
News18 के Exit Polls में फिर से नीतीशे कुमार, 100 से नीचे लुढ़का महागठबंधन; PK भी खोलेंगे खाता
न्यूज 18 के एग्जिट पोल के अनुसार, पहले चरण में नीतीश की जेडी(यू) लगभग 35-45 सीटें जीत सकती है, जबकि विपक्षी आरजेडी को 25-35 सीटें मिल सकती हैं। सर्वे में भाजपा को 20-30 सीटें और कांग्रेस को केवल 5-10 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।
News 18 Bihar Exit Polls Result Updates LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव के तमाम एग्जिट पोल्स में एक बार फिर से राज्य में NDA की सरकार बनती नजर आ रही है। न्यूज 18 के मेगा एग्जिट पोल के अनुसार, 243 सदस्यों वाली बिहार विधानसभा में NDA गठबंधन को कुल 140 से 150 सीटें मिलने के आसार जताए गए हैं जबकि महागठबंधन को 85 से 95 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। जन सुराज को 0 से 5 सीटें मिलने के आसार जताए गए हैं, जबकि अन्य के खाते में 5 से 10 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।

न्यूज18 मेगा एग्जिट पोल द्वारा पार्टीवार पूर्वानुमान के अनुसार सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने जा रही है। उसके खाते में 60 से 70 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, जबकि भाजपा को 55-65, HAM को 0-5, चिराग पासवान की LJPR को 10-15 और उपेंद्र कुशवाहा की RLM को 0-5 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।
सर्वे के मुताबिक, विपक्षी महागठबंधन में राजद सबसे बड़ी पार्टी और और ओवरऑल तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनने जा रही है। उसे 50-60 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, जबकि कांग्रेस को 15-20, CPIML को 10-15, CPI को 0-5, CPM को 0-5, VIP को 0-5 और IIP को 00 सीटें मिलने के आसार जताए गए हैं।
News 18 के सर्वे के मुताबिक, पहले चरण की 121 सीटों में से NDA को 60 से 70 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, जबकि महागठबंधन को 45-55 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। अन्य के खाते में एक भी सीट नहीं मिलती दिखाई गई है। सर्वे में कहा गया है कि पहले चरण के दौरान प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी का खाता भी नहीं खुल पा रहा है।
न्यूज 18 मेगा एग्जिट पोल के अनुसार, नीतीश कुमार की जेडी(यू) पहले चरण में लगभग 35-45 सीटें जीत सकती है, जबकि विपक्षी आरजेडी को 25-35 सीटें मिल सकती हैं। सर्वे में भाजपा को 20-30 सीटें और कांग्रेस को केवल 5-10 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। चिराग पासवान की एलजेपी (रामविलास पासवान) को 0-5 सीटें मिलने की संभावना है। लेफ्ट की तीनों पार्टियों को 10-15 सीटें मिलने की संभावना है। मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी और आईपी गुप्ता की IIP का भी पहले चरण में खाता खुलता नहीं दिख रहा है।
हालांकि ये सिर्फ सर्वे के आंकड़े हैं। अंतिम चुनावी नतीजे 14 नवंबर को जारी होंगे, जब वोटों की आधिकारिक गिनती होगी। एक तरफ भाजपा-जेडीयू समेत पांच दलों के NDA गठबंधन को उम्मीद है कि फिर से राज्य में उनकी सरकार की वापसी होगी, वहीं तेजस्वी यादव की अगुवाई वाले महागठबंधन को उम्मीद है कि इस बार बिहार के लोग पुरानी नीतीश सरकार की जगह नई तेजस्वी सरकार देखेंगे।बहरहाल, दोनों धड़ों के जीत के अपने-अपने दावे और उसके पीछे की वजहें हैं लेकिन अंतिम परिणाम शुक्रवार को आने पर ही पता चल सकेगा कि किसके दावों में कितना दम था।



