Hindi News बिहार Bihar News Live 1 Feb 2023: तेजस्वी बोले- संविधान विरोधी लोगों को 2024 में देश की गद्दी से उतारेंगे, सासाराम में अवैध खनन माफियाओं और पुलिस के बीच गोलीबारी

Bihar News Live 1 Feb 2023: तेजस्वी बोले- संविधान विरोधी लोगों को 2024 में देश की गद्दी से उतारेंगे, सासाराम में अवैध खनन माफियाओं और पुलिस के बीच गोलीबारी

Bihar News Live 1 Feb 2023: बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा और आरएसएस ने हिन्दू धर्म को सबसे ज्यादा बदनाम किया है। सासाराम में अवैध खनन माफियाओं और पुलिस के बीच जमकर गोलीबारी हुई है।

Bihar News Live 1 Feb 2023: तेजस्वी बोले- संविधान विरोधी लोगों को 2024 में देश की गद्दी से उतारेंगे, सासाराम में अवैध खनन माफियाओं और पुलिस के बीच गोलीबारी
bihar news live updates
लाइव हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीPublished By: Jayesh JetawatEdited By: Malay Ojha
Wed, 01 Feb 2023 06:13 PM

Bihar News Live 1 Feb 2023: डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा है कि भाजपा और आरएसएस ने हिन्दू धर्म को सबसे ज्यादा बदनाम किया है। जो लोग हमारे बच्चे को हिंदी और संस्कृत पढ़ने का ज्ञान देते है, वे अपने बच्चों को अंग्रेजी स्कूल में पढ़ते हैं। हिन्दू, राम और गौ पर ज्ञान देने वालो से कोई सर्टिफिकेट नहीं चाहिए। बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा के पहले दिन ही पेपर लीक की खबर आई है। आज पहली पाली में आयोजित 12वीं गणित का पेपर एग्जाम शुरू होने से पहले ही सोशल मीडिया पर  वायरल हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज समाधान यात्रा के तहत सुपौल जिले का दौरा कर रहे हैं। बिहार की हर छोटी-बड़ी खबरों के लाइव अपडेट्स यहां पढ़ें-


 

Wed, 01 Feb 2023 06:13 PM

सुधाकर सिंह ने आरजेडी को नोटिस का भेजा जवाब, कहा- कुछ गलत नहीं कहा

पूर्व कृषि मंत्री व राजद विधायक सुधाकर सिंह ने अपनी ही पार्टी के नेतृत्व पर सवाल उठाया और कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर टिप्पणी करने के लिए मुझे नोटिस दी गयी, यह पूरी तरह और निराधार है। मुझे अकेले नोटिस भेजना न्यायसंगत नही है। उन्होंने 30 जनवरी को राष्ट्रीय महासचिव अब्दुलबारी सिद्दीकी को लिखे पत्र में कई सवाल उठाए।

Wed, 01 Feb 2023 05:17 PM

हिंदी-संस्कृत का ज्ञान देने वाले बच्चों को अंग्रेजी स्कूल में पढ़ाते हैं; हिंदू, राम, गाय को लेकर BJP-RSS पर बरसे तेजस्वी

डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा है कि भाजपा और आरएसएस ने हिन्दू धर्म को सबसे ज्यादा बदनाम किया है। जो लोग हमारे बच्चे को हिंदी और संस्कृत पढ़ने का ज्ञान देते है, वे अपने बच्चों को अंग्रेजी स्कूल में पढ़ते हैं। हिन्दू, राम और गौ पर ज्ञान देने वालो से कोई सर्टिफिकेट नहीं चाहिए।

पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

Wed, 01 Feb 2023 03:15 PM

तेजस्वी ने केंद्रीय बजट को झूठ का पुलिंदा बताया

उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में केंद्रीय बजट को झूठ का पुलिंदा बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि 2014 में केंद्र की भाजपा सरकार ने कहा कि 2022 में किसानों की आय दुगुनी करेंगे। 2022 में सबको आवास देंगे। 2022 तक 80 करोड़ लोगों को नौकरी-रोजगार देंगे। अब 2023 भी आ गया लेकिन इनकी जुमलेबाजी की आदत नहीं गयी। BJP को 100 प्रतिशत सांसद देने वाले बिहार को भाजपाइयों ने बजट में फिर ठगा। वहीं राजद सांसद मनोज झा ने भी बजट को निराशाजनक बताया।

Wed, 01 Feb 2023 01:55 PM

मुंगेर : समपार फाटक मे स्कार्पियो के फंसने से एक घंटा रूकी रही ट्रेन 

मुंगेर जिले के धरहरा में समपार फाटक के पास बुधवार को रेलवे ट्रैक पर एक स्कार्पियो के फंसे रहने से जमालपुर किऊल रेलखंड पर एक घंटे तक रेल परिचालन ठप रहा। स्टेशन प्रबंधक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मानगढ़ से धरहरा जाने के दौरान साइकिल सवार को बचाने के चक्कर मे एक स्कार्पियो रेलवे ट्रैक मे फंस गई। ट्रैक्टर की मदद से काफी मशक्कत के बाद स्कार्पियो को बाहर निकाला गया। इस दौरान कई ट्रेनें विभिन्न स्टेशन पर रूकी रही। लाइन क्लीयर होने के बाद ट्रेनो का परिचालन सुचारु रूप से शुरू किया गया। इस क्रम मे 3615 अप जमालपुर गया पैसेंजर धरहरा रेलवे-स्टेशन पर एक घंटा तक रूकी रही। जमालपुर गया पैसेंजर 9:02 मे धरहरा पहुंची और 9:56 मे खुली। जबकि 5658 अप ब्रह्मपुत्र मेल दशरथपुर मे 3236 डाउन साहेबगंज दानापुर मसूदन स्टेशन पर ठहरी रही। इधर सूचना मिलते ही रेल पुलिस मामले की छानबीन मे जुट गई।
 

Wed, 01 Feb 2023 01:46 PM

केंद्रीय बजट में बिहार को मिला?

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में देश का बजट पेश कर दिया है। इस बजट से बिहार के लोगों को भी काफी उम्मीद रही। इस बजट की सबसे खास बात ये रही कि मिडिल क्लास लोगों को इनकम टैक्स में 7 लाख रुपये की आय तक छूट दी गई है। इसके अलावा कृषि क्षेत्र में भी कई घोषणाएं हुई हैं। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की आस इस बार भी पूरी नहीं हुई।

पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

Wed, 01 Feb 2023 12:48 PM

लालू और तेजस्वी ने शांति भूषण के निधन पर जताया शोक

पूर्व कानून मंत्री शांति भूषण  के निधन पर उपमुख्यमंत्री  तेजस्वी प्रसाद यादव ने शोक संवेदना व्यक्त की और कहा कि वे जाने माने कानून के जानकार और प्रख्यात वकील थे कानूनी मामले मे उनका बड़ा योग्यदान था।उनके निधन से कानून जगत की अपूर्णीय क्षति हई है। राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष  लालू प्रसाद ने प्रख्यात अधिवक्ता शांति भूषण के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि कानून के क्षेत्र मे उनकी एक अलग पहचान थी। उनके निधन का समाचार पा कर मैं अत्यंत दुखी एवं मर्माहत हूँ।
 

Wed, 01 Feb 2023 12:34 PM

मुशहरी में गला रेतकर युवक की हत्या, शव की नहीं हुई पहचान

मुजफ्फरपुर के मुशहरी थाना के बड़ी कोठिया में सड़क किनारे करीब 35 वर्षीय एक युवक का शव मिला है। शव की पहचान नहीं हो सकी है। गला रेतकर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा है।

Wed, 01 Feb 2023 12:18 PM

बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा: चंद मिनट की देरी दे गई पूरे साल का मलाल

बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा आज से शुरू हो गई है। पहली पाली में गणित विषय का पेपर हुआ। इसका समय 9.30 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक है। राजधानी पटना में स्थित मिलर स्कूल में स्थित इंटर परीक्षा केंद्र पर समय पर नहीं पहुंचने के कारण कुछ बच्चों को प्रवेश नहीं मिला। गेट बंद होने के बाद वे मायूस होकर वे बाहर ही बैठ गए। इनमें से कुछ परीक्षार्थियों की रूलाई फूट पड़ी। वे स्टाफ से गुहार लगाते रहे कि उन्हें परीक्षा देने दिया जाए। पूरी साल की मेहनत बेकार हो जाएगी। मगर उनकी एक नहीं सुनी गई। 

पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

Wed, 01 Feb 2023 11:54 AM

तेजस्वी बोले- केंद्रीय बजट से बिहार को खास उम्मीद नहीं

उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने केंद्रीय बजट को लेकर कहा कि इस बार के बजट से भी बिहार सरकार को कोई खास उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र में बैठी मोदी सरकार ने पहले भी बिहार के लिए कई घोषणाएं की है, लेकिन इनमें से ज्यादातर पर कोई काम नहीं हुआ। है। बीजेपी ने बिहार को ठगने का काम किया है।
 

Wed, 01 Feb 2023 11:49 AM

बांका : सड़क हादसे में मंदिर ध्वस्त, लोगों का गुस्सा फूटा

बांका के शंभूगंज में असरगंज मुख्य पथ पर चटमाडीह मैया चौक मोड़ पर बीती देर रात करीब तीन बजे सड़क दुघर्टना हुई। इसमें बेकाबू ट्रक ने मंदिर में ठोकर मारते हुए उसे पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। मंदिर के मलबे में दब कर बजरंगबली की बेशकीमती मूर्ति क्षतिग्रस्त हो गई। आज सुबह दुर्घटना की खबर आग की तरह फैल गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने मंदिर का नवनिर्माण एवं स्पीड ब्रेकर को लेकर मुख्य पथ को घंटों जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक जाम में रेंगते वाहन दो किलोमीटर तक फंसा रहा। जिससे असरगंज - शंभूगंंज व बांका मुख्य पथ पर सैंकड़ों वाहनों की कतार लग गई।

Wed, 01 Feb 2023 11:32 AM

सीएम नीतीश सुपौल पहुंचे

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समाधान यात्रा के तहत सुपौल पहुंच गए हैं।
 

Wed, 01 Feb 2023 11:22 AM

आरा: बीजेपी के झंडे में लिपटा प्रोफेसर दंपति का शव, दो दिन पहले हुई थी हत्या

आरा में दो दिन पहले मारे गए प्रोफेसर दंपति के शवों को बीजेपी का झंडा ओढ़ाया गया। उनकी बेटियों ने कंधा लगाकर दंपति को अंतिम विदाई दी। प्रोफेसर दंपती के तीन बेटियां ही थीं। प्रोफेसर बीजेपी के टिकट पर काराकाट से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं और भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे थे। उनकी दो दिन पहले घर में घुसकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। पुलिस डबल मर्डर केस की जांच कर रही है।

Wed, 01 Feb 2023 11:04 AM

पूर्णिया में बर्फीली हवा से बढ़ गई ठंड

पूर्णिया में बर्फीली हवा के कारण ठंड फिर लौट आई है। 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। सुबह से धूप नहीं निकली है। अगले तीन से चार दिनों में तापमान गिरने के आसार हैं। अधिकतम से ज्यादा न्यूनतम तापमान गिरेगा। इसके चलते दिन की अपेक्षा रात में अधिक ठंड है।
 

Wed, 01 Feb 2023 10:47 AM

इंटर एग्जाम: छात्राओं को जूते उतारकर प्रवेश मिला

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की इंटर परीक्षा आज से शुरू हो गई है। बुधवार को पहली पारी में 12वीं गणित का पेपर आयोजित हुआ। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर छात्र-छात्राओं की चेकिंग करने के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया गया। जो परीक्षार्थी जूते-मौजे पहनकर आ गए थे, उनसे जूते उतरवाए गए। उन्हें नंगे पैर ही एग्जाम सेंटर में जाने की अनुमति मिली। हालांकि चप्पल पहने परीक्षार्थियों को सीधे प्रवेश मिल गया। 

पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

Wed, 01 Feb 2023 10:24 AM

बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा शुरू होते ही गणित का पेपर लीक

बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा शुरू होते ही पेपर लीक की खबर आई है। गणित विषय का पेपर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। 12वीं बोर्ड गणित की परीक्षा आज सुबह 9.30 बजे शुरू हुई। इससे पहले ही सोशल मीडिया वेबसाइट और व्हाट्सएप के माध्यम से प्रश्नपत्र वायरल होने लगा। इधर एक तरफ परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र में एंट्री ले रहे थे। दूसरी तरफ पेपर मोबाइल पर सर्कुलेट होने से छात्र-छात्राओं में बेचैनी बढ़ गई। हालांकि अभी तक शिक्षा विभाग की ओर से कुछ नहीं कहा गया है। पेपर लीक की खबर मोतिहारी से आई है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर समेत अन्य जिलों में पेपर वायरल होने की बात कही जा रही है। फिलहाल आधिकारिक बयान का इंतजार है।
 

Wed, 01 Feb 2023 10:13 AM

सीएम नीतीश की समाधान यात्रा आज सुपौल में

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समाधान यात्रा के तहत आज सुपौल जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सदर प्रखंड के मल्हनी गांव में विकास कार्यों का जायजा लेंगे। इसके अलावा जीविका दीदियों के स्टॉल को देखेंगे।
 

Wed, 01 Feb 2023 09:50 AM

दो वक्त की रोटी कमाने विदेश गए बिहार के 50 लोग फंसे, भूख से तड़प रहे

बिहार के करीब 50 कामगार तजाकिस्तान की एक कंपनी में फंस गए हैं। ये सभी गोपालगंज और सीवान जिले के रहने वाले हैं। तजाकिस्तान की कंपनी ने कड़ाके की ठंड में इन कामगारों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। ये भूखे प्यासे रह रहे हैं और उनमें से कई बीमारी से ग्रसित हो गए हैं। कामगारों ने अपने परिजन को विदेश से वीडियो संदेश भेज कर अपनी पीड़ा सुनाई और वतन वापसी के लिए प्रशासन से गुहार लगाई है।

पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

Wed, 01 Feb 2023 09:46 AM

सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक की मौत

समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना अंतर्गत बिरसिंहपुर चौक पर अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार एक शिक्षक की मौत हो गई। मृतक शिक्षक की पहचान समस्तीपुर नगर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर मोहल्ला के वार्ड 21 निवासी छोटे लाल साह के 38 वर्षीय पुत्र रविशंकर कुमार उर्फ  रवि कुमार के रूप में हुई है। वे प्राथमिक विद्यालय कल्याणपुर कन्या में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। बताया गया है कि शिक्षक मंगलवार देर शाम कल्याणपुर से बाइक से अपने घर समस्तीपुर लौट रहे थे। उसी दौरान  बिरसिंहपुर चौक पर अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में लेकर उनकी बाइक में धक्का मार दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी। हादसे के बाद वाहन लेकर चालक भागने में सफल रहा। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
 

Wed, 01 Feb 2023 09:22 AM

संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन अब आरा में भी रुकेगी

आरा से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। पटना से खुलने वाली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन अब आरा में भी तीन फरवरी से रुकेगी। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। संपूर्ण क्रांति का फिलहाल आरा में स्टोपेज 6 महीने तक के लिए ट्रायल के तौर पर रखा गया है। इसके बाद यात्रीभार को देखते हुए आगे का फैसला लिया जाएगा।

Wed, 01 Feb 2023 09:18 AM

शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर और उदय नारायण चौधरी का वीडियो वायरल

रामचरितमानस को नफरती ग्रंथ बताने वाले बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। मंत्री की आरजेडी उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी से फोन कॉल पर बातचीत का एक वीडियो वायरल हो गया है। इसमें वे उदय नारायण चौधरी को बता रहे हैं कि रामचरितमानस में कथित जातिवादी छंदों को लेकर कैसे जनता को समझाना है। लोगों से इस तरह बात करनी है कि हिंदू धर्म की भावनाएं न आहत हों। भगवान पर सवाल नहीं उठाना है। क्योंकि लोग नाराज हो जाएंगे। दूसरी ओर, यह ऑडियो-वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी ने आरजेडी को आड़े हाथों लिया है।

वायरल वीडियो देखने के लिए क्लिक करें