
Nitish Kumar Shapath LIVE: 10वीं बार नीतीशे कुमार... बिहार में नई सरकार के 26 मंत्रियों संग ली शपथ
Bihar Chief Minister Shapath Grahan 2025 LIVE: पटना के गांधी मैदान में नीतीश कुमार ने दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान पीएम मोदी, अमित शाह और कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। नीतीश कुमार के बाद सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने शपथ ली।
Bihar New Govt Formation LIVE , Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE 2025: पटना के गांधी मैदान में आज सुबह से सियासी गहमागहमी नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर एक नया इतिहास लिख दिया। शपथ मंच पर उनके साथ सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे, जिन्होंने बारी-बारी से मंत्री पद की शपथ ली।
यहां देखें 27 मंत्रियों की पूरी लिस्ट
- नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री, जेडीयू
- सम्राट चौधरी, उप-मुख्यमंत्री, बीजेपी
- विजय कुमार सिन्हा, उप-मुख्यमंत्री, बीजेपी
- विजय कुमार चौधरी, जेडीयू
- बिजेंद्र प्रसाद यादव, जेडीयू
- श्रवण कुमार, जेडीयू
- मंगल पांडेय, बीजेपी
- दिलीप जायसवाल, बीजेपी
- अशोक चौधरी, जेडीयू
- लेशी सिंह, जेडीयू
- मदन साहनी, जेडीयू
- नितिन नबीन, बीजेपी
- रामकृपाल यादव, बीजेपी
- संतोष सुमन, हम
- सुनील कुमार, जेडीयू
- जमा खान, जेडीयू
- संजय सिंह टाइगर, बीजेपी
- अरुण शंकर प्रसाद, बीजेपी
- सुरेंद्र मेहता, बीजेपी
- नारायण प्रसाद, बीजेपी
- रमा निषाद, बीजेपी
- लखेंद्र कुमार रौशन, बीजेपी
- श्रेयसी सिंह, बीजेपी
- प्रमोद कुमार, बीजेपी
- संजय पासवान, लोजपा-आर
- संजय कुमार सिंह, लोजपा-आर
- दीपक प्रकाश, रालोमो
शपथ समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलीकॉप्टर जैसे ही गांधी मैदान में उतरा, सुरक्षा और सख्त कर दी गई। अमित शाह, जेपी नड्डा, योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री पहले से ही मंच के आसपास मौजूद थे। मैदान में आम जनता की भारी भीड़, वाहनों पर पाबंदी और दो किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचते समर्थकों का जोश पूरे माहौल को बेहद जीवंत बना रहा। शपथ ग्रहण को लेकर क्या क्या हलचल चल रही है, पल पल के अपडेट के लिए बने रहें लाइव हिन्दुस्तान के साथ...
14:00 PM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: नीतीश के गांव में मनी होली और दिवाली
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 10वीं बार शपथ लेते ही नालंदा का उनका पैतृक गांव कल्याण बिगहा गुरुवार को उल्लास से सराबोर हो उठा। जैसे ही टीवी पर शपथ ग्रहण समारोह शुरू हुआ, गांव की गलियों में ढोल-नगाड़ों की आवाज गूंजने लगी। लोग घरों से बाहर निकल आए और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई देने लगे। वातावरण में ऐसे रंग बिखरे कि गांव का हर कोना होली के उत्सव जैसा नजर आया। ग्रामीणों के चेहरों पर गर्व और अपनापन साफ झलक रहा था, मानो किसी अपने बेटे ने ही बड़ी उपलब्धि हासिल की हो।
01:57 PM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: आज विकसित बिहार की नींव रखी गई; बोले मनोज तिवारी
एनडीए सरकार की बिहार में वापसी पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुताबिक आज विकसित बिहार की नींव रखी गई है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हमेशा राज्य की जनता की भलाई के लिए काम किया है और नई सरकार उसी दिशा में आगे बढ़ेगी। मनोज तिवारी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उन्हें लोकतंत्र पर सच में भरोसा होता, तो वे शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहते।
01:40 PM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: यह MY समीकरण की सरकार है… महिला और युवा केंद्र में, बिहारी पहले हमारी प्राथमिकता; बोले चिराग पासवान
बिहार में एनडीए सरकार के गठन पर लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि इस जनादेश के साथ उन पर बड़ी जिम्मेदारी आई है और उनकी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अनुभव के साथ मिलकर बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट के विजन पर काम करेगी। चिराग ने खास तौर पर यह भी कहा कि वह इस नई सरकार को अपना नया MY-समीकरण यानी महिला और युवा वाला मॉडल मानते हैं, जिसमें महिलाओं की भागीदारी और युवाओं के हित सर्वोपरि रहेंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार की नई सरकार का हर कदम रोजगार, शिक्षा, सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में होगा। चिराग पासवान ने विश्वास जताया कि एनडीए का यह गठबंधन न सिर्फ बिहार को नई ऊर्जा देगा बल्कि आने वाले वर्षों में राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
01:21 PM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: अगली बारी बंगाल की… SIR लागू होगा, बंगाल को बांग्लादेश नहीं बनने देंगे; बोले गिरिराज सिंह
पटना में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एनडीए की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताकर बड़ा जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि इस जीत के साथ एनडीए की जिम्मेदारियां भी बढ़ गई हैं, क्योंकि जनता ने विकास और स्थिरता को प्राथमिकता देते हुए गठबंधन को भारी समर्थन दिया है। गिरिराज सिंह ने अपने बयान में पश्चिम बंगाल पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “बिहार की जीत हमारी है, अगली बारी बंगाल की है। हम बंगाल को बांग्लादेश नहीं बनने देंगे। वहां SIR लागू किया जाएगा।”
12:55 PM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: बिहार की जनता ने सही फैसला लिया, विकास की रफ्तार अब और बढ़ेगी; पुष्कर सिंह धामी बोले
पटना में एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिहार की जनता को बधाई देते हुए कहा कि लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार को चुनकर एक दूरदर्शी निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि नई सरकार के साथ बिहार अब अच्छे गति से आगे बढ़ता रहेगा और विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
12:49 PM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: मेघवाल बोले- बिहार तेजी से बढ़ेगा आगे; उपेंद्र कुशवाहा ने कहा- जनता ने हमेशा नीतीश पर भरोसा जताया है
पटना में एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि बिहार की जनता ने ऐसा जनादेश दिया है, जो स्पष्ट रूप से विकास की तेज रफ्तार की तरफ इशारा करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बने और इसी तरह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का लक्ष्य है कि बिहार को विकसित बिहार बनाया जाए। उन्होंने भरोसा जताया कि नई सरकार इस दिशा में तेज़ी से काम करेगी।
वहीं राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी समारोह में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार की जनता ने हमेशा ही नीतीश कुमार को आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि एनडीए की नई सरकार जनता की सेवा और विकास कार्यों पर पूरी तत्परता से काम करेगी।
12:40 PM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: 10वीं बार CM बनने पर बधाई, वादे पहले भी निभाए हैं, आगे भी निभाएंगे; नीतीश कुमार के बेटे निशांत बोले
पटना में शपथ ग्रहण समारोह के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने अपने पिता के दसवीं बार मुख्यमंत्री बनने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पूरे एनडीए परिवार और बिहार की जनता के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने पहले भी अपने वादे पूरे किए हैं और इस बार भी राज्य के विकास और जनकल्याण के लिए उसी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।
12:38 PM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: यह जनता के भरोसे की जीत, अब बिहार की पहचान बनेगा विकास; बोलीं दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता
पटना में एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बिहार में नई सरकार का गठन जनता के भरोसे और विश्वास की बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि अब विकास ही बिहार की नई पहचान बनेगा और यही उम्मीद लेकर जनता ने एनडीए को मजबूत जनादेश दिया है।
12:28 PM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: पवन खेड़ा ने नीतीश को दी बधाई, साथ ही दे डाली धोखे से बचने की नसीहत
नीतीश कुमार के दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बनने पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने उन्हें बधाई दी और साथ ही तंज भी कस दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से नीतीश कुमार को शुभकामनाएं हैं, और उम्मीद है कि उन्हें इस बार किसी तरह का धोखा नहीं मिलेगा और वे अपना कार्यकाल शांतिपूर्वक पूरा कर पाएंगे।
12:11 PM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: जामा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद समेत कई नेता बने मंत्री
गांधी मैदान में हो रहे भव्य शपथ ग्रहण समारोह में आज नई बिहार सरकार के और भी कई नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। इस चरण में मोहम्मद जामा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद और रमा निषाद ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ लेकर नीतीश कुमार की नई टीम में अपनी जिम्मेदारी संभाल ली।
12:08 PM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: नई नीतीश सरकार में और मंत्री शामिल: लेसी सिंह, मदन सहनी, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव ने ली शपथ
पटना के गांधी मैदान में जारी शपथ ग्रहण समारोह के दौरान बिहार कैबिनेट में एक और चरण के मंत्री शामिल किए गए। इस दौर में लेसी सिंह, मदन सहनी, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, संतोष कुमार सुमन और सुनील कुमार ने राज्य मंत्री पद की शपथ ली।
11:55 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: बिहार में नई सरकार की शुरुआत, विजय चौधरी सहित कई दिग्गज नेता मंत्री पद की शपथ
पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में बिहार कैबिनेट के कई वरिष्ठ नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। जदयू के विजय चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, भाजपा के मंगल पांडेय, दिलीप जायसवाल, और जदयू के अशोक चौधरी ने राज्य मंत्रियों के रूप में शपथ लेकर नई सरकार की टीम में अहम जिम्मेदारी संभाल ली।
11:39 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: 10वीं बार नीतीश कुमार… फिर से संभाली बिहार की कमान
नीतीश कुमार ने दसवीं बार बिहार की बागडोर संभाल ली। पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि पूरा मैदान समर्थकों, नेताओं और देशभर से आए वीवीआईपी मेहमानों से खचाखच भरा रहा। उनके बाद सम्राट चौधरी मंत्री पद की शपथ ली।
11:30 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: शपथ के लिए मंच पर पहुंचे नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी साथ
बिहार की नई सरकार के गठन की औपचारिक शुरुआत के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शपथ मंच पर पहुंच गए हैं। उनके साथ उपमुख्यमंत्री पद के लिए नामित सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी मौजूद हैं। गांधी मैदान में माहौल उत्साहपूर्ण है और शपथ ग्रहण समारोह अब शुरू होने वाला है।
11:17 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: गांधी मैदान में उतरा मोदी का चॉपर, चिराग भी मां के साथ समारोह में शामिल
पटना का गांधी मैदान आज पूरी तरह राजनीतिक ऊर्जाओं से भरा हुआ है, जहां नीतीश कुमार की ऐतिहासिक ताजपोशी के लिए माहौल चरम पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलीकॉप्टर मैदान में उतरते ही सुरक्षा और भी सख्त कर दी गई, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री पहले से ही मंच के आसपास मौजूद हैं। इसी बीच लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान भी अपनी मां के साथ काफिले में गांधी मैदान पहुंचे, ताकि वे नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण के इस महत्वपूर्ण क्षण का हिस्सा बन सकें।
11:06 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: शपथ के लिए टीम नीतीश तैयार, गांधी मैदान पहुंचे अमित शाह; कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी जुटे
पटना का गांधी मैदान आज सुबह से ही राजनीतिक हलचल का केंद्र बना हुआ है, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नई सरकार के शपथ ग्रहण के लिए पूरी तैयारी हो चुकी है। समारोह शुरू होने से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मैदान में पहुंच गए, जबकि कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी पटना आकर कार्यक्रम स्थल पर जुटने लगे हैं। सुरक्षा घेरा कड़ा है और वीवीआईपी मूवमेंट लगातार तेज हो रहा है। नीतीश कुमार की टीम आज मंच पर शपथ लेकर नई सरकार की औपचारिक शुरुआत करेगी, जिसके साथ बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय खुलने जा रहा है।
11:01 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: बिहार की जनता ने 20 साल से NDA पर भरोसा रखा है, विकास का सिलसिला जारी रहेगा; सम्राट चौधरी बोले
शपथ ग्रहण समारोह से ठीक पहले मीडिया से बात करते हुए भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस ऐतिहासिक समारोह में शामिल होने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने पिछले 20 वर्षों से एनडीए पर विश्वास जताया है और यह भरोसा आगे भी कायम रहेगा। सम्राट चौधरी ने दोहराया कि एनडीए सरकार बिहार के विकास और जनता की बेहतरी के लिए निरंतर काम करती रहेगी।
10:57 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: बिहार में नई सरकार... नीतीश के अनुभव और डबल इंजन की मेहनत का नतीजा; बोले सीएम योगी आदित्यनाथ
पटना में शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वे उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से बिहार की नई सरकार को बधाई देने आए हैं। उन्होंने कहा कि आज जो परिवर्तन देखने को मिल रहा है, वह नीतीश कुमार के व्यापक अनुभव और डबल इंजन सरकार की निरंतर कोशिशों का परिणाम है। योगी ने बिहार की जनता को नए जनादेश के लिए शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और आज शपथ लेने जा रहे नए मंत्रिमंडल को हार्दिक बधाई दी।
10:48 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: गांधी मैदान पहुंचे नीतीश कुमार, 10वीं बार बनेंगे बिहार के मुख्यमंत्री
पटना के गांधी मैदान में हो रहे शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहुंच गए, जहां उन्होंने रिकॉर्ड दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। नीतीश की शपथ में शामिल होने के लिए पीएम मोदी भी पटना पहुंच गए है।
10:29 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: बिहार की जनता ने NDA पर भरोसा जताया, नीतीश को दसवीं बार CM बनते देख खुशी; अनुप्रिया पटेल बोलीं
बिहार में नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण से पहले केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि नीतीश कुमार का दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेना इस बात का सबूत है कि बिहार की जनता ने एनडीए पर गहरा भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि जनता ने स्पष्ट जनादेश देकर राज्य में स्थिरता और विकास की इच्छा दिखाई है, और नई सरकार इसी उम्मीद को पूरा करने की दिशा में काम करेगी।
10:25 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: शपथ के लिए नीतीश कुमार निकले, गांधी मैदान में सुबह से जुटी भीड़, दो किलोमीटर पहले रोकी गईं गाड़ियां
बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण कार्यक्रम को लेकर गांधी मैदान में सुबह से ही लोगों का आना शुरू हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत वाहनों को कार्यक्रम स्थल से करीब दो किलोमीटर पहले ही रोक दिया गया है, जिसके चलते आम लोग पैदल ही मैदान की ओर बढ़ रहे हैं। भीड़ के बीच उत्साह साफ दिखाई दे रहा है। इसी दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी अपने आवास से शपथ ग्रहण के लिए रवाना हो गए हैं, इससे पहले उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
9:58 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: गांधी मैदान की ओर उमड़ा जनसैलाब, महिलाओं का पैदल पहुंचना जारी
नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पटना का गांधी मैदान आज सुबह से ही भीड़ से भरने लगा है, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं पैदल चलते हुए समारोह स्थल की ओर बढ़ती दिखीं। गांधी मैदान जाने वाले सभी मार्गों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह रोक दिया गया है, जिसके कारण लोगों को डेढ़ से दो किलोमीटर पैदल चलकर मैदान तक पहुंचना पड़ रहा है। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए लगाए गए इस ट्रैफिक प्रतिबंध के बीच महिलाएं समूहों में गांधी मैदान की ओर बढ़ती दिखाई दे रही हैं।
9:54 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: बिहार में विपक्ष की कमान संभालते दिखे प्रशांत किशोर, तेजस्वी-राहुल दूर
बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद जहां तेजस्वी यादव और राहुल गांधी सार्वजनिक रूप से सक्रिय नहीं दिख रहे हैं, वहीं जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर तेजी से राज्य के प्रमुख विपक्षी चेहरे के रूप में उभर आए हैं। नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह के दिन भी पीके ने खुद को सबसे मुखर विपक्षी नेता के रूप में पेश करते हुए कहा कि वह एनडीए सरकार से उसके हर चुनावी वादे पर जवाब मांगेंगे और जनता के मुद्दों को सबसे आगे रखेंगे। उनकी यह सक्रियता उस राजनीतिक खालीपन को भरती दिख रही है, जो महागठबंधन की निष्क्रियता के बाद बना है।
9:30 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: बीजेपी कोटे से कितने लोग बन सकते हैं मंत्री
राज्य में एनडीए सरकार की नई टीम को लेकर सबसे बड़ा बदलाव भाजपा के हिस्से में दिखाई दे रहा है। इंडिया टुडे की मानें तो पार्टी से 14 मंत्री शपथ लेने जा रहे हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ दो पुराने चेहरे मंगल पांडे और नितिन नवीन ही दोबारा कैबिनेट में लौट रहे हैं। भाजपा की ओर से जिन नामों की पुष्टि पहले ही हो चुकी है, उनमें सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा शामिल हैं। ये दोनों चेहरे सरकार के शीर्ष नेतृत्व में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे। शेष सभी भाजपा नेता इस बार पूरी तरह नए चेहरे होंगे, जिससे पार्टी की रणनीति में बदलाव का स्पष्ट संकेत मिलता है। भाजपा ने इस बार महिला प्रतिनिधित्व भी बढ़ाया है। पार्टी की ओर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी श्रेयसी सिंह और रामा निषाद को मंत्री बनाया जा रहा है। इनके साथ संजय टाइगर भी कैबिनेट में शामिल होने वाले हैं। भाजपा के इस विस्तार से साफ है कि संगठन नई ऊर्जा और नए संतुलन के साथ आगे बढ़ने की कोशिश में है।
8:42 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: जेडीयू कोटे से कौन होंगे संभावित मंत्री
नई सरकार के गठन के साथ ही यह चर्चा तेज हो गई है कि जेडीयू कोटे से मंत्रिमंडल में कौन-कौन से चेहरे शामिल हो सकते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पार्टी के कई अनुभवी नेता दोबारा जिम्मेदारी संभालने की स्थिति में दिख रहे हैं, जबकि कुछ नए चेहरों को भी जगह मिलने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी के भीतर जिन नामों पर सर्वसम्मति बनती हुई दिखाई दे रही है, उनमें बिजेंद्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी और श्रवण कुमार सबसे प्रमुख हैं, जिन्हें लंबे समय से मंत्रालयों का अनुभवी संचालनकर्ता माना जाता है। इनके साथ सुनील कुमार, लेसी सिंह और शीला मंडल भी संभावित सूची में मजबूती से खड़े हैं, जिन्हें संगठन और सरकार दोनों में पिछले कार्यकालों में प्रभावशाली माना गया है। इसी क्रम में मदन सहनी, रत्नेश सदा और मोहम्मद जामा खान जैसे नेताओं के भी मंत्रिमंडल में जगह पाने की चर्चा है।
7:59 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: शपथ समारोह से पहले पटना पहुंचे अमित शाह और जेपी नड्डा, नेताओं संग होगी अहम बैठक
बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण से पहले दिल्ली से वीवीआईपी आवाजाही शुरू हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा बुधवार देर रात पटना पहुंच गए, जहां उनका स्वागत राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने एयरपोर्ट पर किया। दोनों नेताओं के आज होने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ऐतिहासिक दसवें शपथ समारोह से पहले जेडीयू और भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करने की उम्मीद है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक यह बैठक सरकार गठन, मंत्रिमंडल में सहयोगी दलों की हिस्सेदारी और आगे की रणनीति पर महत्वपूर्ण संकेत दे सकती है।
7:30 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: पटना में होगा डेढ़ दर्जन राज्यों के मुख्यमंत्रियों का महाजुटान, नीतीश के शपथ समारोह होंगे शामिल
गुरुवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और करीब डेढ़ दर्जन राज्यों के मुख्यमंत्री पटना पहुंचने वाले हैं, जिनकी मेजबानी के लिए होटल मौर्या ने खास इंतजाम किए हैं। होटल के जीएम बी.डी. सिंह के मुताबिक गांधी मैदान में चाय-नाश्ते की व्यवस्था और होटल के भीतर पूर्ण भोजन की तैयारी की गई है, जहां मेहमानों को लिट्टी-चोखा, मखाने की खीर समेत बिहार के कई लोकप्रिय व्यंजन परोसे जाएंगे। इसके साथ ही जिस-जिस राज्य से अतिथि आ रहे हैं, वहां के खास पकवान भी मेन्यू में शामिल किए जा रहे हैं, ताकि यूपी, दिल्ली, गुजरात, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, ओडिशा, असम, अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और मणिपुर जैसे राज्यों के प्रतिनिधियों को अपने घरेलू स्वाद का अनुभव भी मिल सके।
7:20 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: नई बिहार कैबिनेट आज लेगी शपथ, ये चेहरे हो सकते हैं शामिल
पटना में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया आज औपचारिक रूप से पूरी होने जा रही है, जहां एनडीए के सभी सहयोगी दलों से चुनकर आए मंत्री शपथ लेंगे। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा कोटे से मंगल पांडेय, नितिन नवीन, रेनू देवी, संजय सरावगी, रमा निषाद और कृष्ण कुमार ऋषि शपथ लेने वाले हैं। जेडीयू की तरफ से विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह और जामा खान मंत्रिमंडल में शामिल किए जाएंगे। लोजपा (रामविलास) के राजू तिवारी, हम पार्टी के संतोष कुमार सुमन और आरएलएम की स्नेहलता कुशवाहा भी आज मंत्री पद की शपथ लेंगे। हालांकि, इन नामों की पुष्टि लाइव हिन्दुस्तान नहीं करता है।
7:10 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: गांधी मैदान में आज नीतीश की शपथ, मोदी, शाह से लेकर कई मुख्यमंत्री रहेंगे मौजूद
बिहार में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के कुछ ही दिनों बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पटना के गांधी मैदान में सुबह 11:30 बजे रिकॉर्ड दसवीं बार शपथ लेने जा रहे हैं। उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी शपथ लेंगे। यह हाई-प्रोफाइल समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और अन्य शीर्ष हस्तियों की मौजूदगी में होगा। जानकारी के अनुसार नई सरकार में भाजपा से लगभग 16 मंत्री और जेडीयू से 14 मंत्री शामिल किए जा सकते हैं, जिनमें 5-6 नए चेहरे भी जोड़े जाने की संभावना है।
6:37 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: Bihar New Govt Formation LIVE: चुनाव न लड़ना गलती माना जा सकता है, 4% से कम वोट की उम्मीद नहीं थी; बोले प्रशांत किशोर
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने स्वीकार किया है कि बिहार विधानसभा चुनाव में खुद उम्मीदवार न बनने का फैसला “गलती” माना जा सकता है। हाल ही में हुए चुनावों में उनकी पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी और मत प्रतिशत भी 4% से नीचे रहा। एक टीवी इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि जन सुराज को इतना कम समर्थन मिलेगा, लेकिन यह नतीजे बताते हैं कि अभी बहुत काम बाकी है। उन्होंने कहा कि चुनावी रणनीतिकार से राजनेता बने उनके प्रयास जारी रहेंगे और वे आने वाले चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए लगातार मेहनत करते रहेंगे।
6:37 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: आम लोगों को किस गेट से मिलेगी एंट्री
नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान गांधी मैदान में पहुंचने वाले आम लोगों के लिए प्रशासन ने चार गेट निर्धारित किए हैं, जिनसे प्रवेश दिया जाएगा। शहर की भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आमजनों को गेट नंबर 7, 8, 9 और 10 से अंदर जाने की अनुमति होगी, जबकि इनके आसपास सुरक्षा बलों और मेडिकल टीमों की विशेष तैनाती भी की जाएगी। वीआईपी और पासधारी मेहमानों के लिए अलग मार्ग तय होने के कारण आम लोगों को केवल इन चार गेटों से ही प्रवेश करना होगा। साथ ही, जेपी सेतु से आने वाली बसों की पार्किंग जेपी गंगा पथ पर किए जाने से आम लोगों के वाहनों को भीड़भाड़ से बचाने की कोशिश की गई है। ऐसे में जो लोग समारोह में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें अपनी सुविधा और सुरक्षा के लिए तय गेटों का ही उपयोग करने की सलाह दी गई है।
6:19 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: चिराग पासवान ने दी नीतीश को बधाई, बोले- नई सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगी
लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को एनडीए बिहार विधायक दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं और भरोसा जताया कि उनके नेतृत्व में राज्य एक बार फिर विकास, स्थिरता और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगा। चिराग ने कहा कि नई सरकार जनता की उम्मीदों को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी और उनके संकल्प पत्र में किए गए वादों को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। मंत्रिमंडल में लोजपा (रा) की हिस्सेदारी को लेकर उन्होंने कहा कि इस पर जल्द ही औपचारिक जानकारी साझा की जाएगी, जिससे गठबंधन में स्पष्टता और तालमेल दोनों मजबूत होंगे।
6:14 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: नीतीश कुमार का नेतृत्व बिहार को नई रफ्तार देगा, गठबंधन की एकजुटता का बड़ा संदेश; बोले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व से बिहार को विकसित राज्य बनाने के प्रयासों को नई दिशा और गति मिलेगी। एनडीए विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को नेता चुने जाने पर उन्होंने बधाई देते हुए इसे गठबंधन की एकजुटता, स्थिरता और सुशासन के प्रति समर्पण का मजबूत संकेत बताया। अपने बयान में जायसवाल ने कहा कि नीतीश कुमार का अनुभव और उनका प्रशासनिक पकड़ एनडीए की कार्ययोजना को और प्रभावी बनाएगा, जिससे विकास और जनकल्याण से जुड़े संकल्प और भी मजबूत होंगे। उन्होंने भाजपा विधायकों को नई जिम्मेदारियां मिलने पर भी शुभकामनाएं दीं, विशेष रूप से सम्राट चौधरी को भाजपा विधानमंडल दल का नेता और विजय कुमार सिन्हा को उपनेता चुने जाने पर बधाई देते हुए कहा कि यह टीम बिहार के भविष्य को और मजबूती देगी।
6:03 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: पटना में सुरक्षा का अलर्ट मोड, गांधी मैदान बना वीवीआईपी जोन, हेलीपैड से लेकर सीसीटीवी तक टाइट निगरानी
पटना में गुरुवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह से पहले गांधी मैदान पूरी तरह वीवीआईपी ज़ोन में तब्दील हो चुका है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हेलीकॉप्टर से उतरने की तैयारियां उच्च स्तर पर की गई हैं। एयरपोर्ट से सड़क मार्ग पर भारी भीड़ और वीवीआईपी मूवमेंट की संभावना को देखते हुए प्रधानमंत्री सहित शीर्ष हस्तियों के लिए सीधे गांधी मैदान तक एरियल रूट तय किया गया है। मैदान में बनाए गए तीन हेलीपैड अब सुरक्षा एजेंसियों के नियंत्रण में हैं, जबकि शहर के सबसे संवेदनशील हिस्सों में चार हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वीवीआईपी काफिलों के सड़क मार्ग से आने की स्थिति में नेहरू पथ और अटल पथ को सुरक्षित कॉरिडोर के रूप में मार्क किया गया है। बुधवार को एसपीजी और बिहार पुलिस ने कई दौर की बैठकों और रिहर्सलों में हर पहलू की समीक्षा की। गांधी मैदान के कारगिल चौक साइड को एसपीजी ने पूरी तरह सील कर दिया है, जबकि कंट्रोल-कमांड सेंटर से सीसीटीवी नेटवर्क के जरिए भीड़ और गतिविधियों पर रीयल-टाइम निगरानी रखी जा रही है। इन तैयारियों के बीच पटना गुरुवार को देश की सबसे सुरक्षित राजनीतिक स्पॉट्स में से एक बनने जा रहा है।
5:52 AM - Bihar Chief Minister Sapath Grahan LIVE: गांधी मैदान में कड़ी सुरक्षा, PM मोदी हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे शपथ समारोह
पटना में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सुरक्षा इंतजाम चरम पर हैं, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को पटना एयरपोर्ट से सीधे हेलीकॉप्टर द्वारा गांधी मैदान पहुंचेंगे, जहां उनके लिए तीन अस्थायी हेलीपैड तैयार किए गए हैं। कई राज्यों के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और अन्य वीवीआईपी के आने की संभावना को देखते हुए एयरपोर्ट से नेहरू पथ और अटल पथ होकर आने वाले कारकेड के लिए विशेष रूट प्लान बनाया गया है। लगभग चार हजार पुलिसकर्मी समारोह स्थल और आसपास के इलाकों में तैनात किए गए हैं। बुधवार को पूरे दिन एसपीजी और बिहार पुलिस के अधिकारियों के बीच बैठकें और रिहर्सल चलते रहे, जिनमें वीवीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकियों पर चर्चा हुई। सुरक्षा कारणों से प्रधानमंत्री की एंट्री सड़क मार्ग से न कराकर हवाई मार्ग से तय की गई है। गांधी मैदान के कारगिल चौक साइड में बने हेलीपैड को पूरी तरह एसपीजी सुरक्षा घेरे में रखा गया है, जबकि कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से सीसीटीवी के जरिए भीड़ और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।
5:48 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: लिट्टी चोखा से लेकर मखाने की खीर तक तैयारियां पूरी, शपथ ग्रहण में मेहमानों को मिलेगा बिहार का असल स्वाद
पटना में होने जा रहे एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में आने वाले खास मेहमानों के लिए बिहारी पकवानों की गर्मजोशी भरी मेजबानी तैयार है। गांधी मैदान में बने हैंगरों के ग्रीन रूम में चाय–नाश्ते की पूरी व्यवस्था होटल मौर्या ने संभाल ली है, जहां मेहमानों के सामने कई तरह की स्पेशल चाय परोसी जाएगी। नाश्ते में निमकी, ढोकला, मठरी, बाढ़ की लाई और पिरूकिया जैसी चीजें मेहमानों के स्वागत के लिए तैयार रखी गई हैं। होटल प्रबंधन का कहना है कि हाई प्रोफाइल हस्तियों की मौजूदगी को देखते हुए इस सर्विंग का पहले से पूर्वाभ्यास भी कर लिया गया है।
5:39 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: फिलहाल छोटा रखेंगे, 14 जनवरी के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार: नीतीश कुमार
नीतीश कुमार ने कहा कि फिलहाल मंत्रिमंडल का आकार छोटा रखा गया है, लेकिन किसी को निराश होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि 14 जनवरी के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा और नये चेहरों को भी जिम्मेदारी मिलेगी। नीतीश ने विधायकों से अपने अपने क्षेत्रों में विकास योजनाओं की निगरानी पर जोर दिया और कहा कि जहां भी किसी काम की जरूरत हो, उसकी जानकारी तुरंत दी जाए, सरकार हर जरूरी कार्य को पूरा कराएगी।
5:25 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: बिहार की जनता ने बड़ी जिम्मेवारी दी है; ताजपोशी से पहले बोले नीतीश
पटना से मिली ताज़ा राजनीतिक हलचल के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनता ने इस बार उन्हें और उनकी सरकार को बड़ी जवाबदेही सौंप दी है, और एनडीए गठबंधन इस भरोसे पर खरा उतरेगा। एनडीए और जदयू विधायक दल की बैठकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने उम्मीद, विश्वास और मजबूत जनादेश के साथ सत्ता सौंपी है, इसलिए सरकार को भी उतनी ही गंभीरता के साथ काम करना होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि विकास की रफ्तार अब और तेज होगी और बिहार को अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा किया जाएगा।
5:20 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: भाजपा विधानमंडल दल में नई जिम्मेदारियां, सम्राट चौधरी नेता, विजय सिन्हा उपनेता घोषित
भाजपा विधायक दल की अहम बैठक में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय कुमार सिन्हा को उपनेता चुन लिया गया, जिसकी घोषणा केंद्रीय पर्यवेक्षक और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने की। नाम सामने आते ही पटना स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में जोरदार तालियों की गूंज सुनाई दी और बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। बुधवार सुबह से ही नवनिर्वाचित 89 भाजपा विधायकों, विधान पार्षदों और वरिष्ठ नेताओं का पहुंचना शुरू हो गया था, जबकि बैठक 11:30 बजे प्रारंभ हुई। इससे पहले केशव मौर्य सुबह ही कार्यालय पहुंचकर शीर्ष नेताओं से मंथन करते रहे। कार्यक्रम में आने वाले सभी विधायकों का चंदन का टीका और गुलाब का फूल देकर स्वागत किया गया। नेता चयन की प्रक्रिया के लिए भाजपा संसदीय बोर्ड ने केशव प्रसाद मौर्य को केंद्रीय पर्यवेक्षक तथा केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया था।
5:15 AM - Bihar Chief Minister Shapath Grahan LIVE: बिहार में नई सरकार की दस्तक, नीतीश आज लेंगे CM पद की शपथ
2025 के विधानसभा चुनावों में मिली भारी जीत के बाद जेडीयू नेता नीतीश कुमार आज गुरुवार 20 नवंबर को गांधी मैदान में बिहार के मुख्यमंत्री पद की दसवीं बार शपथ लेने जा रहे हैं, जहां राज्यपाल अरिफ मोहम्मद खान उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, कई केंद्रीय मंत्री और एनडीए-शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। 243 सदस्यीय विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है और इससे पहले नई 18वीं विधानसभा का गठन किया जाएगा। हाल ही में हुए चुनावों में एनडीए ने 243 में से 202 सीटें जीतकर विपक्षी महागठबंधन को जोरदार झटका दिया और एकतरफा जीत दर्ज की।





