Nepal Flood Updates: नेपाल में तबाही मचाकर बिहार पहुंची बाढ़, गंडक बैराज के सारे गेट खोले गए, आज रात भारी

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

Nepal Flood Updates:  नेपाल में बाढ़ की तबाही का असर बिहार में दिखने लगा है। बगहा में गंडक नदी का जल स्तर बढ़ने से निचले इलाके के लोगों को निकाल कर राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा है। गंडक बैराज के सभी गेट खोल दिए गए हैं। 

Nepal Flood Updates: नेपाल में बाढ़ से आई तबाही का असर बिहार में दिखने लगा है। पश्चिमी चंपारण के बगहा में गंडक नदी में हर घंटे जल स्तर बढ़ने से बेचैनी बढ़ रही है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने गंडक नदी से प्रभावित होने वाले जिलों के डीएम और एसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर तैयारियों का जायजा लिया। सीएस ने एसओपी के अनुरूप पूरी तरह से तैयार रहने का निर्देश दिया। चीन सीमा से सटे तिब्बत इलाके में बुधवार को ग्लेसियल लेक फटने से नेपाल में भारी जल प्रलय आ गया है। नेपाल में तबाही मचाने के बाद बाढ़ बिहार में पहुंच गया है। माना जा रहा है कि रात भर में गंडक और कोसी के तटीय जिलों में बाढ़ का पानी फैल जाएगा। सीएम सम्राट चौधरी ने कहा है कि लोक सेवक आवास में नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति तथा गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने की संभावना को देखते हुए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने बिहार के संबंधित जिलों में विशेष सतर्कता बरतने तथा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि नेपाल में विकसित हो रही स्थिति को देखते हुए बिहार में संभावित प्रभाव वाले क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाए। विशेषकर गंडक नदी से जुड़े पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली सहित अन्य संवेदनशील जिलों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहे। उन्होंने कहा कि नेपाल में बाढ़ के कारण आने वाले पानी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा संभावित प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए।

सीएम सम्राट चौधरी के साथ आपात बैठक के बाद राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी संबंधित जिलों के अधिकारियों को हाई अलर्ट मोड में रहने और संभावित तबाही से निपटने की पूरी तैयारी करने का निर्देश दिया है। संबंधित जिलों में एनडीएआरएफ और एसडीआरएफ की अग्रिम तैनाती का आदेश दिया गया है।

Nepal Flood LIVE updates:

23ः 59 PM- Nepal Bihar Flood LIVE: नेपाल में हुए भूस्खलन के कारण मची तबाही के कारण जिले के तराई क्षेत्र में बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन द्वारा अलर्ट जारी करने और लोगों को सुरक्षित स्थान पर चले जाने के अपील के बाद सबसे अधिक बलुआ ठोरी पंचायत के लोग चिंतित दिखे। दिन में जितना हो सका लोग पलायन कर अपने रिश्तेदारों के यहां शरण लिये, लेकिन जो लोग नहीं जा सके वे लोग रात भर जग कर बाढ़ आने और उससे निपटने के लिए रणनीति बनाते देखे गए।

23ः 12 PM- Nepal Bihar Flood LIVE: नेपाल में बाढ़ की भयावह स्थिति को देखते हुए सीतामढ़ी जिले में संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया एवं पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने बुधवार को विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया और बाढ़ निरोधक कार्यों और तटबंधों की स्थिति का जायजा लिया।

पूरी खबर पढ़ें-

22ः 47 PM- Nepal Bihar Flood LIVE: तिब्बत क्षेत्र में ग्लेशियर झील विस्फोट से गंडक नदी के आसपास के जिलों में संभावित फ्लैश फ्लड की स्थिति से निपटने के लिए मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने संबंधित जिलों के डीएम और एसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर तैयारियों का जायजा लिया। सीएस ने मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण एवं वैशाली के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ तैयारियों की समीक्षा की। वीसी में प्रधान सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग संतोष कुमार मल्ल, सचिव, जल संसाधन विभाग डॉ. चंद्रशेखर सिंह तथा संयुक्त सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग अविनाश कुमार उपस्थित रहे। सभी डीएम और एसपी को एसओपी के अनुसार फ्लड फाइटिंग की तैयारी और फ्लड प्रोन इलाकों में नदियों की स्थिति पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

पूरी खबर पढ़ें-

22ः 38 PM- Nepal Bihar Flood LIVE: बेतिया में सामुदायिक किचन शुरू

पश्चिमी चंपारण तरनजोत सिंह ने बताया कि संभावित फ्लैश फ्लड के मद्देनजर तटबंध के आसपास के इलाकों में माइकिंग कराकर 5000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया गया है। साथ ही अब तक जिले मे संचालित 7 कम्युनिटी किचन के माध्यम से 1,150 से अधिक लोगों को भोजन कराया गया।

पूरी खबर पढ़ें-

22ः 33 PM- Nepal Bihar Flood LIVE: वाल्मीकिनगर में गंडक बराज से पानी का डिस्चार्ज बढ़ने लगा है। दस बजे रात की ताजा रिपोर्ट के अनुसार 1 लाख 42 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। बराज से छूटने के बाद सबसे पहले चकदहवा में पानी पहुंचेगा। यह बराज के बाद पहला आबादी वाला क्षेत्र है। अधिकतम डिस्चार्च 2 लाख क्सूसेक रहने की संभावना है।

22ः 28 PM- Nepal Bihar Flood LIVE: नेपाल- तिब्बत में ग्लेशियर आउटबर्स्ट व वाल्मीकिनगर बैराज ,गंडक नदी में जलप्रवाह की वृद्धि से उत्पन्न संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सीवान जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय आपातकालीन समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई।

पूरी खबर पढ़ें-

22ः 07 PM- Nepal Bihar Flood LIVE: नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के बाद गंडक नदी में संभावित जलस्तर वृद्धि को देखते हुए सारण जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सात अंचलों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इस बीच अधिकारियों और कर्मियों की छुट्टियां कैंसिल कर दी गई हैं।

पूरी खबर पढ़ें-

21ः 30 PM- Nepal Bihar Flood LIVE: नेपाल के त्रिशुली नदी में फ्लैश फ्लड के बाद गंडक नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि की आशंका के बीच मुजफ्फरपुर जिले के तीन प्रखंडों साहेबगंज, पारू और सरैया से होकर गंडक नदी गुजरती है। इन तीन प्रखंडों की 20 पंचायतों में बाढ़ की आशंका को लेकर लोगों को ऊंचे जगहों पर जाने की सलाह दी जा रही है।

पूरी खबर पढ़ें-

20ः 09 PM- Nepal Bihar Flood LIVE: नेपाल में आई बाढ़ में दो इंजीनियर लापता

नेपाल के रसुवा जिले में आई भीषण बाढ़ में धनुषा और महोतरी जिले के दो इंजीनियर लापता हो गए हैं। दोनों इंजीनियर रसुवा स्थित एक जलविद्युत परियोजना में कार्यरत थे और बाढ़ आने के दौरान ड्यूटी पर तैनात थे। लापता इंजीनियरों की पहचान धनुषा जिले के सखुवा मड़ान निवासी अजय कुमार सिंह तथा महोतरी जिले के पिपरा गांव निवासी 29 वर्षीय विकास यादव के रूप में हुई है।

20ः 05 PM- Nepal Bihar Flood LIVE: तिब्बत में ग्लेशियर फटने से गोपालगंज में बाढ़ आने की आशंका है। इसको लेकर जिले में हाई अलर्ट जारी किया गया है। जिले से होकर गुजरी गंडक नदी के निचले इलाके में बसे लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। जबकि, नदी के किनारे से जुड़े सभी छह अंचलों कुचायकोट, गोपालगंज सदर, मांझागढ़, बरौली, सिधवलिया और बैकुंठपुर के सीओ को स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम भी खोला गया है।

पूरी खबर पढ़ें-

19ः 59 PM- Nepal Bihar Flood LIVE: नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में अत्यधिक जलप्रवाह तथा संभावित ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (जीएलओएफ) संबंधी सूचनाओं को देखते हुए बेतिया और मोतिहारी जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि नेपाल से आने वाली नदियों के जलप्रवाह में अगले दो से तीन दिनों के दौरान अचानक वृद्धि हो सकती है। इसे देखते हुए जिला, अंचल एवं पुलिस प्रशासन के साथ आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है।

पूरी खबर पढ़ें-

19ः 57 PM- Nepal Bihar Flood LIVE: वैशाली में एसडीआरएफ 24*7 अलर्ट पर

चीन में ग्लेशियर फटने के बाद नेपाल में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। जिसको देखते हुए वैशाली जिला प्रशासन के द्वारा नदी किनारे संभावित बाढ़ वाली जगह के आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को माइकिंग कर जागरुक किया जा रहा है। वही 24 घंटे अलर्ट मोड में एसडीआरएफ की टीम को रखा गया है। एसडीआरएफ की टीम में 11 वोट और 34 जवान की तैनाती है।

पूरी खबर पढ़ें-

19ः 39 PM- Nepal Bihar Flood LIVE: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। इस आपदा में दिवंगत लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं है। ईश्वर से प्रार्थना है कि नेपाल में फंसे सभी भारतीय नागरिक सकुशल एवं सुरक्षित हों। संकट की इस घड़ी में भारत सरकार और भारत के नागरिक नेपाल के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी मजबूती से खड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राहत एवं बचाव कार्यों में हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है।

19ः 10 PM- Nepal Bihar Flood LIVE: मुजफ्फरपुर में पदाधिकारियों और कर्मियों की छुट्टियां रद्द

नेपाल से डिस्चार्ज पानी के गंडक नदी में बाढ़ के खतरे को देखते हुए मुजफ्फरपुर में मुख्यालय लेकर प्रखंड और अंचल तक के पदाधिकारियों और कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। प्रखंड व अंचल के अधिकारियों के साथ जल संसाधन विभाग के इंजीनियरों को तटबंधों की निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। सभी अंचलाधिकारियों को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश जिलाधिकारी कुमार गौरव ने दिया है।

19ः 05 PM- Bihar Flood LIVE: बाढ़ के आसन्न खतरे के मद्देनजर वैशाली में 48 घंटे का अलर्ट जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से कहा है कि गंडक नदी के किनारे स्थित इलाकों में लोग सतर्क रहें और बुजुर्गों व बच्चों का खास तौर पर ख्याल रखें। माइकिंग करके लोगों को अलर्ट किया जा रहा है।

19ः 01PM- Bihar Flood LIVE: बिहार में बाढ़ की आशंका को देखते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से राहत कार्य में मदद करने का आग्रह किया है। बुधवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि विशेषकर गंडक नदी से जुड़े जिलों पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली के स्थानीय लोगों को आवश्यक सूचना और चेतावनी देकर जागरूक करते रहें।

18ः 57 PM- Bihar Flood LIVE: नेपाल की नदियों में उफान के कारण कोसी बराज पर बढ़ा पानी का दबाव बढ़ गया है। करीब 1.31 लाख क्यूसेक से ज्यादा डिस्चार्ज की जानकारी मिल रही है। फिलहाल बाढ़ का खतरा नहीं है। बराज पर प्रशासन की कड़ी निगरानी बनी हुई है।

18ः 48 PM- Bihar Flood LIVE: नेपाल में विनाशकारी बाढ़ से आई तबाही को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की। उन्होंने नेपाल सरकार को इस आपदा से निपटने के लिए सभी सहयोग देने का भरोसा दिलाया। कहा कि मुश्किल वक्त में नेपाल के साथ भारत साथी की तरह खड़ा है।

18ः 41 PM- Bihar Flood LIVE: बगहा में डीएम ने तटबंधों का निरीक्षण किया

नेपाल में ग्लेशियल लेक आउट बसर्ट की सूचना एवं गंडक नदी में संभावित जल वृद्धि के मद्देनजर जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने बुधवार को बगहा अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न तटबंधों एवं घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को तटबंधों की सतत निगरानी, आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तटवर्ती एवं निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

18ः 38 PM- Bihar Flood LIVE: इन जिलों में अलर्ट पर प्रशासन

गंडक नदी के संभावित बढ़े हुए जलप्रवाह को देखते हुए पश्चिमी चंपारण (बेतिया), पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त सीतामढ़ी, शिवहर एवं अन्य संवेदनशील जिलों में भी स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा गया है। डीएम तरनजोत सिंह ने नदी के जलस्तर, तटबंधों, निचले इलाकों, पुल-पुलियों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने तथा स्थानीय समुदाय को समय पर अलर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

18ः 07 PM- Bihar Flood LIVE: नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद बिहार में आसन्न खतरे को देखते हुए वैशाली के हाजीपुर में गंडक के तटवर्ती इलाकों में माइकिंग कराई जा रही है। लोगों से सचेत रहने की अपील की जा रही है। गंडक नदी के तटबंध को बालू की बोरियों से ऊंचा किया जा रहा है।

18ः 05 PM- Bihar Flood LIVE: बिहार में बाढ़ के खतरे पर डिप्टी सह जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने कहा है कि लोग सतर्क रहें घबराएं नहीं , अगले 5–6 घंटे से लेकर पूरी रात अलर्ट रहने की जरूरत है। अभी गंडक बराज में 80 हजार क्यूसेक डिस्चार्ज हुआ है। पानी तेजी से आएगा इस पर हमलोग नजर बनाए हुए हैं। वाल्मिकीनगर बराज पर पानी आने में 2-3 घंटों का वक्त लग सकता है। सरकार के तरफ से बाढ़ राहत के लिए अतिरिक टीम की तैनाती की गई है। बाढ़ राहत के लिए जरूरी सामग्री भी उपलब्ध कराया गया है।

18ः 03 PM- Bihar Flood LIVE: बिहार में बाढ़ के आसन्न खतरे को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम सम्राट चौधरी से फोन पर बात की। उन्होंने बिहार को बाढ़ के मद्देनजर केंद्र से सभी प्रकार की सहायता का भरोसा दिया।

18ः 01 PM- Bihar Flood LIVE: सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है प्रतिदिन मीडिया ब्रीफिंग के माध्यम से लोगों को स्थिति की अद्यतन जानकारी देते रहें तथा सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखें ताकि किसी तरह के अफवाह को बल नहीं मिले। नागरिकों से भी अपील की गई है कि सिर्फ आधिकारिक एवं विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

17ः58 PM- Bihar Flood LIVE: बिहार सरकार ने बाढ़ के खतरे को देखते हुए यह स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की घबराहट या पैनिक की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी आवश्यक संसाधनों एवं बचाव दलों को अग्रिम रूप से तैयार किया जा रहा है। आम नागरिकों से अपील है कि घबराएं नहीं, लेकिन संभावित बाढ़ की स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहें। प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं एवं निर्देशों का पालन करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।

17ः56 PM- Bihar Flood LIVE: बाढ़ की संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए NDRF एवं SDRF के अतिरिक्त संसाधनों की मूवमेंट सुनिश्चित की जा रही है। गोपालगंज के लिए एक NDRF टीम भेजने का निर्देश दिया गया है तथा एक NDRF टीम को मुजफ्फरपुर में स्टैंडबाय रखा जाएगा। इसके अतिरिक्त बेतिया में भी NDRF की टीम की मूवमेंट/तैनाती लगभग दो घंटे के भीतर सुनिश्चित करने की कार्रवाई की जा रही है। SSB DIG द्वारा भी आवश्यकतानुसार QRT एवं अन्य संभावित सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है, जो बेतिया में उपलब्ध रहेगा।

17ः55 PM- Bihar Flood LIVE: बिहार में भीषण बाढ़ के खतरे के मद्देनजर जल संसाधन विभाग द्वारा गंडक बैराज के सभी गेटों तथा उससे जुड़े नहरों में पानी प्रवाहित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उपलब्ध जलप्रवाह का सुरक्षित एवं प्रभावी प्रबंधन किया जा सके। संबंधित जल संसाधन पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने तथा तटबंधों सहित जल संसाधन संरचनाओं की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

17ः54 PM- Bihar Flood LIVE: नेपाल में भीषण बाढ़ से गंडक नदी के संभावित बढ़े हुए जलप्रवाह को देखते हुए पश्चिमी चंपारण (बेतिया), पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त सीतामढ़ी, शिवहर एवं अन्य संवेदनशील जिलों में भी स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा गया है। सभी जिलाधिकारियों को नदी के जलस्तर, तटबंधों, निचले इलाकों, पुल-पुलियों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने तथा स्थानीय समुदाय को समय पर अलर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

17ः52 PM- Bihar Flood LIVE: बिहार में बाढ़ के आसन्न खतरे के मद्देनजर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित जिलों के जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस पदाधिकारी/पुलिस अधीक्षक बैठक में शामिल हुए। बैठक में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित जिलों को सतर्क रहने तथा आवश्यक बचाव एवं राहत तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए।

17ः50 PM- Bihar Flood LIVE: नेपाल में भीषण बाढ़ से आई तबाही के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री आवास में आपात बैठक बुलाई। मुख्य सचिव, डीजीपी समेत सभी बड़े अधिकारियों के साथ बैठक में राज्य में बाढ़ को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया। सीएम ने कहा कि समीवर्ती जिलों के साथ सभी संबंधित जिलों में बाढ़ की तबाही से निपटने की पूरी तैयारी की जाए।

17ः48 PM- Bihar Flood LIVE: नेपाल में ग्लेसियल लेक फटने से तबाही आ गई है। हजारों लोगों के बह जाने की आशंका है। अब तक 17 लोगों के मौत की सूचना है। इस वजह से पूरे उत्तर बिहार पर विनाशकारी बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। सरकार ने सभी जिलों के लिए हाई अलर्ट जारी कर जिला प्रशासन को चौकस रहने का निर्देश दिया है। कहा गया है कि बाढ़ की विभिषिका से निपटने की सभी आवश्यक तैयारी करें।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsनेपाल में तबाही मचा बिहार पहुंची बाढ़, गंडक बैराज के सारे गेट खोले गए