बिहार पंचायत चुनाव 2026 पर आया अपडेट, 27 अप्रैल के लिए सभी निर्वाचन अधिकारियों को मिल गए निर्देश
राज्य निर्वाचन आयोग ने इस साल होने वाले बिहार पंचायत चुनाव को लेकर अहम निर्देश जारी किए हैं। सभी जिलों के डीएम (जिला निर्वाचन पदाधिकारी, पंचायत) को 27 अप्रैल को प्रारूप का प्रकाशन करने और फॉर्म-1 तैयार करने को कहा है। इसके बाद वोटर लिस्ट का काम शुरू हो जाएगा।

बिहार पंचायत आम चुनाव 2026 की तैयारी जोरों पर है। इस साल के अंत में होने वाले पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव पर बड़ा अपडेट आया है। सभी पंचायतों में आगामी 27 अप्रैल को प्रारूप का प्रकाशन कर दिया जाएगा। इसके लिए सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी यानी डीएम को निर्देश मिल गए हैं। बिहार राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से इस संबंध में शुक्रवार को दिशानिर्देश जारी कर दिए गए। इसके बाद सभी जिलों में फॉर्म-1 की तैयारी भी शुरू हो गई है।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव मुकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि 24 अप्रैल को सभी निर्वाचन क्षेत्रों में प्रारूप प्रकाशित कर दिया जाएगा। दूसरी ओर, सभी जिलों में डीएम को निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) पहले ही बनाया जा चुका है। पंचायत के वार्डों की सीमा में कोई बदलाव नहीं किया है। साल 2011 की जनगणना के आधार पर ही आबादी का निर्धारण किया जाएगा और प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची तैयार की जाएगी। इस साल कुल 8035 पंचायतों में चुनाव होने हैं।
प्रारूप प्रकाशन के बाद शुरू होगा वोटर लिस्ट का काम
प्रारूप का प्रकाशन होने के बाद पंचायतों में वोटर लिस्ट तैयार करने का काम शुरू हो जाएगा। सभी जिलों को फॉर्म-1 तैयार करने को कहा गया है। सभी निर्वाचन क्षेत्रों में दावा और आपत्ति मांगे जाएंगे। उनका निर्धारित समय में निबटारा किया जाएगा। फिर मतदाता सूची तैयार कर दी जाएगा। वोटर लिस्ट बनने के बाद चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी।
नवंबर-दिसंबर में मतदान
बिहार के सभी पंचायतों, पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनाव नवबंर और दिसंबर 2026 में होने की संभावना है। मौजूदा सदस्यों के कार्यकाल की समाप्ति होने से पहले ही नए सदस्यों का निर्वाचन हो जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग एवं पंचायती राज विभाग की ओर से इसकी तैयारी पहले ही शुरू कर दी गई थी।
इस बार ईवीएम से मतदान
साल 2021 में 11 चरणों में मतदान हुआ था। चुनाव की तारीखों की घोषणा अगस्त महीने में घोषित कर दिया गया था। वहीं, इस बार पंचायत चुनाव काफी खास होने वाले हैं। पहली बार ईवीएम से पंचायत चुनाव में मतदान होगा। मतदाता वार्ड सदस्य, पंच, सरपंच, मुखिया समेत कुल 6 पदों पर एक साथ ईवीएम में वोट डालेंगे। इसके लिए मल्टी-पोस्ट ईवीएम लगाई जाएंगी। इस बार का पंचायत चुनाव पुराने परिसीमन पर ही होगा, लेकिन आरक्षण का रोस्टर जरूर बदला जाएगा। नियमों के अनुसार, हर 10 साल में आरक्षण रोस्टर बदला जाता है।
( पटना से हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


