Hindi News बिहार Bihar News Live Updates: बिहार में सूखे के हालात, सीएम ने किया सर्वेक्षण, गया में इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सड़क मार्ग से आ रहे पटना

Bihar News Live Updates: बिहार में सूखे के हालात, सीएम ने किया सर्वेक्षण, गया में इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सड़क मार्ग से आ रहे पटना

बिहार में सूखे के हालात का सीएम नीतीश कुमार ने सर्वेक्षण किया । इस दौरान खराब मौसम के कारण गया में उनके हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिग कराई गई। वे सड़क मार्ग से पटना आ रहे हैं।

Bihar News Live Updates: बिहार में सूखे के हालात, सीएम ने किया सर्वेक्षण, गया में इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सड़क मार्ग से आ रहे पटना
Bihar News Live Updates
लाइव हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीPublished By: Jayesh JetawatEdited By: Sudhir Kumar
Fri, 19 Aug 2022 08:35 PM

बिहार में सूखे के हालात उत्पन्न हो गए हैं। इसका हवाई सर्वेक्षण करने निकले सीएम नीतीश कुमार  का गया में इमरजेंसी लैंडिग कराना पड़ा। गया, जहानाबाद, अरवल समेत कई जिलों का सर्वेक्षण करने के लिए निकले थे। इसी बीच मौसम अचानक खराब हो गया। मौसम के हालात को देखते हुए  सीएम के हिलीकॉप्टर का गया एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारना पड़ा। कम बारिश की वजह से बिहार के कई जिलों में किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। उन्हें सरकार से राहत की उम्मीद है। महागठबंधन सरकार में आरजेडी के मंत्रियों को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह, कृषि मंत्री सुधाकर सिंह के बाद तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव भी विवादों में गिर गए हैं। बिहार से जुड़ी हर छोटी-बड़ी खबर के लाइव अपडेट्स यहां पढ़ें-
 

Fri, 19 Aug 2022 08:35 PM

जहानाबादः बाथरूम में तहखाना बना शराब का धंधा

शहर के होरिलगंज मोहल्ले में शराब का धंधा किए जाने की गुप्त सूचना पाकर एंटी लिकर टास्क फोर्स और नगर थाने की पुलिस ने शुक्रवार को शहर के होरिलगंज मोहल्ला की निवासी दो महिलाओं के घरों में छापेमारी की। एक महिला के घर के बाथरूम में तहखाना बनाकर तथा दूसरी महिला के घर के बगल में परती जमीन को खोदकर उसमें शराब छिपाकर बेचने का मामला पकड़ा गया। इस दौरान पुलिस ने 18 लीटर महुआ शराब जब्त किया। एक महिला कारोबारी की गिरफ्तारी की गई जबकि मौका पाकर एक अन्य महिला कारोबारी भागने में सफल हो गई। इस संबंध में नगर थाने में  दोनों महिलाओं को आरोपित करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Fri, 19 Aug 2022 08:34 PM

कैमूरः कुदरा व चांद थानाध्यक्ष सहित 38 अफसरों का तबादला

जिले के कुदरा व चांद थानाध्यक्ष सहित 38 पुलिस अफसरों का तबादला विभिन्न थानों में किया गया है। स्थानांतरिण उक्त पुलिस अफसर एक ही थाना में तीन वर्षों से पदस्थापित थे। एसपी राकेश कुमार ने चांद थानाध्यक्ष संजय कुमार को कुदरा तथा कुदरा के प्रभारी थानाध्यक्ष सचिन कुमार को चांद का थानाध्यक्ष बनाकर योगदान करने का निर्देश जारी किया है। तीन वर्ष तक एक ही थाना में काम करने वालों का एसपी ने किया स्थानांतरण एसपी ने 24 घंटा में नवपदस्थापित थानों में ज्वाइन कर रिपोर्ट करने का दिया निर्देश दिया गया है।

Fri, 19 Aug 2022 08:32 PM

समस्तीपुरः व्यवसायी को गोली मारकर दो लाख रुपये लूटा

समस्तीपुर शहर से सटे मथुरापुर ओपी क्षेत्र में बाजार समिति के पास वाइक सवार बदमाशों ने एक गल्ला व्यवसायी को गोली मार जख्मी करने के बाद दो लाख 16 हजार रुपये के साथ उसकी बाइक लूट ली। बदमाशों के भागने के बाद पहुंचे लोगों ने जख्मी व्यवसायी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। व्यवसायी की पहचान शहर के धर्मपुर निवासी प्रीतम कुमार के रूप में की गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। मिली जानकारी के अनुसार प्रीतम बाजार समिति में गल्ला का व्यवसाय करता है। 

Fri, 19 Aug 2022 07:24 PM

JDU ने RCP सिंह को दी घमकीः नीतीश कुमार की धरती सुपौल में पैर रखा तो होगा बुरा अंजाम

जेडीयू से दरकिनार किए गए आरसीपी सिंह पर बयानबाजी और छींटाकशी के बाद अब धमकी का दौर शुरू हो गया है। आरसीपी पर जेडीयू की बौखलाहट खुलकर सामने आ गई है। सुपौल में जदयू की ओर से पूर्व मंत्री और कभी नीतीश कुमार के चहेते रहे आरसीपी को बड़ी धमकी दी गयी है। पार्टी ने आरसीपी पर सुपौल में घुसने पर भी रोक लगा देने की बात कही गई है। कहा गया है कि यहां आने की कोशिश भी मत कीजिएगा वरना बहुत बुरा अंजाम होगा।

Fri, 19 Aug 2022 06:36 PM

भभुआः छेड़खानी का विरोध करने पर डंडे से पीटा

रामगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव के घर में घुसकर बदमाश ने महिला के साथ छेड़खानी की। जब उसने विरोध किया तो उसे लाठी-डंडे से पीटकर उसे जख्मी कर दिया। शुक्रवार को उसके परिजनों द्वारा सदर अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा इलाज किया जा रहा है। पीड़िता ने बताया कि वह अपने घर में अकेली थी। गांव का ही एक युवक उसके घर में घुस आया और उसके साथ छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर उसने उसकी पिटाई कर घायल कर दिया।

Fri, 19 Aug 2022 05:16 PM

अररिया: बिजली करंट की चपेट में आने से 33 वर्षीया महिला की मौत

रानीगंज थाना क्षेत्र के बरबन्ना गांव में बिजली करंट की चपेट में आने से एक 33 वर्षीया महिला की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतका गीता देवी बरबन्ना गांव निवासी मनोज ऋषिदेव की पत्नी थी।  इस घटना में उनके पड़ोस के ही गुड्डू यादव की 11 साल की बेटी खुशबू कुमारी भी झुलस गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि 11 हजार तार के संपर्क में आने से गीता देवी की मौत हो गयी। घटना के बाद मौके पर रानीगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज दिया।

Fri, 19 Aug 2022 04:55 PM

खगड़िया : गोलीकांड में घौरदौर पंचायत के मुखिया गिरफ्तार

करूआमोड़ बाइपास गोलीकांड में सहरसा जिले के घौरदौड़ पंचायत के मुखिया को चौथम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चौथम थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने शुक्रवार को बताया कि घौरदौर पंचायत के मुखिया मुकेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उल्लेखनीय है की गुरुवार की शाम को एनएच 107 के करूआमोड़ बाइपास के समीप एक अपाचे पर सवार तीन बदमाशों ने एक युवक को गोली मार कर घायल कर दिया था। घायल युवक सहरसा जिले के बनमा ओपी क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी पवन यादव के रूप में पहचान हुई थी।

Fri, 19 Aug 2022 03:42 PM

नरकटियागंजः रेल मंत्री का फर्जी पीए बन ठगी का आरोपित धराया

रेल मंत्री अश्वीनी वैष्णव का निजी सचिव बताकर ट्रांसफर पोस्टिंग का झांसा देने वाले युवक को युपी साइबर क्राईम की टीम ने गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी वाराणसी से की गयी है। गिरफ्तार युवक रजत कुमार मिश्रा है। वह शिकारपुर थाना क्षेत्र के राजपुर मठिया गांव का निवासी है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि युवक की गिरफ्तारी की सुचना मिली है। उसे युपी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी गयी है। युपी पुलिस द्वारा युवक के बारे में डिटेल मांगा गया है। युवक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Fri, 19 Aug 2022 03:15 PM

नरकटियागंजः हंगामा करते पियक्कड़ धराया, जेल

शिकारपुर पुलिस ने पांडेय टोला मुहल्ले से एक पियक्कड़ को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार पियक्कड़ की पहचान पांडेय टोला निवासी मुन्ना दास के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि गुप्त सुचना मिली थी कि पांडेय टोला ब्रह्मा स्थान के पास एक युवक शराब पीकर हंगामा कर रहा है। सुचना पर उसे गिरफ्तार किया गया। जांच में शराब पीने की पुष्टि होने पर  उसके विरूद्ध एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

Fri, 19 Aug 2022 02:51 PM

गयाः सीएम के हेलीकॉप्टर की हुई इमरजेंसी लैंडिंग

गया से बड़ी खबर आई  है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हेलीकॉप्टर को गया में इमरजेंसी में उतारा गया। बताया जा रहा है कि खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर को उतारना पड़ा। सीएम का गया, जहानाबाद, अरवल समेत अन्य जिलों में हवाई दौरा प्रस्तावित था। बिहार में कम बारिश की वजह से कई जिलों में सूखे की स्थित बन गई है और किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। उन्हें सरकार से राहत की उम्मीद है। सीएम इसका जायजा लेने निकले थे।गया से वे  सड़क मार्ग से  पटना जा रहे हैं।
 

Fri, 19 Aug 2022 02:36 PM

लखीसरायः मंडल कारा के कैदी की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

लखीसराय मंडल कारा में बंद एक विचाराधीन कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई है। बीमार कैदी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कुछ घंटे के बाद कैदी की मौत हो गई। मंडल कारा के कैदी की मौत का यह पिछले छह माह में पांचवां मामला है। हर बार की तरह इसबार भी कैदी के परिजनों ने मरीज की मौत का कारण मंडल कारा प्रशासन की लापरवाही को बताया है। इतना ही नहीं आक्रोशित परिजनों ने सदर अस्पताल के बाहर सड़क को जाम कर दिया है। 

Fri, 19 Aug 2022 02:01 PM

बेतियाः बाइक दुर्घटना में घायल किसान की पीएमसीएच पटना में मौत

मझौलिया।बिगत 12 अगस्त को बाइक दुर्घटना में घायल लूटन राम (50)वर्ष की पटना जीएमसीएच में ईलाज के दौरान मौत हो गयी।हरपुर गढ़वा पंचायत के भोगाडी गावँ  स्थित पैतृक निवास  में शव पहुंचते ही कोहराम मच गया।बताया गया है कि बिगत 12 अगस्त को सुबह लूटन राम सड़क पर पैदल टहल रहे थे।इसी बीच तेज रफ्तार बाइक चालक ने पीछे से टक्कर मार दी और फरार हो गया।लूटन राम वही लहूलुहान होकर गिर पड़े।राहगीरों ने पहले जीएमसीएच बेतिया भेजा।यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना जीएमसीएच भेजा गया।एक सप्ताह तक जीवन और मौत के बीच झूलते हुए गुरुवार की शाम निधन हो गया।

Fri, 19 Aug 2022 12:59 PM

Bihar News: 20 जिलों में ठनका और बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने बिहार के 20 जिलों में आज ठनका गिरने और बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। बेतिया, हाजीपुर, शेखपुरा, बेगूसराय, मोतिहारी, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बक्सर, जहानाबाद, नालंदा, लखीसराय, जमुई, बांका, मुंगेर, खगड़िया समेत अन्य जिलों के इलाकों में मेघगर्जन और ठनका गिरने के साथ झमाझम बारिश होने की आशंका है। 

पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

Fri, 19 Aug 2022 12:38 PM

Bihar News: दरभंगा में बच्चे की हादसे में मौत, सड़क जाम

दरभंगा जिले में दोनार-बेनीपुर मुख्य सड़क पर सदर थाना क्षेत्र के धोई कल्याणा में आज कार की ठोकर से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना के विरोध में लोगों ने सड़क को जाम कर दिया है। वे प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

Fri, 19 Aug 2022 12:19 PM

Bihar News: नीतीश सरकार के एक और मंत्री बीजेपी के निशाने पर

बिहार की नीतीश कैबिनेट के एक और मंत्री बीजेपी के निशाने पर आ गए हैं। पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के पास से एयरपोर्ट पर कारतूस मिलने के पुराने मामले पर सवाल उठाए हैं। मोदी ने कहा कि कारतूस रखने वाले शिक्षा मंत्री क्या ही सुधार करेंगे।

पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

Fri, 19 Aug 2022 11:52 AM

Bihar News: सुपौल में मौसम बदलने धान को मिली संजीवनी

सुपौल में तीन दिनों तक भीषण गर्मी के बाद आज सुबह से ही मौसम का मिजाज अचानक से बदल गया। आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया और देखते ही देखते जिले के कई हिस्सों में पुरवा संग हल्की बारिश हुई। अचानक हुई या बारिश सूख रहे धान के पौधे के लिए संजीवनी का काम कर सकती है। साथ ही जिले वासियों को उमस भरी गर्मी से भी राहत मिली है। उधर मौसम विभाग ने बारिश के साथ कुछ जगहों पर ठनका गिरने का अलर्ट भी जारी किया है।

Fri, 19 Aug 2022 11:33 AM

Bihar News: समस्तीपुर में किराना दुकान से 2 लाख की लूट

समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना इलाके में गावपुर के योगी चौक स्थित किराना दुकान में बीती रात दो लाख रुपये की लूट हो गई। इस मामले में पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने योगी चौक स्थित नरेश कुमार व अनिल सिंह की किराना दूकान में घुस कर लूट की घटना को अंजाम दिया था। 

Fri, 19 Aug 2022 11:28 AM

विवाद : तेज प्रताप की सरकारी मीटिंग में बहनोई तो तेजस्वी यादव की बैठक में दिखे संजय यादव

बिहार की नीतीश सरकार के विवाद कम नहीं हो रहे हैं। मंत्री तेज प्रताप के साथ सरकारी मीटिंग में बहनोई शैलेश कुमार तो डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के साथ करीबी संजय यादव नजर आए। इन दोनों के पास कोई सरकारी पद नहीं है। बीजेपी ने इस पर तंज भी कसा है।

पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें