इंस्टाग्राम पर अमेरिकी लड़के से प्यार, बिहार की लड़की को डिजिटल अरेस्ट कर ठगे 3 लाख
बिहार के नवादा की एक लड़की को इंस्टाग्राम पर कथित अमेरिकी लड़के ने प्यार में फंसाकर अलग-अलग तरह से डिजिटल अरेस्ट कर कुल 3 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिहार के नवादा में प्रेम जाल में फंसी एक लड़की को डिजिटल अरेस्ट कर कुल 3 लाख रुपये की ठगी कर दी गई। आरोपियों ने पीड़िता को सीबीआई द्वारा गिरफ्तार करने की धमकी दी और उसे आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो भेजकर ठगी कर ली। जब अपराधियों की तरफ से रुपयों की मांग जारी रही तो हिम्मत जुटाकर लड़की नवादा के साइबर थाने पहुंची और केस दर्ज कराया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, साइबर थाना पुलिस ने मंगलवार 6 जनवरी को केस दर्ज किया। पीड़ित लड़की के अनुसार इंस्टाग्राम पर समी खाना नाम का एक लड़का उससे जुड़ा। लड़के ने उसे प्रेम जाल में फंसाया और कहा कि वह एक डॉक्टर है एवं अमेरिका में रहता है। लड़की के अनुसार, युवक ने एक दिन उसे गिफ्ट में अमेरिका से आईफोन और डायमंड रिंग भेजने की बात कही।
इसके बाद पीड़िता को एक फोन आया, जिसमें कहा गया कि एयरपोर्ट पर उसका एक पार्सल अमेरिका से आया है। उसे छुड़ाने के लिए 22 हजार रुपये लगेंगे। फिर भारतीय मुद्रा में बदलने की एवज में उससे 55 हजार रुपये की मांग की गई। जब लड़की ने इनकार किया तो उसे सीबीआई से पकड़े जाने की धमकी दी गई।
इमिग्रेशन के नाम पर धमकी
इसके बाद, लड़की ने अपने कथित अमेरिकी प्रेमी समी खान को उसके आईएसडी नंबर पर कॉल किया। युवक ने लड़की को झांसा देते हुए कहा कि वह भारत आ रहा है। फिर लड़की को फिर एक कॉल आया जिसमें कहा गया कि मुंबई एयरपोर्ट पर समी खाना का इमिग्रेशन क्लियर कराने के लिए उसे 1.50 लाख रुपये देने होंगे।
लड़की ने जब इनकार किया तो उसे धमकी दी गई कि अमेरिकी नागरिक को भारत बुलाने के आरोप में उसे जेल जाना पड़ सकता है और 15 लाख रुपये का जुर्माना भी लगेगा। धमकी से डरकर पीड़िता ने रकम ठगों के खाते में ट्रांसफर कर दी। बाद में उसे आपत्तिजनक वीडियो और फोटो भेजकर ब्लैकमेल किया जाने लगा। बहरहाल, प्राथमिकी दर्ज करने के बाद साइबर पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।
और पढ़ें


