
चिकेन के लिए इंसान का कत्ल; ग्राहक ने दुकानदार के सीने में मारा चाकू, हत्या के बाद भारी बवाल
संक्षेप: एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि कम दाम में चिकेन नहीं देने पर युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है। वारदात में प्रयुक्त चाकू को बरामद कर लिया गया है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद कार्रवाई की जा रही है।
बिहार के वैशाली में चिकेन के दाम के विवाद में एक शख्स की हत्या कर दी गयी। घटना भटौलीया गांव में शुक्रवार शाम की है। चिकेन का दाम कम नहीं करने पर विवाद हो गया और इनायतनगर निवासी मो. इम्तियाज (25) की सीने में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित लोगों ने शव को हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 22 पर रखकर जाम कर दिया और जमकर बवाल काटा।

आक्रोशित ग्रामीण टायर जलाकर हंगामा करने लगे। वे लोग आरोपित की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंचे बीडीओ, थानेदार सुनील कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि भटौलीया गांव स्थित सड़क किनारे मो. इस्लाम की मुर्गा दुकान पर मो. इम्तियाज काम करता था। इसी दौरान भटौलीया निवासी मिथिलेश साह उर्फ मिठ्ठु साह का पुत्र प्रिंस कुमार दुकान पर पहुंचा। मो. इम्तियाज से कम दाम में चिकेन देने का दबाव बनाने लगा। इनकार करने पर प्रिंस भड़क गया और सीने में चाकू घोंप दिया। इम्तियाज की मां जमीला खातून का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की शादी तीन साल पहले हुई थी। पत्नी सफीना बार-बार बेहोश हो जा रही है। उसे दो छोटे-छोटे बच्चे हैं।
इस मामले में एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि कम दाम में चिकेन नहीं देने पर युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है। वारदात में प्रयुक्त चाकू को बरामद कर लिया गया है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद कार्रवाई की जा रही है। बताया कि पुलिस गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।





