14 अप्रैल को नए सीएम का ऐलान और 15 को शपथ, बिहार में नई सरकार पर लेटेस्ट अपडेट

Nishant Nandan हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share

बताया जा रहा है कि 15 को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के अलावा कुछ वरिष्ठ मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह में गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन आदि बड़े नेता शामिल हो सकते हैं।

14 अप्रैल को नए सीएम का ऐलान और 15 को शपथ, बिहार में नई सरकार पर लेटेस्ट अपडेट

बिहार में नई सरकार के गठन की हलचल तेज हो गई है। पहली बार बिहार में अपना मुख्यमंत्री बनाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी की सक्रियता बढ़ गई है। रविवार को पार्टी के केन्द्रीय संसदीय बोर्ड ने अनुभवी नेता और भारत सरकार के कृषि-ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बिहार विधायक दल के नेता का चुनाव कराने के लिए केन्द्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने नियुक्ति का पत्र जारी किया।

शिवराज सिंह चौहान 14 अप्रैल को पटना आएंगे। उनकी मौजूदगी में इसी दिन बिहार भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में नेता के नाम की घोषणा होगी। इसी दिन एनडीए के अन्य दलों जदयू, लोजपाआर, हम और रालोमो विधायक दल की भी अलग-अलग बैठकों के बाद एनडीए विधानमंडल दल की साझा बैठक में नये मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार नई सरकार का शपथ ग्रहण 15 अप्रैल को लोकभवन में संभावित है। बापू सभागार को भी खाली रखा गया है। बताया जा रहा है कि 15 को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के अलावा कुछ वरिष्ठ मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह में गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन आदि बड़े नेता शामिल हो सकते हैं। कुछ दिनों बाद मंत्रिमंडल का विस्तार होगा, जिनमें अन्य मंत्री शपथ लेंगे। एनडीए विधायक दल के नये नेता 14 अप्रैल की शाम को ही राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

नीतीश सरकार की अंतिम कैबिनेट 14 को होगी

बिहार सरकार ने 14 अप्रैल को दिन के 11 बजे कैबिनेट की बैठक बुलायी है। पुराना सचिवालय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में होने वाली यह बैठक उनके सरकार की अंतिम बैठक होगी। इस बैठक में कई प्रमुख एजेंडों पर फैसले की उम्मीद है। साथ ही मौजूदा मंत्रिमंडल दो दशक के शासन में बिहार का चतुर्दिक विकास करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई देगा और उनके प्रति आभार भी प्रकट करेगा। मंगलवार को संविधान निर्माता डा. आम्बेडकर की जयंती है। नीतीश कुमार उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद कैबिनेट की बैठक में शामिल होंगे और इस बैठक के बाद मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंप देंगे।

ईमानदारी पूर्वक निभाऊंगा जिम्मेदारी : चौहान

भाजपा ससंदीय बोर्ड द्वारा बिहार में पार्टी विधायक दल का नेता चुनने के लिए पर्यवेक्षक नियुक्ति किये जाने के बाद शिवराज ने कहा, मैं भाजपा का एक समर्पित कार्यकर्ता हूं। एक कार्यकर्ता के नाते हर जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाना मेरा कर्तव्य है।

नीतीश कुमार से मिले सम्राट समेत कई नेता

रविवार को भी नीतीश कुमार से सीएम आवास जाकर नेताओं के मिलने का सिलसिला जारी रहा। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी सीएम के साथ काफी देर मंत्रणा की। रोज की तरह जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, मंत्री विजय चौधरी तो सीएम आवास में मौजूद रहे, दोपहर बाद श्रवण कुमार, लेशी सिंह, मदन सहनी, जमा खान आदि जदयू नेता भी पहुंचे।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।