Hindi News बिहार Bihar News Live 5 Feb 2023: सीवान में पुलिस जांच से बचने को भाग रहे ट्रक ने छात्रा को रौंदा, मधुबनी में कुख्यात सोनू मुखिया गिरफ्तार

Bihar News Live 5 Feb 2023: सीवान में पुलिस जांच से बचने को भाग रहे ट्रक ने छात्रा को रौंदा, मधुबनी में कुख्यात सोनू मुखिया गिरफ्तार

सीवान में पुलिस जांच से बचने को भाग रहे बालू लदे ट्रक ने एक छात्रा को रौंद दिया। मधुबनी में कुख्यात सोनू मुखिया को एसआईटी ने दबोचा। पूछताछ में पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।

Bihar News Live 5 Feb 2023: सीवान में पुलिस जांच से बचने को भाग रहे ट्रक ने छात्रा को रौंदा,  मधुबनी में कुख्यात सोनू मुखिया गिरफ्तार
bihar news live updates
लाइव हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीPublished By: Sudhir KumarEdited By: Malay Ojha
Sun, 05 Feb 2023 06:39 PM

Bihar News Live 5 February 2023: सीवान में पुलिस जांच से बचने को भाग रहे बालू लदे ट्रक ने एक छात्रा को रौंद दिया। गुस्साए लोगों ने ट्रक को लोगों ने फूंक दिया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ भी आक्रोशित लोगों ने मारपीट की।  मधुबनी में कुख्यात सोनू मुखिया को एसआईटी ने दबोचा। कई आपराधिक मामलों में वांछित सोनू की लंबे समय से पुलिस को तलाश थी। पूछताछ में पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।  राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव 10 फरवरी को सिंगापुर से दिल्ली लौट रहे हैं। पार्टी नेता अली असरफ फातमी ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है। भोजपुर के पवना बाजार पर स्थित संजय मेजिकल स्टोर में व कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई। घटना में लाखों की दवा और कपड़े जलकर राख हो गए।  बिहार की हर छोटी-बड़ी खबर के लाइव अपडेट्स यहां पढ़ें-

Sun, 05 Feb 2023 06:26 PM

हाफ पैंट में नजर आए RJD सुप्रीमो लालू यादव, ऑनलाइन देखी शादी

किडनी ट्रांसप्लांट के बाद से आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव इन दिनों सिंगापुर में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। इस बीच लालू यादव का एक वीडियो जारी हुआ है। वीडियो के जरिए बताया गया कि वो एमएलसी सुनील सिंह के बेटे की शादी समारोह में ऑनलाइन मौजूद रहे और शादी का हर फंक्शन वीडियो के जरिए देखते रहे। रविवार को सुनील सिंह ने फेसबुक पर वीडियो पोस्ट करते हुए लालू यादव के लिए कई सारी बातें कहीं हैं।  

पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

Sun, 05 Feb 2023 05:10 PM

छपरा में बवाल, ट्रक समेत 4 गाड़ियों को फूंका; हंगामा देख महिला की हार्ट अटैक से मौत, पथराव में पुलिसकर्मी का सिर फटा

छपरा के मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर पंचायत की मुखिया के पति द्वारा की गयी पिटाई से युवक की हुई मौत के बाद रविवार को आक्रोशित सैकड़ों युवकों ने सिधरिया टोला स्थित मुखिया के पॉल्ट्री फॉर्म समेत मवेशियों के लिए बनी पलानी में आग लगा दी। एक ट्रक समेत तीन चारपहिया वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया। हंगामा देख पड़ोस की एक महिला की भी हार्ट अटैक से मौत हो गयी है। घटना के दिन से सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस पर पथराव में एक महिला व पुलिस जवान का सिर फटा। एसपी के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बम मुबारकपुर में कैप की है।

Sun, 05 Feb 2023 05:07 PM

नागालैंड में लोजपा (रामविलास) अकेले लड़ेगी चुनाव, चिराग ने ट्वीट कर दी जानकारी

लोजपा (रामविलास) नागालैंड में अकेले चुनाव लड़ेगी। भाजपा वाली सीटों पर उम्मीदवार नहीं उतारेगी। चिराग पासवान ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है। इस बीच पार्टी ने 19 उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर दी है। 

Sun, 05 Feb 2023 05:04 PM

लालू ने आरजेडी MLC के घर हुई शादी समारोह को ऑनलाइन देखा

राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह के घर हुई पूरे शादी समारोह का वीडियो ऑनलाइन देखा। रोहिणी आचार्य ने टीवी पर पूरे शादी समारोह को देखते अपने पिता लालू प्रसाद का वीडियो बनाया और सिंगापुर से उसे एमएलसी सुनील सिंह को भेजा। इस वीडियों में लालू हाफ पैंट में दिख रहे हैं।

Sun, 05 Feb 2023 01:03 PM

मोतिहारीः कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पहुंची ढाका

 कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा रविवार को शिवहर से करीब बारह बजे पूर्वी चम्पारण जिले के देवापुर घाट पर प्रवेश किया। पूर्वी चम्पारण जिला के कांग्रेस अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार शुक्ला ने शिवहर जिला के कांग्रेस कार्यकर्ता से झंडा ग्रहण किया और ढाका के लिए चल पड़े। इस यात्रा में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, विधायक दल के नेता अजित शर्मा, कांग्रेस विधायक आंनद शंकर, पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह सहित प्रदेश व जिला के कई नेता साथ चल रहे है। जगह जगह गांवों में यात्रा का स्वागत किया जा रहा है। भंडार में कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अफरोज आलम के निवास पर यात्रा में शामिल नेताओं को बड़ा सा फूलों का माला पहनाया गया। यात्रा में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ता ' भारत जोड़ो, भारत जोड़ो ' का नारा लगा रहे थे। इस मौके पर भंडार से ढाका तक सड़क किनारे कई तोरण द्वार व भारत जोड़ो का होर्डिंग लगाए गए हैं। जगह जगह महागठबंधन कार्यकर्ताओं द्वारा फूल माला पहनाकर स्वागत किया जा रहा है। यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा है।

Sun, 05 Feb 2023 12:30 PM

लालू यादव 10 फरवरी को सिंगापुर से दिल्ली आ रहे

राजद प्रमुख लालू  आगामी 10 फरवरी को भारत आएंगे। वह फिलहाल दिल्ली में रहेंगे। राजद के पूर्व सांसद मोहम्मद अली अशरफ फातमी ने ट्वीट  कर लालू प्रसाद के आने की जानकारी दी ।

Sun, 05 Feb 2023 12:28 PM

कटिहारः सीएम पहुँचे दिघरी, तालाब मे छोरी मछली

समाधान यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कटिहार के कोढ़ा प्रखंड के दिघरी गाँव पहुँच चुके है। दिघरी मे सीएम सबसे पहले अरुण भगत के तालाब मे पहुचे और मछली छोरी। इस  दौरान पोली हाउस जाकर आधुनिक तरीके से खेती के बारे मे जाना। फिर सीएम पंचायत भवन मे जीविका दीदी से मिले और उनके काम की तारीफ भी की।

Sun, 05 Feb 2023 11:47 AM

अररियाः घरेलू विवाद में महिला ने किया विषपान, गंभीर

अररिया नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत महिषाकौ गांव में पति से घरेलू विवाद होने के कारण पत्नी ने जहर खा लिया। जिसके बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। इसे स्थानीय लोगों व परिजनों की मदद से सदर अस्पताल अररिया लाया गया। जहां चिकित्सकों की देखरेख में महिला का इलाज किया जा रहा है। महिला मोहम्मद महिषाकौ गांव निवासी आबिद की पत्नी बीबी हाजरा खातून है।

Sun, 05 Feb 2023 11:45 AM

दरभंगाः खान चौक पर नाले में मिली युवक की लाश

लहेरियासराय थाने के खान चौक के पास रविवार की सुबह खुले नाले में एक युवक की लाश मिली। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाश को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान रहमगंज के पमरिया टोला निवासी मो. इम्तियाज उर्फ लाल बाबू के रूप में हुई है। लाल बाबू पेंटिंग का काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू कर दी है। लाल बाबू के छोटे भाई मो. एजाज ने बताया कि लाल बाबू शुक्रवार को घर से बाहर निकला था और अब तक घर नहीं लौटा था। हम लोगों ने काफी खोजबीन की, पर उसका कहीं पता नहीं चला। रविवार की सुबह हम सोए हुए थे तभी मुझे फोन आया कि मेरे भाई की लाश नाले में मिली है। इसके बाद हम मौके पर पहुंचे तो नाले में भाई की लाश मिली। एजाज ने बताया कि मेरे भाई ताड़ी पीते थे। लोगों ने आशंका जतायी है कि ताड़ी के नशे में लाल बाबू नाले में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हुई है।

Sun, 05 Feb 2023 10:48 AM

पटनाः कॉलेज लाइफ की यादें ताजा करेंगे नीतीश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपने कॉलेज के पुराने दिनों की यादों को ताजा करेंगे। कई सहपाठियों से भी मिलेंगे। बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी(बीसीई-एनआईटी) का वार्षिक पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं का मिलन समारोह एनआईटी कैंपस में किया गया है। रविवार को इस मौके पर खेल और मनोरंजन के कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कॉलेज की एक पत्रिका भी निकाली जाएगी।

पूरी खबर के लिए यहां क्लिक करें- 

Sun, 05 Feb 2023 10:45 AM

शिवहरः शिव मंदिर से लाखों रुपए मूल्य की मूर्ति की हुई चोरी

शिवहर नगर के चुघरा पोखर स्थित अंवेश्वरी नाथ महादेव मंदिर से लाखों रुपए मूल्य अष्ट धातु की मूर्ति चोरी हो गई। अज्ञात चोरों ने रविवार की अहले सुबह मंदिर के मुख्य दरवाजा एवं शीश को तोड़कर उसमें रखें भगवान लक्ष्मी नारायण, सीताराम एवं राधाकृष्ण की छह अष्ट धातु की  मूर्तियां चुरा कर ले गए। मंदिर के पुजारी जब शौच के बाद लौटे तो मंदिर से मूर्ति को गायब देखा। घटना की सूचना मिलने के बाद शिवहर सदर के थानाध्यक्ष समर्थ कुमार ने पहुंचकर मामले की छानबीन की। उन्होंने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी गई है।

Sun, 05 Feb 2023 10:44 AM

बांकाः माघी पूर्णिमा को लेकर मंदिरों में उमड़ी भीड़

रविवार को माघी पूर्णिमा को लेकर पंजवारा एवं इसके आस-पास के क्षेत्र के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ पूजा-अर्चना के लिए उमड़ पड़ी।क्षेत्र के प्रसिद्ध लबोखरनाथ मंदिर,सीमावर्ती पैर पहाड़ी स्थित शिवपुरी मंदिर,कष्टहरनाथ मंदिर,पंजवारा बाजार स्थित गढ़ीनाथ मंदिर,उल्टा महादेव,भूमफोड़नाथ आदि शिव मंदिरों में लोगों की भीड़ सुबह-सवेरे से ही पूजा-अर्चना के लिए लगी रही।इसके अलावे लोगों ने देवघर एवं बाबा बासुकीनाथ धाम जाकर भी माघी पूर्णिमा के मौके पर पूजा पाठ किया।माघी पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष महत्व है।माघी पूर्णिमा पर स्नान-दान की महत्ता को लेकर लोगों ने भागलपुर जाकर गंगा स्नान व पौराणिक मंदार पर्वत की तलहटी में स्थित पवित्र पापहरणी सरोवर में डुबकी लगाकर गरीबों के बीच अन्न,वस्त्र, द्रव्य आदि का दान किया।

Sun, 05 Feb 2023 10:43 AM

अररिया: अज्ञात युवक का अधजला शव बरामद सनसनी

अररिया थाना क्षेत्र के मिर्जापुर नहर किनारे रविवार की सुबह एक खेत में युवक का अधजला शव  मिलते ही सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर पहुंची अररिया नगर पुलिस ने अधजला शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल  लाया। चेहरा जला होने से अभी तक  शव की पहचान नहीं हो सकी है। शव मिलने की जानकारी के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।  आशंका है कि युवक की कहीं दूसरी जगह हत्या कर शव खेत में लाकर जलाया गया है। नगर थानेदार शिव शरण साह ने कहा कि शव को पहचानने की कोशिश की जा रही है। 

Sun, 05 Feb 2023 10:01 AM

आराः कबाड़ी दुकान संचालक की हत्या

आरा- पटना फोरलेन पर स्थित गीधा कबाड़ी दुकान संचालक की हत्या। गीधा इंडस्ट्रियल एरिया के समीप गेहूं के खेत में मिला शव।  आधी रात तक तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार व गांव के लोग कर रहे थे खोज। शव देख अहले सुबह ग्रामीणों ने गीधा ओपी को दी सूचना।

Sun, 05 Feb 2023 10:00 AM

बांकाः मौसम का मिजाज बदला, छाया घना कोहरा

बांका जिले में रविवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। सुबह से ही वातावरण में घना कोहरा छाया हुआ है। ठंडी हवा भी चल रही है। तापमान में भी गिरावट दर्ज किया गया है। मौसम को लेकर जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों का दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहा है रविवार की सुबह खासकर मजदूर वर्गों को अपने काम में निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहनों को भी सड़कों पर लाइट जला कर चलना पड़ रहा है कोहरे के कारण कई फसलों को भी नुकसान की संभावना बनी है।

Sun, 05 Feb 2023 09:59 AM

बेगूसरायः माघी पूर्णिमा पर गंगा में हज़ारों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी 

बेगूसराय मेंमाघी पूर्णिमा के मौके पर सिमरिया गंगातट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। सिमरिया गंगातट पर इस साल की सबसे भारी भीड़ देखी जा रही है। सिमरिया गंगातट पर उमड़ने वाली भीड़ का असर सिमरिया गंगातट की ओर आने वाले सभी ट्रेन व निजी वाहनों पर भी पड़ रहा है। रास्ते में जगह जगह जाम लग रहा है।