
तुम्हारी हाय लगी, तुम्हारे कारण हारे; रोहिणी और तेजस्वी के चप्पल कांड की इनसाइड स्टोरी लीक
सूत्रों के अनुसार, तेजस्वी और रोहिणी के बीच तीखी बहसबाजी हुई। तेजस्वी ने हार के लिए अपनी बहन को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि उसकी हाय लग गई। तेजस्वी ने रोहिणी से कहा कि तुम्हारे कारण हम चुनाव हार गए, तुम्हारा हाय हम लोगों को लग गया।
Bihar election result: बिहार विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद लालू प्रसाद यादव के परिवार में भूचाल आ गया है। तेज प्रताप, रोहिणी आचार्य समेत अन्य तेजस्वी और संजय यादव से नाराज हैं। शनिवार को यह मामला तब और बढ़ गया जब लालू और राबड़ी आवास में तेजस्वी ने हार के लिए रोहिणी को जिम्मेदार ठहरा दिया। यहां तक कि उन्होंने चप्पल भी रोहिणी पर फेंकी, जिसके बाद घर की चारदीवारी के भीतर चल रहा झगड़ा सड़क पर आ गया। रोहिणी ने न सिर्फ राजनीति छोड़ने की घोषणा की, बल्कि परिवार से भी नाता तोड़ लिया।
एनडीटीवी ने सूत्रों के हवाले से इनसाइड स्टोरी बताई है कि आखिर शनिवार को दोपहर में उस समय क्या हुआ था, जब रोहिणी आचार्य के ऊपर चप्पल फेंकी गई। सूत्रों के अनुसार, तेजस्वी और रोहिणी के बीच तीखी बहसबाजी हुई। तेजस्वी ने हार के लिए अपनी बहन को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि उसकी हाय लग गई। सूत्रों के अनुसार, बहसबाजी के दौरान तेजस्वी ने रोहिणी से कहा, ''तुम्हारे कारण हम चुनाव हार गए, तुम्हारा हाय हम लोगों को लग गया।'' इसके बाद उन्होंने रोहिणी पर चप्पल भी फेंकीं।
इस घटनाक्रम के बाद ही रोहिणी ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट लिखा कि वह राजनीति छोड़ रही हैं और परिवार से भी नाता तोड़ रहीं। यही संजय और रमीज ने उनसे करने को कहा। मैं सारा दोष लेती हूं। इसके बाद रात में भी रोहिणी ने पत्रकारों से बात की और कहा कि मेरा कोई परिवार नहीं है, आप जाकर तेजस्वी, संजय और रमीज से पूछिए। वे ही हमें परिवार से निकाले हैं, क्योंकि उन्हें जिम्मेदारी नहीं लेनी है। पूरी दुनिया बोल रही है जो चाणक्य बनेगा, उसी से सवाल पूछेंगे। कार्यकर्ता चाणक्य से सवाल कर रही है कि पार्टी का यह हाल क्यों हुआ। जब संजय, रमीज का नाम लेंगे तो घर से निकाल दिया जाएगा, बदनाम किया जाएगा और चप्पल उठाकर मारा जाएगा।
इसके बाद, रोहिणी ने रविवार को फिर से एक पोस्ट करते कहा कि कल मुझे गालियों के साथ बोला गया कि मैं गंदी हूं और मैंने अपने पिता को अपनी गंदी किडनी लगवा दी , करोड़ों रुपए लिए, टिकट लिया तब लगवाई गंदी किडनी। सभी बेटी- बहन , जो शादीशुदा हैं उनको मैं बोलूंगी कि जब आपके मायके में कोई बेटा- भाई हो , तो भूल कर भी अपने भगवान रूपी पिता को नहीं बचाएं , अपने भाई, उस घर के बेटे को ही बोले कि वो अपनी या अपने किसी हरियाणवी दोस्त की किडनी लगवा दे। उन्होंने आगे कहा कि सभी बहन - बेटियां अपना घर - परिवार देखें, अपने माता - पिता की परवाह किए बिना अपने बच्चे , अपना काम, अपना ससुराल देखें, सिर्फ अपने बारे में सोचें। मुझसे तो ये बड़ा गुनाह हो गया कि मैंने अपना परिवार, अपने तीनो बच्चों को नहीं देखा , किडनी देते वक्त न अपने पति, न अपने ससुराल से अनुमति ली .. अपने भगवान, अपने पिता को बचाने के लिए वो कर दिया जिसे आज गंदा बता दिया गया, आप सब मेरे जैसी गलती , कभी , ना करे किसी घर रोहिणी जैसी बेटी ना हो।

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन को डिजिटल मीडिया में आठ साल से अधिक का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में यह दूसरी पारी है। राजनीतिक विषयों पर लिखने में अधिक रुचि है। नेशनल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स, यूटीलिटी, एजुकेशन समेत विभिन्न बीट्स में काम किया है। लगभग सभी प्रमुख अखबारों के संपादकीय पृष्ठ पर 200 से अधिक आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं। खाली समय में लॉन टेनिस खेलना पसंद है।
और पढ़ें



