undefined
हिंदी न्यूज़ बिहार Bihar News Live 6 Dec 2023: पटना में सिलेंडर ब्लास्ट से एक की मौत, चार लोग घायल

Bihar News Live 6 Dec 2023: पटना में सिलेंडर ब्लास्ट से एक की मौत, चार लोग घायल

Bihar News Live 6 Dec 2023: पटना के कदमकुआं थाना इलाके में गैस सिलेंडर में ब्लास्ट होने से एक शख्स की मौत हो गई है, वहीं चार अन्य लोग घायल हुए हैं।

Bihar News Live 6 Dec 2023:  पटना में सिलेंडर ब्लास्ट से एक की मौत, चार लोग घायल
लाइव हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीPublished By: Jayesh Jetawat
Mon, 06 Feb 2023 03:23 PM

Bihar News Live 6 December 2023: पटना के कदमकुआं थाना इलाके में गैस सिलेंडर में ब्लास्ट होने से एक शख्स की मौत हो गई है, वहीं चार अन्य लोग घायल हुए हैं।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज समाधान यात्रा के तहत बांका जिले के दौरे पर हैं। कांग्रेस की भारत जोड़ो पदयात्रा आज मोतिहारी शहर में पहुंच गई है। गया के इमामगंज में कुल्हाड़ी से काटकर एक शख्स की हत्या कर दी गई है। उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश कुमार से नाराज जेडीयू नेताओं को इकट्ठा करना शुरू कर दिया है, उन्होंने 19 और 20 फरवरी को पटना में बैठक बुलाई है। जेडीूय के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने उनपर कार्यकर्ताओं को गुमराह करने का आरोप लगाया है। छपरा के मुबारकपुर में युवक की हत्या के बाद बवाल होने से मौके पर तनाव है, धारा 144 लागू कर दी गई है। उत्तर बिहार में आज कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं। मोतिहारी, बेतिया, सीवान और गोपालगंज में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार की हर छोटी-बड़ी खबर के लाइव अपडेट्स यहां पढ़ें-

Mon, 06 Feb 2023 03:23 PM

उपेंद्र कुशवाहा को नीतीश ने उनके हाल पर छोड़ा, कहा- जेडीयू में कई बार गए-आए, फिर भी दिया सम्मान; अब खुद लें निर्णय

जदयू में इन दिनों आतंरिक कलह अपने चरम पर है। जेडीयू के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ ही मोर्चा खोल रहा है। अब इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बयान सामने आया है। उन्होने बांका में समाधान यात्रा के दौरान मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि उपेंद्र कुशवाहा पार्टी में रहकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्हें मैंने कई बार मौके दिए। कई बार पार्टी में आए और गएष इसके बावजूद मैंने उन्हें सम्मान दिया। लेकिन बीते 2 महीने से वो जिस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं वो किसके इशारे पर हो रही है। आप सब जानते ही हैं। 

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Mon, 06 Feb 2023 01:57 PM

आरा डबल मर्डर: जांच के लिए पहुंचे डीआईजी

आरा में प्रोफेसर दंपती हत्याकांड की जांच के लिए शाहाबाद के डीआईजी पहुंचे हैं। वे परिजनों से घटना की जानकारी ले रहे हैं। अब तक कातिल पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। सीसीटीवी में कैद संदिग्ध घटना के बाद से फरार है।
 

Mon, 06 Feb 2023 01:52 PM

भागलपुर : एग्जाम देकर ममेरे भाई के साथ लौट रही छात्रा को ट्रक ने मारी टक्कर, दोनों की मौत

भागलपुर में विक्रमशिला पुल पर सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक छात्रा समेत दो लोगों की मौत हो गई। छात्रा एसएससी का एग्जाम देकर अपने घर लौट रही थी। वह अपने ममेरे भाई के साथ बाइक पर जा रही थी, तभी ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद घर में मातम छा गया है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें 

Mon, 06 Feb 2023 01:37 PM

जेडीयू में हो जाएगी दो फाड़? क्या है उपेंद्र कुशवाहा का प्लान

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा आर-पार के मूड में नजर आ रहे हैं। कुशवाहा ने अब अपने समर्थन में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट करना शुरू कर दिया है। वे 19 और 20 फरवरी को पटना में शक्ति प्रदर्शन करने जा रहे हैं। उन्होंने नीतीश कुमार के महागठबंधन में जाने से नाराज जेडीयू नेताओं और कार्यकर्ताओं को पटना बुलाया है। जेडीयू में जारी घमासान के बीच अब पार्टी में दो फाड़ होने के कयास लगाए जा रहे हैं।

पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

Mon, 06 Feb 2023 01:25 PM

आरएसएस के पूर्व प्रचारक बलिराम मिश्र का निधन

चकमेहसी थाना क्षेत्र के रतनपुर भर्जा गांव निवासी आरएसएस के पूर्व प्रचारक बलिराम मिश्रा का दरभंगा के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार शाम निधन हो गया। वे काफी दिनों से बीमार थे। बीते दिन तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए दरभंगा में भर्ती कराया गया था। उनके निधन की खबर मिलने के साथ संघ के स्वयंसेवकों और भाजपा के कार्यकर्ताओं के अलावा शुभचिंतको में शोक की लहर फैल गई।

Mon, 06 Feb 2023 01:10 PM

पटना में सिलेंडर फटा, एक की मौत, परिवार के चार लोग घायल

पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में सिलेंडर ब्लास्ट की खबर आ रही है। अमरूदी गली के एक मकान में गैस सिलेंडर में धमाका होने के बाद एक शख्स की मौत हो गई, जबकि परिवार के करीब चार लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

Mon, 06 Feb 2023 12:58 PM

आरा : नूतन छात्रावास में बाइक लगाने के विवाद में छात्रों के दो गुट भिड़े

आरा के नवादा थाना क्षेत्र के महाराजा कॉलेज परिसर स्थित नूतन छात्रावास में आज बाइक लगाने को लेकर हुए विवाद में छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गये और फिर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडों से हुई इस मारपीट की घटना में एक पक्ष के दो छात्र घायल हो गए जिनका नाम ओपी सिंह और मनीष सिंह बताया जा रहा है। दोनों घायल छात्र मूल रूप से रोहतास के रहनेवाले हैं और फिलहाल नूतन छात्रावास में रहते हैं। मारपीट की इस घटना के बाद आरोपी छात्र फरार बताये जा रहे हैं। इधर मारपीट की इस घटना में घायल छात्रों को उनके साथी छात्र लेकर आरा सदर अस्पताल पहुंचे जहां दोनों का इलाज चल रहा है।

Mon, 06 Feb 2023 12:42 PM

कांग्रेस की भारत जोड़ो पदयात्रा मोतिहारी पहुंची

बिहार में निकाली जा रही कांग्रेस की भारत जोड़ो पदयात्रा मोतिहारी शहर में प्रवेश कर गई है। पदयात्रा शहर में विभिन्न मार्गों से गुजरेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह सहित कांग्रेस के सभी वरीय नेताओं ने आज पदयात्रा के दौरान अडानी ग्रुप के खिलाफ सांकेतिक धरना भी दिया। यह यात्रा शहर के गांधी चौक, जानपुल होते हुए डाकबंगला पहुंचेगी। यहां प्रदेश अध्यक्ष डॉ सिंह प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। फिर यहां से गांधी संग्रहालय, बलुआ कचहरी चौक से होकर पदयात्रा गुजरेगी। पदयात्रा को लेकर कांग्रेस के नेताओं में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है। स्वागत में बैनर-पोस्टर से शहर पट गया है।

Mon, 06 Feb 2023 12:28 PM

समाधान यात्रा: सीएमं नीतीश ने बांका के मनिया गांव का किया दौरा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को समाधान यात्रा के तहत बांका जिले के मनिया गांव का दौरा किया। उन्होंने यहां चांदी की मछली बनाने वाले कारीगरों के बात की और इसके उत्थान का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री करीब 11:20 बजे हेलीकॉप्टर से मनिया गांव पहुंचे। सीएम के पहुंचने के बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उनके साथ जल संसाधन मंत्री संजय झा, लघु जल संसाधन मंत्री जयंत राज, आपदा मंत्री शाहनवाज आलम,  विजय चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Mon, 06 Feb 2023 12:22 PM

छपरा में युवक की मौत के बाद करणी सेना का उपद्रव, धारा 144 लगी

सारण जिले (छपरा) में मांझी प्रखंड के मुबारकपुर गांव में उपद्रव के बाद धारा 144 लगाई गई है। पिछले दिनों एक युवक की भीड़ हिंसा में हुई मौत के बाद रविवार को करणी सेना ने गांव में बवाल कर दिया। तोड़फोड़, आगजनी और पथराव के बाद पुलिस ने इलाके में धारा 144 लागू कर दी। सोमवार को इलाके में हालात काबू में है। बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस लाइन के अलावा एकमा, मांझी, दाउदपुर कोपा और आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है। आईटीबीपी और बीएसएपी की टुकड़ियां भी तैनात की गई हैं। मांझी थाने के एसएचओ को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है।

पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

Mon, 06 Feb 2023 12:08 PM

सासाराम : पैसे के विवाद में गोली चली, लड़की घायल

रोहतास जिले के बिक्रमगंज में पैसे के विवाद में चली गोली से किशोरी प्रीति कुमारी घायल हो गई। घटना बिक्रमगंज के गौतम नगर की है। घायल किशोरी को इलाज के लिए बिक्रमगंज के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त मनोज ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है।
 

Mon, 06 Feb 2023 11:35 AM

कटिहार मे गोली मारकर साइकिल मिस्त्री की हत्या

कटिहार के कोढ़ा थाना इलाके के फुलवडिया पंचायत के वार्ड संख्या 15 में सोए वस्था बीते रात्री करीब 1:00 बजे बदमाश ने सिर में गोली मारकर 34 वर्षीय मो. अंसार की निर्मम हत्या कर दी। अंसार सड़क के किनारे ही साइकिल की दुकान चला कर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा था। बीती रात में अपराधी उसे गोली मारकर फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर पत्नी और अन्य लोग पहुंचे, तब तक उसकी जान जा चुकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Mon, 06 Feb 2023 11:22 AM

मधुबनी के डीपीओ मुजफ्फरपुर से गायब, पत्नी ने दर्ज कराया अपहरण का केस

मधुबनी में पोस्टेड शिक्षा विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) राजेश कुमार मिश्रा मुजफ्फरपुर के अहियापुर से से रहस्यमय ढंग से गायब हो गए। वे रविवार देर शाम तक अहियापुर थाना इलाके के आयाची ग्राम मोहल्ला स्थित अपने आवास पर नहीं पहुंचे तो उनकी पत्नी अर्चना कुमारी ने अपहरण की आशंका जताते हुए अहियापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस उनके मोबाइल कॉल डिटेल्स और सीसीटीवी कैमरे से छानबीन कर रही है।

पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

Mon, 06 Feb 2023 11:09 AM

मुजफ्फरपुर: मवेशी से भरा ट्रक पकड़ा

मुजफ्फरपुर के  सदर थाना क्षेत्र में एन एच 28 पर एक संगठन के कार्यकर्ताओं ने मवेशी (भैंस) लदा  ट्रक पकड़कर पुलिस को सूचना दी है। बंद कंटेनर में सैकड़ों की संख्या में भैंस लदी हुई है। पुलिस पशु क्रूरता अधिनियम के तहत जांच कर रही है।
 

Mon, 06 Feb 2023 10:45 AM

कहीं पर निगाहें, कहीं पर निशाना... ललन सिंह का उपेंद्र कुशवाहा पर हमला

जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने पार्टी के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा पर कार्यकर्ताओं को भड़काने का आरोप लगाया है। दरअसल, कुशवाहा अपनी रणनीति के तहत हर रोज कोई न कोई सवाल उठाकर जेडीयू को सवालों के कटघरे में खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं। वे अब 19 और 20 फरवरी को  जेडीयू कार्यकर्ताओं को इकट्ठा करने जा रहे हैं। इस बाबत उन्होंने एक पत्र भी जारी किया है। अब ललन सिंह ने इसे पार्टी कार्यकर्ताओं को दिग्भ्रमित करने का प्रयास बताया है। उन्होंने कहा है कि कुशवाहा को जेडीयू में पूरा सम्मान दिया गया। लेकिन, अब वह भ्रम फैला रहे हैं।

पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

Mon, 06 Feb 2023 10:22 AM

गया के इमामगंज में कुल्हाड़ी से काटकर ओझा की हत्या

गया के इमामगंज में कुल्हाड़ी से काटकर ओझा की हत्या कर दी गई है। मोहनपुर टोला सेवानगर के कृष्ण भारती (उम्र 50) के रूप में हुई है। कई वर्षो से वह घर में ही ओझा गुनी का काम करता था। कृष्ण को सोमवार को करीब चार बजे सुबह में मोबाइल पर फोन कर बुलाया गया था। गांव से कुछ दूरी पर जंगल किनारे आहर में लाश मिली। पुलिस शव अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है।

Mon, 06 Feb 2023 10:01 AM

चार जिलों में आज कोल्ड डे का अलर्ट

बिहार के कई जिलों में मौसम एक बार फिर बदल गया है। प्रदेश के उत्तरी भागों के कुछ स्थानों पर बादल की सघनता से दिन के तापमान में कमी आई है। पटना समेत 8 जिलों में न्यूनतम तापमान गिरा है। आज पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज और सीवान जिले में कोल्ड डे का अलर्ट जारी हुआ है।

पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
 

Mon, 06 Feb 2023 09:29 AM

कटिहार में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत

कटिहार के पोठिया ओपी क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर बेलगाम ट्रक ने सामने से ऑटो को दी टक्कर जिससे ऑटो चालक की मौत हो गई। घटना आज सुबह घटी जब पोठिया ओपी क्षेत्र के डूमर पूरब टोला निवासी तेजु साह का 25 वर्षीय पुत्र संतोष साह यात्री को लादकर कुरसेला गया था और डूमर वापस लौटने के क्रम में खोटा मोड़ के समीप सामने से आकर ट्रक ने धक्का मार दिया। 

Mon, 06 Feb 2023 09:22 AM

इफको की एजेंसी देने के नाम पर 20 हजार लोगों से करोड़ों की ठगी, दो गिरफ्तार

इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेशन लिमिटेड (इफको) की एजेंसी और डीलरशिप दिलाने के नाम पर लोगों से करोड़ों की ठगी मामले का भंडाफोड़ हुआ है। राजधानी पटना की पत्रकार नगर थाना पुलिस ने इस मामले में दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये ठग इफको की फर्जी वेबसाइट बनाकर खाद और कीटनाशक की एजेंसी देने का झांसा दे लोगों को ठग रहे थे। गिरोह अब तक बिहार-यूपी सहित विभिन्न राज्यों के 20 हजार से ज्यादा लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है। 

पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
 

Mon, 06 Feb 2023 09:06 AM

समाधान यात्रा : सीएम नीतीश आज बांका में

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समाधान यात्रा के तहत आज बांका जिले के दौरे पर रहेंगे। सीएम नीतीश करीब सवा 11 बजे बांका पहुंचेगें। फिर मनिया और करझौंसा गांव जाएंगे। यहां वे विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे। 

Mon, 06 Feb 2023 09:00 AM

उपेंद्र कुशवाहा अब नीतीश से 'नाराज' जेडीयू नेताओं को इकट्ठा करने में लगे

जेडीयू में जारी घमासान के बीच उपेंद्र कुशवाहा ने बतौर पार्टी के संसदीय बोर्ड अध्यक्ष दो दिन बैठक बुलाई है। यह बैठक 19 और 20 फरवरी को पटना के सिन्हा लाइब्रेरी में होगी। कुशवाहा ने रविवार को जेडीयू के लेटर पैड पर अपने हस्ताक्षर से लिखा पत्र ट्विटर पर पोस्ट किया। इसमें उन्होंने आरजेडी के साथ नीतीश कुमार की हुई डील का जिक्र करते हुए कहा कि इसने जेडीयू कार्यकर्ताओं को झकझोर कर रख दिया है। इस पर चर्चा के लिए वह बैठक बुला रहे हैं। 

पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें