Hindi News बिहार Bihar News Live Updates: पटना में सीढ़ियों से गिरे लालू प्रसाद यादव, कंधे और कमर में गहरी चोट

Bihar News Live Updates: पटना में सीढ़ियों से गिरे लालू प्रसाद यादव, कंधे और कमर में गहरी चोट

Bihar News Live Updates: पटना में सबसे बड़े बुलडोजर एक्शन से राजीव नगर और नेपाली नगर इलाके में बवाल हो गया। बीघा भूमि संघर्ष समिति के 12 लोग गिरफ्तार हुए। शाम तक सभी मकानों को ध्वस्त कर दिया जाएगा।

Bihar News Live Updates: पटना में सीढ़ियों से गिरे लालू प्रसाद यादव, कंधे और कमर में गहरी चोट
Bihar live news
लाइव हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीPublished By: Jayesh JetawatEdited By: Shoib Rana
Sun, 03 Jul 2022 08:30 PM

 बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव राजधानी पटना में राबड़ी देवी आवास में सीढ़ियां चढ़ते हुए नीचे गिर गए हैं। इस दौरान लालू यादव की कमर और कंधे में गहरी चोट बताई जा रही है। हालांकि, डॉक्टरों ने प्लास्टर के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी है। वहींगया जिले में दुष्कर्म के बाद 10वीं की छात्रा की छुरा मारकर हत्या कर दी। घर में अकेली सोई हुई थी छात्रा। पिता घर के बाहर सो रहे थे। मुजफ्फरपुर में दुष्कर्म का विरोध करने पर जलाई गई छात्रा की मौत हो गई। 18 दिनों से छात्रा का एसकेएमसीएच में इलाज चल रहा था।  बिहार से जुड़ी हर छोटी-मोटी खबर के लाइव अपडेट्स यहां पढ़ें-

Sun, 03 Jul 2022 08:27 PM

सीढ़ियों से गिरे लालू प्रसाद यादव, कंधे की हड्डी टूटी

राजद मुखिया और बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव सीढ़ी चढ़ते हुए फिसलकर गिर गए हैं जिस वजह से उनके शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। लालू को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया है।

Sun, 03 Jul 2022 05:36 PM

वैशाली में जमीन विवाद को लेकर बमबाजी और फायरिंग, 3 घायल

वैशाली जिले के हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के सुभई गांव में जमीन विवाद को लेकर बमबाजी और फायरिंग हुई। स्कॉर्पियो सवार लोगों पर दूसरे दो पक्ष ने हमला कर दिया। हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। 

Sun, 03 Jul 2022 05:31 PM

गया में दुष्कर्म के बाद 10वीं की छात्रा की छुरा मारकर हत्या

गया जिले में दुष्कर्म के बाद 10वीं की छात्रा की छुरा मारकर हत्या कर दी। घर में अकेली सोई हुई थी छात्रा। पिता घर के बाहर सो रहे थे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

Sun, 03 Jul 2022 04:15 PM

पूर्णिया में धार में डूबकर 3 युवकों की मौत, 1 का शव बरामद

पूर्णिया जिले के बनभाग धार में डूबकर 3 युवकों की मौत हो गई। एक युवक का शव निकाला गया है। एसडीआरएफ की टीम दो अन्य युवकों की तलाश कर रही है। 

Sun, 03 Jul 2022 03:15 PM

पटना बुलडोजर एक्शनः BJP विधायक संजीव चौरसिया ने कार्रवाई को बताया दमनकारी

पटना के राजीव नगर में जिला प्रशासन द्वारा किए गए बुलडोजर एक्शन को बीजेपी विधायक संजीव चौरसिया ने दमनकारी कार्रवाई बताया है। हैदराबाद से वीडियो बनाकर जारी बयान में संजीव चौरसिया ने कहा है कि राजीव नगर की 20 एकड़ की जमीन को लेकर अंचलाधिकारी द्वारा दिया गया आदेश सरासर गलत है।  

संजीव चौरसिया अभी भाजपा की राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक में हैदराबाद में हैं। वहीं से उन्होंने यह बात कही है। पटना के दीघा से बीजेपी विधायक संजीव चौरसिया ने कहा कि राजीव नगर के मामले को लेकर उन्होनें सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाने का दावा किया है। उन्होंने अंचलाधिकारी के मकान तोड़ने संबंधि आदेश को सरासर गलत बताते हुए कहा कि वहां के लोग अन्य सक्षम पदाधिकारी समेत जिलापदाधिकारी तक गुहार लगाई। लेकिन जिलाधाकारी ने उनकी कोई बात नहीं सुनी और प्रशासन ने दमनात्मक तरीके से कार्रवाई शुरू कर दिया।

Sun, 03 Jul 2022 01:41 PM

पटना के राजीव नगर में 7 घंटे तक चला बवाल, घरों में दुबके प्रदर्शनकारी; जेसीबी से ढहाया जा रहा मकान

राजधानी पटना के राजीव नगर में रविवार सुबह करीब 5 बजे अवैध कब्जा ढहाने पहुंची पुलिस प्रशासन की टीम को काफी विरोध का सामना करना पड़ा। करीब 7 घंटे तक जमकर बवाल चला। डीएम और एसएसपी ने जब मोर्चा संभाला, तब जाकर अतिक्रमणकारी घरों में दुबके। डीएम और एसपी मौजूदगी में पोकलेन व जेसीबी से मकान और बाउंड्री को ढहाया जा रहा है। 

Sun, 03 Jul 2022 12:45 PM

Patna Bulldozer Action: राजीव नगर पहुंचे पप्पू यादव, प्रशासन के कहने पर वापस लौटे

पटना के राजीव नगर में अतिक्रमण के खिलाफ जारी प्रशासन की कार्रवाई के बीच लोगों का दर्द सुनने के लिए JAP नेता पप्पू यादव मौके पर पहुंचे। हालांकि जिलाधिकारी ने उन्हें मौके से जाने को कहा। इसके बाद पप्पू यादव अपने दल-बल के साथ वहां से लौट गए।

Sun, 03 Jul 2022 12:38 PM

Patna Bulldozer Action: पटना में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के बीच 12 लोग गिरफ्तार

पटना के राजीव नगर और नेपाली नगर में जारी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के बीच स्थानीय लोगों और पुलिस की झड़प हुई है। पुलिस ने बीघा भूमि संघर्ष समिति के अध्यक्ष श्रीनाथ समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। जिलाधिकारी ने बताया कि मकान तोड़ने का काम शुरू हो गया है। शाम तक अवैध निर्माण वाले सभी मकान ध्वस्त कर दिए जाएंगे।

Sun, 03 Jul 2022 12:08 PM

Patna Bulldozer Action: पुलिस कार्रवाई में मौत से पटना जिला प्रशासन का इनकार

पटना जिला प्रशासन ने बयान जारी कर कहा है कि राजीव नगर और नेपाली नगर में अतिक्रमण के खिलाफ जारी बुलडोजर एक्शन के दौरान किसी की भी मौत नहीं हुई है। कुछ लोग मौत की अफवाह फैला रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है। पुलिस ने भीड़ को काबू करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया है, जिसमें 3 लोग घायल हुए हैं। 

पटना में बुलडोजर एक्शन की तस्वीरें देखने के लिए क्लिक करें 

Sun, 03 Jul 2022 11:48 AM

मौसम विभाग का अलर्ट, मुजफ्फरपुर और दरभंगा में मेघगर्जन और बारिश की आशंका

मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर मुजफ्फरपुर और दरभंगा जिले के कुछ इलाकों में अगले दो से तीन घंटों के भीतर मध्यम दर्जे की बारिश होने की आशंका जताई है। इन इलाकों में हल्के मेघगर्जन की भी संभावना है। मौसम विभाग ने खराब मौसम होने पर लोगों से पक्के मकान में रहने की सलाह दी है।

Sun, 03 Jul 2022 11:20 AM

Bihar News Live: नागालैंड में हादसा, कोढ़ा के 4 मजदूर की मौत

कोढ़ा प्रखंड के रहने वाले 4 मजदूरों की नागालैंड के डीमापुर में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। सभी मृतक भवन निर्माण का काम करते थे। हादसा शनिवार को हुआ। उनकी गाड़ी टेम्पो को टैंकर ने टक्कर मार दी।
 

Sun, 03 Jul 2022 10:56 AM

Patna Bulldozer Action Live: लोगों ने सिलेंडर में पेट्रोल बम से किया विस्फोट, पीछे हटे बुलडोजर

पटना के राजीव नगर और नेपाली नगर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई को लेकर जमकर बवाल मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने सिलेंडर में पेट्रोल बम फोड़कर आग लगा दी है। इससे जेसीबी बुलडोजर को पीछे हटाना पड़ा है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाई जा रही है।

Sun, 03 Jul 2022 10:35 AM

Patna Bulldozer Action Live: पथराव से सिटी एसपी का सिर फटा और महिला पुलिसकर्मी घायल

पटना के राजीव नगर और नेपाली नगर में जारी अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर एक्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव किया। पत्थर लगने से पटना के सिटी एसपी का सिर फट गया। उन्हें इलाज के लिए उन्हें पारस अस्पताल ले जाया गया है। पत्थरबाजी में महिला पुलिसकर्मी प्रिया कुमारी चौधरी भी घायल हुई हैं।

Sun, 03 Jul 2022 10:24 AM

Bihar News Live: सीवान में 10 साल के बच्चे की गला काटकर हत्या

सीवान जिले में गोरिया कोठी थाना इलाके के पच पकड़िया में 10 साल के एक बच्चे की गला रेतकर हत्या कर दी गई। बच्चे का शव काला डुमरा में चवर में पड़ा मिला।

Sun, 03 Jul 2022 09:55 AM

Bihar News Live: लखीसराय में किशोर की हत्या कर तालाब में फेंका

लखीसराय जिले में हलसी थाना क्षेत्र के गेरुआ पुरसंडा गांव के एक किशोर का शव देर रात तालाब में पाया गया। किशोर तालाब में मछली को दाना देने गया था। देर रात वापस नहीं लौटा तो परिजन ने तलाश की। फिर शव तालाब में मिला। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Sun, 03 Jul 2022 09:52 AM

Bihar News Live: करंट की चपेट में आने से महिला बेहोश

अररिया जिले में पलासी प्रखंड के सोहागपुर गांव में आज सुबह बिजली करंट की चपेट में आने से एक महिला बेहोश हो गई। महिला का पलासी पीएचसी में इलाज कराया गया। पीड़िता खतरे से बाहर है।

Sun, 03 Jul 2022 09:25 AM

Bihar News Live: पटना में बुलडोजर एक्शन के दौरान लोगों ने ठेले में आग लगाई, कई झुलसे

पटना के राजीव नगर और नेपाली नगर में अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर एक्शन जारी है। मकान तोड़ने के दौरान लोगों ने ठेला खड़ा कर पुलिस और प्रशासन की टीम को रोकने की कोशिश की। पुलिस ने जब उन्हें हटाने की कोशिश की तो लोगों ने ठेले में आग लगा दी, जिसकी चपेट में आने से कई लोग झुलस गए। 

Sun, 03 Jul 2022 09:15 AM

Bihar News Live: जमुई में ऑटो पलटने से युवती की मौत

जमुई जिले में खैरा-गढ़ी मुख्य मार्ग पर चौहान डीह गांव के पास शनिवार देर शाम सड़क पर गिट्टी गिरे होने की वजह से ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें ऑटो सवार मामा और भांजी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने 21 वर्षीय भांजी को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल मामा की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। 

Sun, 03 Jul 2022 09:03 AM

Bihar News Live: पटना के राजीवनगर में मकान तोड़ने का काम शुरू, पथराव से कई पुलिसकर्मी घायल

पटना के राजीवनगर में बवाल के बीच मकानों को तोड़ने का काम शुरू हो गया है। करीब 15 जेसीबी बुलडोजर से अवैध निर्माणों को तोड़ा जा रहा है। स्थानीय लोगों के पथराव में आधा दर्जन पुलिस कर्मी घायल हो गए हैं।

Sun, 03 Jul 2022 08:44 AM

Bihar News Live: रक्सौल से नरकटियागंज जा रही ट्रेंन के इंजन में लगी आग

रक्सौल से नरकटियागंज के बीच चलने वाली यात्री ट्रेन संख्या 05541 के इंजन में रविवार सुबह भेलाही स्टेशन के पास पुल संख्या 39 के नजदीक अचानक आग लग गई। आग से ट्रेन पर सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। दमकल की गाड़ी को घटना स्थल पर आग बुझाने भेज दिया गया है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।