
विकसित बिहार में विश्वास रखने वालों की जीत, एनडीए की प्रचंड जीत पर अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि मैं बिहार की जनता और विशेषकर हमारी माताओं-बहनों को आश्वस्त करता हूं कि जिस आशा और विश्वास के साथ आपने एनडीए को यह जनादेश दिया है, मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए सरकार उससे अधिक समर्पण से उसे पूरा करेगी
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली बंपर जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार शाम को प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा है कि यह विकसित बिहार में विश्वास रखने वाले हर बिहारवासी की जीत है। उन्होंने कहा, ''जंगलराज और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले किसी भी भेष में आएं, उन्हें लूटने का मौका नहीं मिलेगा। जनता अब सिर्फ और सिर्फ पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस के आधार पर जनादेश देती है।''
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''पीएम मोदी और नीतीश कुमार व एनडीए के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं। साथ ही, अपने अथक परिश्रम से इस परिणाम को चरितार्थ करने वाले बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक के बिहार बीजेपी के सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन करता हूं। मैं बिहार की जनता और विशेषकर हमारी माताओं-बहनों को आश्वस्त करता हूं कि जिस आशा और विश्वास के साथ आपने एनडीए को यह जनादेश दिया है, मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए सरकार उससे अधिक समर्पण से उसे पूरा करेगी।''
वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी जीत पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिहार के जनता के बहुत-बहुत प्रणाम। जय सिया राम। बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को मिला ऐतिहासिक जनसमर्थन आदरणीय प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री नीतीश के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की विकासोन्मुखी एवं जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता-जनार्दन के विश्वास की मुहर है। यह प्रचंड बहुमत इसका प्रमाण है कि बिहार के हमारे भाई-बहनों ने महागठबंधन के जंगलराज और भ्रष्टाचार को पूर्णत: नकारकर एनडीए के सुशासन, स्थिरता और विकास के आयामों को स्वीकारा है। यह अभूतपूर्व जनादेश 'विकसित बिहार – विकसित भारत' के हमारे संकल्प को साकार स्वरूप प्रदान करेगा। इस ऐतिहासिक विजय हेतु एनडीए दलों के सभी सदस्यों और बिहार बीजेपी के समर्पित एवं कर्मठशील कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई देता हूं व बिहार वासियों का अभिनंदन करता हूं।
बिहार में एनडीए की डबल सेंचुरी
बिहार चुनाव के नतीजों में एनडीए ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है। एनडीए ने डबल सेंचुरी लगाते हुए 206 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। शाम पौने पांच बजे के आंकड़े के अनुसार, एनडीए 206 सीटों पर आगे चल रहा, जिसमें से 15 पर जीत मिल चुकी है, जबकि महागठबंधन महज 30 सीटों पर ही बढ़त बनाए हुए है। इसमें से वह एक पर जीता है, जबकि 29 पर आगे चल रहा। भाजपा 91 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनती दिख रही।

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन को डिजिटल मीडिया में आठ साल से अधिक का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में यह दूसरी पारी है। राजनीतिक विषयों पर लिखने में अधिक रुचि है। नेशनल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स, यूटीलिटी, एजुकेशन समेत विभिन्न बीट्स में काम किया है। लगभग सभी प्रमुख अखबारों के संपादकीय पृष्ठ पर 200 से अधिक आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं। खाली समय में लॉन टेनिस खेलना पसंद है।
और पढ़ें



