महिलाओं को बस चलाना सिखाएगी बिहार सरकार, पिंक बस के लिए लेडी ड्राइवर नहीं मिले थे

हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
Follow us on Google News
share

पिंक बसों में महिला ड्राइवर नहीं मिलने के बाद अब बिहार सरकार के परिवहन विभाग ने महिलाओं को बस चलाने की मुफ्त ट्रेनिंग देने का फैसला लिया है।

Pink Bus

बिहार सरकार अब महिलाओं को बस चलाना सिखाएगी। परिवहन विभाग ने महिलाओं को बस चलाने के लिए प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया है। ड्राइविंग की ट्रेनिंग लेने के लिए 18 से 35 साल की उम्र की इच्छुक महिलाओं का चयन किया जाएगा। चयनित महिलाओं को गाड़ी चलाने का प्रशिक्षण दिलाकर विभाग ड्राइविंग लाइसेंस दिलाएगा। इसके बाद इनको पटना समेत अन्य शहरों में चलने वाली महिलाओं के लिए समर्पित पिंक बस की कमान सौंपी जाएगी। दरअसल, पिछले दिनों पिंक बस के लिए सरकार को महिला ड्राइवर नहीं मिल पाए थे, इसी कारण विभाग ने ट्रेनिंग का फैसला लिया है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा और सुगम परिवहन देने के उद्देश्य से पिंक बस सेवा शुरू की है। पटना के साथ मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया, गया और दरभंगा में 20 पिंक बसें चल रही हैं। जल्द ही 100 और बसों का परिचालन इन शहरों में होगा।

बता दें कि पिंक बसों के लिए निगम ने बीते दिनों चालकों और संवाहकों (कंडक्टर) की भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किया था। निगम से सम्बद्ध एजेंसी से इनका चयन होना था। इसके तहत निगम को 25 महिला ड्राइवर और 250 महिला संवाहक की जरूरत थी। निगम ने बिहार के साथ झारखंड से आवेदन मांगा था, लेकिन एक भी महिला ड्राइवर नहीं मिली।

90 महिलाओं ने कंडक्टर के लिए जरूर आवेदन किए। कुछ महिलाओं के आवेदन चालक के लिए आए भी, तो वे बस चलाने योग्य नहीं पाई गईं। यही कारण है कि निगम वैकल्पिक व्यवस्था के तहत फिलहाल पुरुष चालकों से ही पिंक बसों का परिचालन करा रहा है। हालांकि कंडक्टर के रूप में महिलाएं काम कर रही हैं।

मुफ्त ट्रेनिंग देगी सरकार

ड्राइवर के चयन होने के बाद इन महिलाओं को औरंगाबाद में आवासीय व्यवस्था के तहत बस चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनसे कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। गाड़ी चलाने की जानकारी होने पर निगम महिलाओं को बस चलाने के लिए विधिवत ड्राइविंग लाइसेंस भी दिलाएगा।

इच्छुक महिलाओं को चालक प्रशिक्षण के लिए न्यूनतम दसवीं पास होना जरूरी होगा। साथ ही शारीरिक रूप से स्वस्थ और फिट होना भी जरूरी होगा। निगम जल्द ही आवेदन जारी करेगा। प्रशिक्षण के बाद महिलाओं को चालक के रूप में काम करना होगा। बदले में उन्हें श्रम संसाधन विभाग की ओर से निर्धारित मानदेय दिया जाएगा।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsमहिलाओं को बस चलाना सिखाएगी सरकार, पिंक बस के लिए लेडी ड्राइवर नहीं मिले थे