बिहार में शराब माफिया का खूनी तांडव, पुलिस मुखबिरी के शक में हलवाई की चाकू घोंपकर फोड़ डाली आँख
Bihar Crime News: नवादा के रोहुआ गांव में शनिवार को शराब बेचने की मुखबिरी के आरोप में सूरज कुमार गुप्ता की बेरहमी से पिटाई कर बाईं आंख फोड़ दी गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Bihar Crime News: बिहार के नवादा जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाली एक बेहद ही खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां पकड़ीबरांवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव में दबंगों ने एक युवक को बंधक बनाकर न केवल उसकी बेरहमी से पिटाई की, बल्कि पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाते हुए उसकी बाईं आंख ही फोड़ डाली। रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना रोहुआ गांव में शनिवार की देर शाम को अंजाम दी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और वारदात में संलिप्त दो मुख्य नामजद आरोपियों को दबोच लिया है।
मजदूर खोजने महादलित टोला गया था पीड़ित
इस बर्बरता का शिकार हुए घायल युवक की पहचान रोहुआ गांव निवासी प्रदीप गुप्ता के पुत्र सूरज कुमार गुप्ता के रूप में की गई है। सूरज पेशे से शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों में खाना बनाने का काम करता है। शनिवार शाम को वह अपने काम के लिए मजदूर लाने के उद्देश्य से गांव के ही महादलित टोला में गया हुआ था। इसी दौरान वहां कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया। पीड़ित की पत्नी पूजा कुमारी ने थाने में एफआईआर दर्ज कराते हुए बताया कि जब उसके पति मोहल्ले में गए थे, तब आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और कहा कि 'तुम पुलिस को हमारे दारू बेचने की सूचना देते हो'। इसके बाद तमाशबीनों की भीड़ के सामने ही दबंगों ने उसे बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया और उसकी आंख फोड़ दी।
घायल युवक को पटना किया गया रेफर
घटना के बाद गंभीर रूप से जख्मी सूरज कुमार गुप्ता को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल पकड़ीबरांवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए विम्स पावापुरी रेफर कर दिया। आंख की स्थिति अत्यधिक गंभीर होने के कारण पावापुरी से भी उसे डॉक्टरों ने पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया है, जहां वह जिंदगी और अपनी रोशनी की जंग लड़ रहा है। इस संबंध में पकड़ीबरांवा के एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी ने बताया कि मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य दोषियों की धरपकड़ के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।


