
Bihar Elections: मोदी-शाह का आरजेडी पर डबल अटैक, कांग्रेस पर भी बरसे; तेजस्वी ने बीजेपी को घेरा
Bihar Elections Highlites: पीएम मोदी ने समस्तीपुर में आरजेडी और कांग्रेस पर जननायक कर्पूरी ठाकुर की पदवी चुराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कर्पूरी की वजह से ही आज वह यहां खड़े हैं।
Bihar Elections 2025 Highlites:: बिहार विधानसभा चुनाव में नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी पार्टियां प्रचार में जोर-शोर से जुट गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज समस्तीपुर में नीतीश कुमार के साथ एनडीए की चुनावी जनसभा को संबोधित किया, इसके बाद बेगूसराय में रैली की। पीएम ने कर्पूरी ठाकुर के गांव कर्पूरी ग्राम पहुंचकर जननायक को नमन किया। समस्तीपुर में मोदी ने आरजेडी और कांग्रेस पर कर्पूरी ठाकुर की जननायक पदवी चुराने का आरोप लगाया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बक्सर और सीवान में जनसभाएं हुईं । शाह पटना में रात रुकेंगे और कल तीन जगहों पर और रैलियां करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जेपी नड्डा भी बिहार दौरे पर हैं। भाजपा नेताओं के साथ बैठक के अलावा हाजीपुर में शाम को प्रबुद्धजन सम्मेलन में शिरकत करेंगे। दूसरी ओर, विपक्षी दलों के महागठबंधन में भी प्रचार अभियान की शुरुआत हो गई। तेजस्वी की पटना, वैशाली, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर जिलों में 5 जगहों पर रैलियां और कार्यक्रम हुए। उनके साथ वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी भी मौजूद रहे। सीपीआई माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने भी आरा से अपने प्रचार अभियान की शुरुआत की।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से जुड़े लेटेस्ट अपडेट्स यहां पढ़ें-
Bihar Elections LIVE 05:39 PM: महिला रोजगार योजना के तहत 20 लाख महिलाओं 10-10 हजार रुपए
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्य की 20 लाख महिलाओं को शुक्रवार को दस-दस हजार रुपये मिले। यह राशि उनके बैंक खाते में सीधे हस्तांतरित किये गये। इस तरह अब-तक इस योजना में एक करोड़ 41 लाख के खाते में राशि भेजी जा चुकी है। जीविका के पदाधिकारी ने बताया कि जिन महिलाओं के आवेदन छह सितंबर के पहले स्वीकृत कर दिये गये थे, उन महिलाओं को राशि भेजी गई है।
Bihar Elections LIVE 04:29 PM: घोटाले का आरोपी ही महागठबंधन का सीएम फेस; संजय झा ने आरजेडी को घेरा
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा है कि महागठबंधन ने आखिर तय कर लिया कि घोटाले का आरोपित ही उनका सीएम फेस होगा! देश में भ्रष्टाचार की पर्याय कांग्रेस पार्टी ने अपने फेल नेता को बिहार में जननायक बताने के लिए तमाम हथकंडे अपनाये, खूब तमाशा किया। लेकिन यह सब काम नहीं आया। तब कांग्रेस ने बिहार में भ्रष्टाचार के पर्याय परिवार के आगे फिर से समर्पण कर दिया। लालू यादव का का नाम लिये बगैर झा ने कहा कि प्रदेश में जंगलराज की स्थापना करने वाले जो नेता खुद को पिछड़े समाज का रहनुमा बताते नहीं थकते हैं, उन्हें बिहार की जनता को जरूर बताना चाहिए कि क्या उन्हें मुख्यमंत्री बनाने के लिए अपनी पत्नी और मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाने के लिए अपने पुत्र से अधिक योग्य पिछड़ा समाज का कोई दूसरा नेता नहीं मिला?
Bihar Elections LIVE 04:19 PM: बिहार को बिहारी चलाएगा, बाहरी नहीं; तेजस्वी ने बीजेपी को आड़े हाथ लिया, नीतीश पर दिखे नरम
बिहार चुनाव को लेकर शुक्रवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर से चुनाव प्रचार का शंखनाद किया। इस दौरान उन्होने नीतीश कुमार और एनडीए गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि बिहार को बिहारी ही चलाएगा, कोई बाहरी नहीं। हम बिहारी डरने वाले नहीं हैं। वहीं सीएम नीतीश कुमार के प्रति हमदर्दी भी जताई और कहा, हमारे चाचा नीतीश कुमार को भाजपा ने हाइजैक कर लिया है। उनके साथ नाइंसाफी की जा रही है।
Bihar Elections LIVE 03:00 PM: ओसामा को जीतने मत देना, शहाबुद्दीन का नाम लेकर आरजेडी पर बरसे शाह
सीवान में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शहाबुद्दीन का नाम लेकर आरजेडी पर हमला बोला। उन्होने कहा कि 20 साल सीवान के लोगों ने जंगलराज को सहा है। शहाबुद्दीन के खौफ को सहा है, लेकिन कभी झुका नहीं। सरेंडर नहीं किया। लेकिन एक बार फिर लालू यादव ने शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब को रघुनाथपुर से प्रत्याशी बनाया है। लेकिन आप लोग जीतने मत देना। इसी भूमि से लालू-राबड़ी को जवाब देना।
Bihar Elections LIVE 02:42 PM: मोदी बोले- सीताराम केसरी को कांग्रेस ने फुटपाथ पर फेंक दिया था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सीताराम केसरी का अपमान किया था। पीएम ने कहा,- उनकी आज पुण्यतिथि है। आज का दिन हमें याद दिलाता है कि कांग्रेस दलित और पिछड़ों के अधिकार छीनने के लिए क्या कर सकती है। सीताराम केसरी कांग्रेस के अध्यक्ष थे, बिहार का गर्व थे। गांधी परिवार ने सीताराम केसरी को उनके घर में बाथरूम में बंद कर दिया। उन्हें फुटपाथ पर फेंक दिया। गांधी परिवार ने कांग्रेस अध्यक्ष पद की चोरी कर ली।
Bihar Elections LIVE 02:27 PM: पीएम मोदी बोले- जंगलराज में बरौनी रिफाइनरी बदहाल रही
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में आरजेडी शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा, “जंगलराज के दौरान बरौनी रिफाइनरी को भी बदहाल ही रहने दिया गया था। हमने हजारों करोड़ रुपये के निवेश से इसे पुनर्जीवित किया। अब यहां एक नया पेट्रोकेमिकल प्लांट लग रहा है, जिससे प्लास्टिक उद्योग को मजबूती मिलेगी। छोटे और मध्यम उद्यमों का विकास होगा, जिससे युवाओं के लिए हजारों नए रोजगार पैदा होंगे। बरौनी डेयरी के विस्तार से हमारे पशुपालकों और कृषि उत्पादकों की कमाई बढ़ी है।”
Bihar Elections LIVE 02:19 PM: मोदी बोले- महागठबंधन वाले एक-दूसरे की खाल खींच रहे
पीएम नरेंद्र मोदी ने बेगूसराय में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में शामिल दल एक-दूसरे की खाल खींच रहे हैं। यह लठबंधन है।
Bihar Elections LIVE 02:07 PM-पीएम मोदी ने लोकगायिका शारदा सिन्हा को याद किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेगूसराय की चुनावी रैली में दिवंतगत भोजपुरी गायिका शारदा सिन्हा को याद करते हुए कहा कि वे बेगूसराय की बहू हैं। इस दौरान रैली में आए लोगों से ‘फिर एक बार एनडीए सरकार’ के नारे लगवाए।
Bihar Elections LIVE 02:02 PM- बेगूसराय पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
समस्तीपुर में चुनावी सभा के बाद अब बेगूसराय में पीएम मोदी पहुंचे हैं। जहां चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे हैं।
Bihar Elections LIVE 01:35 PM- अखिलेश यादव करेंगे बिहार में रैली, सपा के स्टार प्रचारकों की लिस्ट आई
समाजवादी पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 20 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है। इसमें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के अलावा, किरणमय नंदा, आजम खान, डिंपल यादव, अफजाल अंसारी, अवधेश प्रसाद, बाबू सिंह कुशवाहा, नरेश उत्तम पटेल, रमाशंकर विद्यार्थी राजभर, लालजी वर्मा, छोटेलाल खरवार, राजीव राय, सनातन पांडेय, इकरा हसन, प्रिया सरोज, लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद, तेज प्रताप सिंह यादव, ओम प्रकाश सिंह, काशीनाथ यादव और धर्मेंद्र सौलंकी का नाम शामिल है।
Bihar Elections LIVE 01:01 PM- जननायक की उपाधि चुराने में जुटी आरजेडी- मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि ये लोग कर्पूरी ठाकुर की जननायक पदवी चुराने की कोशिश में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा, “हम जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रेरणा से सुशासन को समृद्धि में बदल रहे हैं, लेकिन दूसरी तरफ आरजेडी और कांग्रेस वाले क्या कर रहे हैं और क्या कह रहे हैं ये आपको मुझसे ज्यादा पता है। ये हजारों करोड़ रुपए के घोटालों में जमानत पर चल रहे लोग हैं। और जो जमानत पर है वो चोरी के मामले में जमानत पर है। इनकी चोरी की आदत ऐसी है कि अब जननायक की उपाधि की चोरी करने में जुटे हैं। बिहार के लोग जननायक कर्पूरी बाबू का ये अपमान कभी नहीं सहेंगे।”
Bihar Elections LIVE 12:54 PM- पीएम बोले- आरजेडी और कांग्रेस वाले झूठ के नए रिकॉर्ड बना रहे
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमने लोगों के बैंक खाते खुलवाए। सरकारी योजनाएं के पैसे अब सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में जमा हो रहे हैं। उन्होंने कहा- जंगलराज वालों के राज में लोगों तक उनका पैसा नहीं पहुंच पाता था। बीच में ही खा जाते थे। एनडीए बिहार को समृद्ध बनाने में जुटी है। आरजेडी और कांग्रेस को अपने-अपने परिवारों के राजनीतिक भविष्य की ही चिंता है। इसलिए वे बिहार के नौजवानों के सामने झूठ के नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। युवा इस पर विश्वास नहीं करेंगे। बिहार आर्यभट्ट की धरती है। यहां के युवा सारा गुणा-गणित समझता है। आरजेडी और कांग्रेस का विकास से छत्तीस का आंकड़ा है। इनके शासन में कानून व्यवस्था ठीक हो ही नहीं सकती। आरजेडी के जंगलराज ने बिहार की कई पीढ़ियों को बर्बाद कर दिया।
Bihar Elections LIVE 12:45 PM- मोदी बोले- हमने डेटा सस्ता किया तो रील्स बनाकर कमाई कर रहे युवा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समस्तीपुर की जनसभा में लोगों से अपने मोबाइल फोन की फ्लैश लाइट जलाने के लिए कहा। फिर पीएम ने कहा कि जब सबके पास इतनी लाइट है तो फिर लालटेन (आरजेडी का चुनाव चिह्न) की क्या जरूरत है। मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि 1 GB डेटा एक कप चाय से सस्ता मिल रहा है। सस्ते डेटा का फायदा बिहार के नौजवानों ने उठाया है। ये जो रील्स पर रील्स बन रही है, सारी क्रिएटिविटी दिख रही है, उसमें भाजपा और एनडीए की नीतियों का बहुत बड़ा योगदान है। युवा इंटरनेट से अच्छी कमाई भी कर रहे हैं।
Bihar Elections LIVE 12:41 PM- कांग्रेस सरकार से 3 गुना ज्यादा पैसा बिहार को एनडीए सरकार ने दिया- मोदी
कांग्रेस की सरकार में जितना पैसा केंद्र से बिहार को मिला था, उससे तीन गुना ज्यादा भाजपा-एनडीए की सरकार में मिला है। इससे तेजी से विकास का काम हो रहा है। बिहार में वंदे भारत जैसी ट्रेनें चल रही हैं। दरभंगा में एयरपोर्ट बना। बिजली के नए-नए कारखाने लग रहे हैं। नई रेलवे लाइन बन रही हैं। ज्यादा से ज्यादा निवेशक बिहार आकर फैक्ट्री लगाना चाहते हैं। वो समय दूर नहीं जब बिहार के जिले-जिले में युवाओं की स्टार्टअप कंपनियां होंगी।
Bihar Elections LIVE 12:37 PM- मोदी का दावा- यूपीए सरकार में कांग्रेस को डराती थी आरजेडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दावा किया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में एनडीए प्रचंड बहुमत के साथ जीतेगा। इस बार एनडीए को बिहार सबसे बड़ा जनादेश देगा। उन्होंने कहा कि वो साल 2005 का अक्टूबर का महीना ही था जब बिहार ने आरजेडी के जंगलराज से मुक्ति पाई थी और नीतीश का सुशासन शुरू हुआ था। इसके बाद भी 10 साल तक केंद्र में आरजेडी और कांग्रेस की (यूपीए) सरकार रही। आरजेडी बिहार के लोगों से बदला लेती रही कि उन्होंने नीतीश को वोट क्यों दिया। आरजेडी वाले कांग्रेस को धमकाते थे कि अगर बिहार में नीतीश की एक भी बात मानी, कोई प्रोजेक्ट दिया तो समर्थन हटा देंगे।
Bihar Elections LIVE 12:30 PM- कर्पूरी के दिखाए रास्ते पर सामाजिक न्याय दे रही सरकार- मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए कहा कि हमने गरीब, दलित, पिछड़े और अति पिछड़ों को प्राथमिकता दी। कर्पूरी ठाकुर के सामाजिक न्याय के दिखाए रास्ते को भाजपा और एनडीए ने सुशासन का रास्ता बनाया। हमारी सरकार ने ही सामान्य वर्ग के गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला लिया है। एससी-एसटी आरक्षण को 10 साल के लिए आगे बढ़ाया।
Bihar Elections LIVE 12:27 PM- मोदी बोले- कर्पूरी ठाकुर की वजह से आज हम यहां खड़े हैं
प्रधानमंत्री ने समस्तीपुर रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यहां आने से पहले वह कर्पूरी ग्राम गए। वहां भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को नमन करने का अवसर मिला। हम जैसे पिछड़े और गरीब परिवारों से निकले लोग इस मंच पर खड़े हैं, आजाद भारत में सामाजिक न्याय लाने में कर्पूरी ठाकुर की भूमिका बहुत बड़ी रही है। वे मां भारती के अनमोल रत्न थे। हमारी सरकार को उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने का सौभाग्य मिला।
Bihar Elections LIVE 12:23 PM- पीएम मोदी ने मिथिला से की भाषण की शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिथिला भाषा में अपने भाषण की शुरुआत की। पीएम ने कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी गुजरात में खपाई है, लेकिन दिवाली के दो दिन बाद इनके आधे लोग भी इकट्ठा करने हों तो संभव नहीं है। त्योहार के बीच इतनी भीड़ का आना बड़ी बात है। उन्होंने सभा में आए सभी लोगों का धन्यवाद किया।
Bihar Elections LIVE 12:20 PM- मोदी की रैली में एनडीए ने दिया एकजुटता का संदेश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भाषण खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत एनडीए के अन्य नेता अपनी कुर्सी से खड़े हो गए। सभी ने एक दूसरे के हाथ पकड़कर उठाया और एनडीए में एकजुटता का संदेश दिया। इस दौरान लोजपा-आर के अध्यक्ष चिराग पासवान, हम सुप्रीमो जीतनराम मांझी और आरएलएम चीफ उपेंद्र कुशवाहा मौजूद रहे।
Bihar Elections LIVE 12:15 PM- लालू पर फायर हुए नीतीश, बोले- अब कोई दाएं-बाएं नहीं करेंगे
सीएम नीतीश कुमार ने आरजेडी के शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि 15 साल उन्हें सत्ता चलाने का मौका मिला था। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का नाम लिए बिना उन्होंने आरोप लगाए कि वह अपने परिवार के लिए काम करते हैं। जब उन्हें हटाया गया तो अपनी पत्नी (राबड़ी देवी) को मुख्यमंत्री बना दिया गया था। दो बार बीच में हम गलती से उनके साथ गए तो गड़बड़ करने लगे। सीएम ने कहा कि अब कोई दाएं-बाएं नहीं करेंगे। उन्होंने लोगों से इधर-उधर दूसरों को वोट नहीं देने की अपील की।
Bihar Elections LIVE 12:12 PM- नीतीश बोले- मोदी के नेतृत्व में बिहार में बहुत काम हो रहा है
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बहुत काम हो रहा है। बिहार में एनडीए सरकार के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य सभी क्षेत्रों में काम हो रहा है। महिलाओं के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं। महिला रोजगार योजना के तहत अब तक 1 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को 10-10 हजार रुपये दिए जा चुके हैं।
Bihar Elections LIVE 12:05 PM- समस्तीपुर रैली के मंच पर पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समस्तीपुर में भाजपा की चुनावी रैली के मंच पर पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी एवं चिराग पासवान समेत एनडीए के अन्य प्रमुख नेता भी मंच पर मौजूद हैं।
Bihar Elections LIVE 11:50 AM- महागठबंधन पर चिराग पासवान बोले- ये मुसलमानों की बात करेंगे लेकिन...
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा- ये मुसलमानों की बात करेंगे। जब प्रतिनिधित्व की बात आएगी तो नहीं देंगे। उन्हें डरा-धमकाकर अपने साथ रखेंगे। मुकेश सहनी का अपना समझौता कर लिया, खुद डिप्टी सीएम के बनने की घोषणा हो गई। लेकिन, सीटें मिले नहीं मिले, अपने समाज के लोगों को लड़ा पाएं या नहीं। ये सभी अपनी व्यक्तिगत महात्वाकांक्षा में लगे हुए हैं।
Bihar Elections LIVE 11:27 AM- मोदी ने कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्पूरी ग्राम पहुंचकर जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री एवं कर्पूरी के बेटे रामनाथ ठाकुर भी मौजूद रहे। पीएम ने बिहार के पूर्व सीएम कर्पूरी ठाकुर के परिजन से बातचीत की।
Bihar Elections LIVE 11:22 AM- कर्पूरी ग्राम पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समस्तीपुर जिले के कर्पूरी ग्राम पहुंच गए हैं। यहां जननायक कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि देने के बाद वे समस्तीपुर में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।
Bihar Elections LIVE 11:18 AM- तेजस्वी बोले- मैं मुख्यमंत्री बना तो, बिहार के लोग भी 'CM' बनेंगे
पटना स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष ने आज सुबह कहा- तेजस्वी टूटी-फूटी और झूठी बातें नहीं करते हैं, जो कहते हैं वो करते हैं। उन्होंने कहा कि मैं जुबान का पक्का हूं। अगर तेजस्वी सीएम बनेगा तो बिहार के लोग भी CM यानी चिंता मुक्त (Chinta Mukt) बनेंगे।
Bihar Elections LIVE 10:58AM- मुकेश सहनी भाजपा से बोले- मुसलमानों की चिंता करने की जरूरत नहीं
अल्पसंख्यक वर्ग से महागठबंधन में डिप्टी सीएम फेस नहीं बनाए जाने के सवाल पर वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने भाजपा पर निशाना साधा है। सहनी ने पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा को इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है। मुसलमानों की हमें फिक्र है। भाजपा को अपने नेता शाहनवाज हुसैन की फिक्र करनी चाहिए।
Bihar Elections LIVE 10:33 AM- तेजस्वी यादव प्रचार पर निकले, सहनी और आईपी गुप्ता साथ
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव चुनाव प्रचार के लिए निकल गए हैं। उन्होंने वीआईपी चीफ मुकेश सहनी और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के आईपी गुप्ता के साथ हेलिकॉप्टर में बैठे हुए फोटो अपने एक्स अकाउंट पर शेयर की है। तेजस्वी ने लिखा- उत्साह, उमंग, उम्मीद और विश्वास के साथ मंजिल की तरफ बढ़ते कदम!
Bihar Elections LIVE 10:22 AM- बिहार आने से पहले ठीक पहले मोदी का पोस्ट, छठ पर की ये डिमांड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार आने से ठीक पहले सोशल मीडिया पोस्ट शेयर की है। इसमें उन्होंने भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर को नमन किया। साथ ही लोगों से छठी मइया के गीत शेयर करने की भी अपी की। पीएम ने लिखा, "आज समस्तीपुर में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने का सौभाग्य प्राप्त होगा। फिर दोपहर करीब 12:15 बजे वहां के अपने परिवारजनों से संवाद का सुअवसर मिलेगा। इसके बाद लगभग 2 बजे बेगूसराय की जनसभा में अपने भाई-बहनों का आशीर्वाद प्राप्त करूंगा। बिहार की जनता-जनार्दन का जोश और उत्साह बताता है कि इस बार के विधानसभा चुनावों में भी भाजपा-एनडीए को प्रचंड जीत मिलने जा रही है।"
उन्होंने आगे कहा "प्रकृति और संस्कृति को समर्पित महापर्व छठ आने वाला है। बिहार सहित देशभर में इसकी तैयारियों में श्रद्धालु पूरे भक्ति-भाव से जुट चुके हैं। छठी मइया के गीत इस पावन अवसर की भव्यता और दिव्यता को और बढ़ाने वाले होते हैं। आपसे आग्रह है कि आप भी छठ पूजा से जुड़े गीत मेरे साथ शेयर करें। मैं अगले कुछ दिनों तक इन्हें सभी देशवासियों के साथ साझा करूंगा।"
Bihar Elections LIVE 10:12 AM- थोड़ी देर में बिहार पहुंचेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थोड़ी देर में बिहार पहुंचने वाले हैं। समस्तीपुर जिले के कर्पूरी ग्राम में पहुंचकर वे जननायक कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित करके नमन करेंगे। फिर समस्तीपुर में भाजपा की चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। दोपहर में उनकी बेगूसराय में जनसभा होगी।





