पदों के प्रत्याशियों को अपना वोट डाल सकेंगे।

मल्टी-पोस्ट ईवीएम में अलग-अलग बैलेट यूनिट होती हैं, जो एक ही कंट्रोल यूनिट से जुड़ी होती हैं। आगामी चुनाव में पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद के कुल 6 पदों पर एक साथ चुनाव कराए जाएंगे। ऐसे में 6 अलग-अलग बैलेट यूनिट्स को एक कंट्रोल यूनिट से जोड़ा जाएगा।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।