Bihar Flood: मां के सामने बह गया बेटा, नेपाल में बारिश से बिहार में बाढ़ का खतरा; कई नदियां उफान पर
गंडक, बागमती, कोसी, बूढ़ी गंडक तथा अधवारा समूह की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने से कई जिलों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।

Bihar Flood: उत्तर बिहार और नेपाल में हो रही बारिश के कारण राज्य की कई नदियां खतरे के निशान से बह रही है। कोसी का पानी बराह क्षेत्र में इस वर्ष के अधिकतम स्तर तक आ पहुंचा। गंडक, बागमती, कोसी, बूढ़ी गंडक तथा अधवारा समूह की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने से कई जिलों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। लोगों को नदी किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है।
मां के सामने हरहा नदी की तेज धारा में बह गया बालक
रामनगर प्रखंड के दोन क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। पूर्वी ढोकनी गांव के भूहरवा दोन टोला निवासी रोहित मुंडा का 10 वर्षीय पुत्र अनुज अपनी मां के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान उफनाई हरहा नदी पार करते समय वह मां के सामने ही तेज धारा में बह गया। बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाने से यह हादसा हुआ। घटना के तीसरे दिन गुरुवार को भी अनुज का कोई सुराग नहीं मिला है।
ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार शाम अनुज अपनी मां के साथ नदी पार कर रहा था। तभी तेज बहाव में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह देखते ही देखते धारा में बह गया। उसकी मां किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आईं और शोर मचाया। आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मंगलवार देर रात से बुधवार तक उसकी तलाश की, लेकिन लगातार बारिश और नदी में तेज उफान के कारण बालक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
रामनगर सीओ वेद प्रकाश ने कहा कि एसडीआरएफ की टीम को दोन के ढोकनी भेजा जा रहा है। टीम के पहुंचते ही तलाश शुरू किया जाएगा।
ग्रामीणों में आक्रोश
दोन क्षेत्र के ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि हर वर्ष बरसात में यही स्थिति बन जाती है। बच्चों को भी रोज जान जोखिम में डालकर नदी-नाले पार करने पड़ते हैं।
पूर्वी चंपारण में डुमरिया घाट पर गंडक नदी और लालबकेया गुआबारी में नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर दर्ज किया गया है। गंडक बराज से 1.47 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। पश्चिम चंपारण में वाल्मीकिनगर गंडक बराज से करीब 1.85 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद गंडक, हरहा समेत कई पहाड़ी नदियां उफान पर हैं। उधर, मधुबनी में कोसी नदी के जलस्तर से मधेपुर प्रखंड के गढ़गांव, बसीपट्टी आदि दियारा क्षेत्रों में मुख्य व शाखा धाराएं पानी से भर गई हैं।
नेपाल के तराई इलाकों में हो रही बारिश से कोसी नदी का जलस्तर फिर बढ़ने लगा है। सुपौल के सरायगढ़-किशनपुर और सुपौल सदर प्रखंड में तटबंध के अंदर के कुछ इलाकों में पानी प्रवेश कर गया है।
जल संसाधन विभाग में हड़कंप
जल संसाधन विभाग की ओर से जारी गुरुवार शाम चार बजे की रिपोर्ट के अनुसार कोसी बराज का डिस्चार्ज 2,44,965 क्यूसेक दर्ज किया गया। जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख ई. संजीव शैलेश ने बताया कि फिलहाल जिले में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है। सहरसा में कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर से नवहट्टा प्रखंड में सड़क संपर्क प्रभावित हो रहा है। सत्तौर पंचायत के बीरजाईन गांव को महुआ चाही टोला और रामनगर सितली से जोड़ने वाली सड़क का करीब 25 फीट हिस्सा तेज बहाव में बह गया।
छेर नदी में उफान से फिर डूबा रुद्रनगर डायवर्सन
लगातार हो रही बारिश के बाद छेर नदी में आए उफान ने शाहपुर-बनाही पथ पर रुद्रनगर स्थित निर्माणाधीन डायवर्सन को एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार जलमग्न कर दिया। महज सात दिन पहले ही मरम्मत कर चालू किए गए डायवर्सन पर गुरुवार को फिर पानी चढ़ गया, जिससे करीब 30 हजार की आबादी का संपर्क प्रभावित हो गया। लोग जान जोखिम में डालकर साइकिल और बाइक से किसी तरह आवागमन करते रहे।

