
नए उद्योग मंत्री दिलीप जायसावल ने संभाला विभाग; बोले- पलायन पर लगाम, रोजगार को बताया लक्ष्य
बिहार सरकार के नए उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने पदभार संभाल लिया है। इस मौके पर उन्होने कहा कि बिहार को भारत का अग्रणी औद्योगिक एवं नवाचार केंद्र बनाने की दिशा में सरकार तेजी से काम करेगी। पलायन पर लगाम और रोजगार लक्ष्य है।
नीतीश कुमार की नई सरकार में बीजेपी एमएलसी दिलीप जायसवाल दूसरी बार कैबिनेट मंत्री बने हैं। उन्हें उद्योग विभाग की कमान दी गई है। मंगलवार को उन्होने उद्योग विभाग का कार्यभार संभाला। इस दौरान पर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह, सचिव बी. कार्तिकेय धनजी, उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता, समेत विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि बिहार को भारत का अग्रणी औद्योगिक एवं नवाचार केंद्र बनाने की दिशा में सरकार तेजी से काम करेगी।

जायसवाल ने कहा कि उद्योग क्षेत्र के विस्तार, युवाओं के लिए नए अवसरों के सृजन, प्रदेश तथा देश की आर्थिक प्रगति को गति देने के लिए मैं निरंतर समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहूंगा। सरकार का मुख्य लक्ष्य राज्य में तेजी से उद्योग स्थापित करना और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार तैयार करना है। उद्योग विभाग का जिम्मा मिलना मेरे लिए गर्व की बात है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार बिहार में कानून-व्यवस्था मजबूत करेगी और अपराध पर रोक लगाएगी। रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता है और उद्योग विभाग इसमें सबसे अहम भूमिका निभाता है। विभाग में कई अनुभवी अधिकारी हैं, जो जानते हैं कि युवाओं के लिए नौकरी के नए अवसर कैसे तैयार किए जाएं।
उन्होंने बताया कि राज्य से होने वाला पलायन रोकना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी। सरकार की दो मुख्य प्राथमिकताएं हैं- युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और कानून का राज कायम रखना। सभी को सरकारी नौकरी देना संभव नहीं है, इसलिए वे निजी क्षेत्रों और उद्योगों के माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की योजना तैयार कर रहे हैं। पिछली नीतीश सरकार में भी जायसवाल राजस्व मंत्री रह चुके हैं। बिहार बीजेपी के अध्यक्ष भी हैं।





