बिहार के सपनों को पूरा करने का पवित्र अवसर, विधायक दल का नेता चुने जाने पर सम्राट का पहला बयान

Apr 14, 2026 08:52 pm ISTPramod Praveen लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

Bihar New CM Samrat Chaudhary: भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित बैठक के समापन के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि निवर्तमान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन निवर्तमान मंत्री दिलीप जायसवाल और मंगल पांडेय ने किया।

बिहार के सपनों को पूरा करने का पवित्र अवसर, विधायक दल का नेता चुने जाने पर सम्राट का पहला बयान

Bihar New CM Samrat Chaudhary: बिहार में नीतीश युग की समाप्ति और सम्राट युग की शुरुआत हो चुकी है। माना जा रहा है कि सम्राट चौधरी बुधवार को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। इससे पहले मंगलवार को उन्हें भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। नेता चुने जाने के बाद अपने पहले बयान में सम्राट चौधरी ने इसे बिहार के सपनों को पूरा करने का पवित्र अवसर कहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में निरंतर प्रयासरत रहूंगा। इसके साथ ही स्पष्ट हो गया है कि बिहार में बनने वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की नयी सरकार में सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री के रूप में कमान संभालेंगे।

सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में सम्राट चौधरी ने लिखा, “भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ कि उन्होंने मुझ पर विश्वास जताते हुए मुझे #BJP_Bihar_LegislativeParty के #Leader की ज़िम्मेदारी सौंपी है। मेरे लिए यह महज़ एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा करने, उनके विश्वास और सपनों को पूरा करने का एक पवित्र अवसर है। मैं पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ हर किसी की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूँ।”

बिहार को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए समर्पित

तारापुर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक सम्राट चौधरी ने आगे लिखा, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के कुशल नेतृत्व और माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin जी के मार्गदर्शन में, मैं बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि की नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए निरंतर समर्पित रहूँगा। आपका स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है। जय बिहार।"

सर्वसम्मति से चुने गए नेता

बता दें कि इससे पहले पटना स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित बैठक के समापन के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि निवर्तमान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन निवर्तमान मंत्री दिलीप जायसवाल और मंगल पांडेय ने किया। विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त चौहान ने बताया कि इसके बाद उपस्थित सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से चौधरी को अपना नेता चुन लिया। अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन विधायक दल की बैठक होगी जिसमें चौधरी के नाम पर औपचारिक मुहर लगेगी।

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen

प्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।

अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।